Homeउत्तर प्रदेशजौनपुरगैस सिलेंडर की बढ़ती किल्लत के विरोध में,जौनपुर में आप का...

गैस सिलेंडर की बढ़ती किल्लत के विरोध में,जौनपुर में आप का जोरदार प्रदर्शन

JAUNPUR NEWS जौनपुर: देश में लगातार बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि तथा गैस की किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर शनिवार को जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर में ₹120 की बढ़ोतरी गरीब और मध्यम वर्ग पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता की कमर टूट चुकी है और छोटे व्यापारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। गैस की किल्लत के कारण होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारी प्रभावित हो रहे हैं।

जिला उपाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने इस संकट से निपटने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई है। अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसका बोझ महंगाई के रूप में जनता पर पड़ रहा है।

महिला प्रकोष्ठ की जिला उपाध्यक्ष वंदना मिश्रा ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का सबसे अधिक असर देश की महिलाओं और गृहिणियों पर पड़ रहा है। आज गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए रसोई चलाना कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को महिलाओं और परिवारों की समस्याओं को समझते हुए रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी देने और गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

आप नेताओं ने आरोप लगाया कि गैस और ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ छोटे और मध्यम उद्योगों पर भी गंभीर आर्थिक दबाव पड़ रहा है और बेरोजगारी बढ़ रही है।

पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई वृद्धि तत्काल वापस ली जाए, पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए, गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार ठोस और जवाबदेह नीति घोषित करे।

आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने बढ़ती महंगाई और गैस की कीमतों के मुद्दे पर जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो पार्टी देशभर में जन आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।

इस दौरान विजय सिंह बागी, महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष वंदना मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष श्वेता चौधरी, अमित विश्वकर्मा, कमलेश भारती, नंदलाल प्रधान, सुभाष गौतम, दिनेश प्रधान, सुशीला देवी, पूनम, विकास चंद्र यादव, भैया लाल, हितेश कुमार उपाध्याय, आनंद यादव, विनोद कुमार, पप्पू लाल बिन्द, राजकुमार कनौजिया, विद्याधर मिश्र, संजय पाल, मनोज, आशुतोष मौर्य, अमरपाल यादव, राजू विश्वकर्मा, राजेश यादव सहित अनेक कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments