Home Blog

सापट टूटने से बीच सड़क खड़ा हुआ राखड़ लदा ट्रक,लगा जाम

0

खेतासराय-खुटहन मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित

खेतासराय (जौनपुर): खेतासराय-खुटहन मुख्य मार्ग पर शनिवार की तड़के राखड़ लदा ट्रक बीच सड़क पर खराब हो जाने से आवागमन बाधित हो गया। ट्रक का सापट टूटने के कारण वह ऋषि तालाब के समीप अचानक सड़क पर खड़ा हो गया। पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी रुक गए, जिससे मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

जानकारी के अनुसार सिंगरौली से राखड़ लादकर एक ट्रक क्षेत्र के खुदौली में निर्माणाधीन बाईपास के लिए जा रहा था। खेतासराय चौराहे से खुटहन मार्ग की ओर मुड़ने के बाद ऋषि तालाब के समीप अचानक ट्रक का सापट टूट गया। इससे ट्रक बीच सड़क पर खड़ा हो गया। देखते ही देखते पीछे वाहनों की कतार लग गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को धीरे-धीरे पास कराकर आवागमन सुचारु कराने का प्रयास किया। मिर्जापुर निवासी ट्रक चालक रामलल्लन ने बताया कि सापट मंगवाकर मैकेनिक से लगवाया गया। इसके बाद ट्रक को सड़क से हटाकर आगे रवाना किया जा सका। इस दौरान करीब एक घंटे तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।

आंधी में हाईवे किनारे पेड़ गिरा, आवागमन प्रभावित

0

गनीमत रही, पेड़ गिरने के समय नहीं हुई कोई जनहानि

खेतासराय (जौनपुर): शनिवार को तेज आंधी के चलते वाराणसी-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित आज़ाद रेलवे क्रासिंग के समीप एक पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। सड़क पर पेड़ गिरने की सूचना से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

आंधी के दौरान पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि गनीमत रही कि जिस समय पेड़ गिरा, उस वक्त उसकी चपेट में कोई वाहन या राहगीर नहीं आया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। पेड़ गिरने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क से उसे हटाने का प्रयास किया, जिससे आवागमन सामान्य हो सका।

बारिश के बीच लखनऊ में गूंजी पुरानी पेंशन बहाली और निजीकरण समाप्ति की मांग

0

जौनपुर से हजारों शिक्षक-कर्मचारियों ने इको गार्डन पहुंचकर दर्ज कराई सहभागिता

बारिश के बीच लखनऊ में गूंजी पुरानी पेंशन बहाली और निजीकरण समाप्ति की मांग

जौनपुर। भयंकर बारिश के बावजूद पुरानी पेंशन बहाली एवं निजीकरण समाप्ति की मांग को लेकर शिक्षक-कर्मचारियों का उत्साह और एकजुटता कमजोर नहीं पड़ी। जौनपुर जनपद से बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी अपने-अपने घरों से निकलकर लखनऊ स्थित इको गार्डन पहुंचे और आयोजित जनसमागम में अपनी मांगों को मजबूती से उठाया।

बारिश की लगातार होती बूंदों के बीच भी शिक्षक-कर्मचारियों का उत्साह देखते ही बना। जनसमागम में पुरानी पेंशन बहाली तथा निजीकरण की समाप्ति को लेकर आवाज बुलंद की गई। उपस्थित कर्मचारियों ने कहा कि उनके अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े इन मुद्दों को लेकर संघर्ष और एकजुटता निरंतर जारी रहेगी।

जौनपुर से पहुंचे शिक्षक-कर्मचारियों का नेतृत्व मंडल उपाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव ने किया। रमेश चंद्र यादव पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। इस अवसर पर मांडलिक महामंत्री संदीप चौधरी, जिला महामंत्री इंदु प्रकाश यादव, जिला संयोजक चंदन सिंह, जिला कोषाध्यक्ष नंदलाल पुष्पक, डॉ. राजेश उपाध्याय, सुभाष सरोज, टी.एन. यादव,अरविंद यादव ,संदीप यादव,सुरेंद्र सरोज ,प्रदीप चौहान, प्रमोद प्रजापति, मनीष यादव, आनंद स्वरूप, शेरबहादुर, आशीष लोहिया, प्रदीप उपाध्याय, कृपानिधि, लालबहादुर यादव, के.के. गुप्ता, नागेंद्र, लालचंद, गौरव यादव, संदीप यादव, विवेक सिंह एवं रोहित सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर इंदु प्रकाश यादव, जिला महामंत्री अटेवा जौनपुर ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली और निजीकरण की समाप्ति शिक्षक-कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर शिक्षक-कर्मचारी संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज लगातार उठाते रहेंगे।

भारी बारिश के बावजूद इको गार्डन में जुटी शिक्षक-कर्मचारियों की बड़ी संख्या ने कार्यक्रम में उत्साह और एकजुटता का वातावरण बनाया। जौनपुर से हुई व्यापक सहभागिता को शिक्षक-कर्मचारी संगठन की सक्रियता और संगठनात्मक एकजुटता के रूप में देखा गया।

एक पखवाड़े से बीएसएनएल नेटवर्क फेल, उपभोक्ता हलकान

0
एक पखवाड़े से बीएसएनएल नेटवर्क फेल, उपभोक्ता हलकान
एक पखवाड़े से बीएसएनएल नेटवर्क फेल, उपभोक्ता हलकान

कॉल ड्रॉप और इंटरनेट की बदहाल सेवा से बढ़ी मुश्किलें, जरूरी कामकाज पर पड़ रहा असर

खेतासराय (जौनपुर):* कस्बे में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था पिछले करीब एक पखवाड़े से बेपटरी है। नेटवर्क की लगातार खराबी ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मोबाइल में सिग्नल दिखाई देने के बावजूद कॉल न लगना, बातचीत के दौरान बार-बार कॉल ड्रॉप होना और इंटरनेट की बेहद धीमी रफ्तार से उपभोक्ताओं में मायूसी और नाराजगी है। लम्बे समय से जारी इस अव्यवस्था के कारण बीएसएनएल उपभोक्ताओं की रोजमर्रा की संचार व्यवस्था मानो ठहर सी गई है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि मोबाइल फोन आज जिन्दगी की बुनियादी जरूरत बन चुका है। ऐसे में नेटवर्क की बदहाली ने सिर्फ बातचीत ही नहीं, बल्कि कई जरूरी कामों को भी प्रभावित कर दिया है। किसी को जरूरी फोन करना हो तो पहले कई बार नेटवर्क का इंतजार करना पड़ता है। कॉल लग भी जाए तो बातचीत के बीच अचानक सम्पर्क टूट जाता है। कई उपभोक्ताओं के लिए यह स्थिति लगातार परेशानी और झुंझलाहट का सबब बनी हुई है।

सिग्नल दिखता है, मगर सम्पर्क नहीं होता

सबसे अधिक परेशानी इस बात को लेकर है कि मोबाइल स्क्रीन पर नेटवर्क के सिग्नल दिखाई देते हैं, लेकिन कॉल करने पर कनेक्शन नहीं हो पाता। कई बार नम्बर मिलाने के बाद कॉल कट जाती है तो कई बार सामने वाले तक आवाज पहुंचने में दिक्कत होती है। बातचीत के दौरान आवाज टूटने और कॉल ड्रॉप होने से जरूरी संवाद भी अधूरा रह जाता है। इससे उपभोक्ताओं को बार-बार फोन मिलाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

धीमा इंटरनेट बना मुसीबत

नेटवर्क की खराबी का असर इंटरनेट सेवा पर भी साफ दिखाई दे रहा है। इंटरनेट की रफ्तार इतनी धीमी हो जा रही है कि सामान्य ऑनलाइन कार्य करने में भी काफी वक्त लग रहा है। ऑनलाइन भुगतान, बैंकिंग, जरूरी दस्तावेज डाउनलोड करने, सन्देश भेजने तथा अन्य डिजिटल सेवाओं के इस्तेमाल में उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। डिजिटल दौर में इंटरनेट की इस बदहाल स्थिति ने लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।

दूसरे नेटवर्क का लेना पड़ रहा सहारा

स्थानीय उपभोक्ताओं के मुताबिक लगातार खराब सेवा के कारण कई लोग जरूरी बातचीत और ऑनलाइन काम के लिए दूसरे मोबाइल नेटवर्क का सहारा लेने को मजबूर हैं। जिन उपभोक्ताओं ने बीएसएनएल की सेवा पर भरोसा कर रखा है, उनके सामने अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर कब तक इस तकनीकी दुश्वारी का सामना करना पड़ेगा। उपभोक्ताओं का कहना है कि नेटवर्क जैसी बुनियादी सेवा में इतने लंबे समय तक खलल रहना चिंता का विषय है। शिकायत और उम्मीद के बीच उपभोक्ता लगातार परेशान हैं। उनका कहना है कि मोबाइल नेटवर्क सिर्फ फोन पर बातचीत का जरिया नहीं, बल्कि आज शिक्षा, कारोबार, बैंकिंग और जरूरी सूचनाओं तक पहुंच का अहम माध्यम बन चुका है।

उपभोक्ताओं में नाराजगी, जल्द समाधान की मांग

करीब एक पखवाड़े से चली आ रही नेटवर्क की इस समस्या को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर नेटवर्क व्यवस्था की तकनीकी खामी को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि अब निर्बाध और बेहतर नेटवर्क सेवा की दरकार है, ताकि मोबाइल और इंटरनेट से जुड़े जरूरी काम बिना किसी रुकावट के हो सकें। इस सबन्ध में टीडीएम अंकुर तिवारी ने बताया कि एयरटेल द्वारा कार्य किया गया, जिससे हमारी केबल कट गई है, टीम द्वारा फाल्ट को ढूढ़ लिया गया है, रात तक या फिर कल तक समस्या का समाधान हो जाएगा।

नागेन्द्र प्रताप बने अटेवा बरसठी अध्यक्ष और शैलेन्द्र कुमार महामंत्री

0


Jaunpur News: अटेवा पेंशन बचाओ मंच जौनपुर के ब्लॉक इकाई बरसठी का अध्यक्ष नागेन्द्र प्रताप एवं शैलेन्द्र कुमार महामंत्री निर्वाचित हुए। सरोज यादव अटेवा बरसठी महिला विंग की अध्यक्ष निर्वाचित हुई। अटेवा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष सतेंद्र राय , प्रदेश सह संयोजक महिला विंग डॉ यामिनी सिंह, मण्डल उपाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव एवं माण्डलिक महामंत्री सन्दीप कुमार चौधरी की गरिमामय उपस्थिति में तथा जिला संयोजक चन्दन सिंह, जिला महामंत्री इन्दु प्रकाश यादव , जिला कोषाध्यक्ष नन्द लाल पुष्पक के नेतृत्व में ब्लॉक इकाई बरसठी का पुनर्गठन किया गया। पुनर्गठन प्रभारी सुबाष सरोज, प्रमोद कुमार प्रजापति एवं विनोद कुमार यादव रहे। पुनर्गठन कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रत्ती लाल निषाद को संरक्षक, अनुज पाण्डेय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कृष्ण कुमार राय कोषाध्यक्ष, सूर्यमणि एवं विवेक शुक्ल उपाध्यक्ष, संतोष कुमार कैडर प्रभारी, राजीव मौर्य सह कैडर प्रभारी, अमरजीत यादव एवं राजेंद्र प्रसाद प्रवक्ता, वीरेंद्र कुमार एवं जय सिंह संगठन मंत्री, शैलेष कुमार पांडेय एवं अफसर अली मीडिया प्रभारी, सुनील कुमार सोशल मीडिया प्रभारी, बसन्त लाल सरोज, दिलीप प्रजापति एवं परमेश्वर संयुक्त मंत्री तथा रोहित कुमार प्रचार मंत्री निर्वाचित हुए।

नागेन्द्र प्रताप बने अटेवा बरसठी अध्यक्ष और शैलेन्द्र कुमार महामंत्री

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सतेंद्र राय ने 25 सितम्बर को अधिक से अधिक लखनऊ चलने का आवाह्न किया, प्रदेश सह संयोजिका महिला विंग डॉ यामिनी सिंह ने मातृ शक्तियों का आवाह्न किया कि अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुँचकर पेंशन आंदोलन को सम्बल प्रदान करें,मण्डल उपाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव ने संगठित होकर पेंशन आंदोलन मजबूती प्रदान करने का आवाह्न किया , माण्डलिक महामंत्री सन्दीप चौधरी ने अटेवा के संघर्ष गौरव से परिचय कराया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ श्याम सुंदर उपाध्याय , जिला उपाध्यक्ष डॉ राजेश उपाध्याय,जिला कैडर प्रभारी टी यन यादव, सह कैडर प्रभारी प्रदीप चौहान, जिला आई टी सेल प्रभारी अखिलेश सिंह, अध्यक्ष सिकरारा डॉ कृपा निधि यादव, अध्यक्ष करंजाकला प्रदीप उपाध्याय, अध्यक्ष मछलीशहर अखिलेश यादव, अध्यक्ष रामनगर शेर बहादुर,अध्यक्ष रामपुर माणिक चन्द्र पटेल, .. एवं विकास खण्ड बरसठी के सैकड़ों शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आशीष यादव, डॉ कृपा निधि यादव एवं ओमप्रकाश अम्बेडकर ने अपने गीतों के माध्यम से कार्यक्रम को खुशनुमा और उत्साहवर्धक बनाये रखा। कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन मंत्री सुबाष सरोज एवं जिला कोषाध्यक्ष नन्द लाल पुष्पक ने किया।

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर 25 सितंबर लखनऊ चलो अभियान तेज, शाहगंज में 50 शिक्षकों ने ली सदस्यता

0

जौनपुर/शाहगंज: पुरानी पेंशन बहाली के लिए 25 सितंबर 2026 को लखनऊ में प्रस्तावित विशाल शिक्षक-कर्मचारी रैली को सफल बनाने हेतु अटेवा पेंशन बचाओ मंच, जौनपुर के जिला महामंत्री इंदु प्रकाश यादव जी के नेतृत्व में सदस्यता, जागरूकता सहयोग अभियान निरंतर जारी है।

इसी क्रम में आज शाहगंज ब्लॉक के रानीमऊ न्याय पंचायत अंतर्गत पी.एम. श्री विद्यालय चकराज सहावे एवं प्राथमिक विद्यालय ढंढवारा कला सहित अन्य विद्यालयों में जनसंपर्क कर शिक्षकों को लखनऊ चलने के लिए आमंत्रित किया गया।

रानीमऊ न्याय पंचायत से सक्रिय सदस्यों के रूप में श्री ओमप्रकाश वर्मा, श्री विनोद कुमार प्रजापति, श्री कौशल सिंह, श्री राम नवल यादव एवं श्री विजय कुमार का चयन किया गया।

इस अवसर पर अटेवा शाहगंज के तहसील अध्यक्ष डॉ. ध्रुवराज योगी जी ने कंपोजिट विद्यालय मनेछा के समस्त स्टाफ सहित लगभग 50 शिक्षकों को अटेवा की सदस्यता ग्रहण कराई और 25 सितंबर के ऐतिहासिक पेंशन आंदोलन के लिए जागरूक किया। उन्होंने न्याय पंचायत के समस्त अध्यापकों का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। सभी साथियों ने एक स्वर में हुंकार भरी – पुरानी पेंशन लेकर रहेंगे!

सोशल मीडिया पर पूर्वांचल के बेजुबान जगत के कुशल शिल्पी की चर्चा तेज,डाक्टर आलोक रहे अव्वल

0
सोशल मीडिया पर पूर्वांचल के बेजुबान जगत के कुशल शिल्पी की चर्चा तेज,डाक्टर आलोक रहे अव्वल

जौनपुर: सत्तरह सितंबर को पूर्वांचल में बेजुबान जगत के एक कुशल शिल्पी को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा चल रही है। फेसबुक पर किए गए एक सवाल – “पूर्वांचल में बेजुबान जगत का ख्यातिप्राप्त कुशल शिल्पी कौन?” ने लोगों का ध्यान खींचा है। जिसमें लोगों द्वारा अभी तक आजमगढ़ जनपद के बूढ़ापुर राजकीय पशु चिकित्सालय पर तैनात डाक्टर आलोक सिंह पालीवाल को अव्वल नंबर बताया।

इस पोस्ट को अब तक 3391 से अधिक लोगों ने देखा है, 80 से ज्यादा कमेंट और 12 शेयर हो चुके हैं। कमेंट बॉक्स में लोग लगातार एक ही नाम का जिक्र कर रहे हैं – डाक्टर आलोक जी।जौनपुर के पूर्व तैनाती क्षेत्र सुइथाकला के लोगों का कहना है कि डाक्टर पालीवाल ने अपने हुनर और सेवा भाव से बेजुबान जगत के लिए जो कार्य किया है, वह अतुलनीय है। उनकी कला सिर्फ शिल्प नहीं, बल्कि बेजुबानों के प्रति करुणा और समर्पण का प्रतीक हैं।इस संबंध में लोगों ने अपील की है कि इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाए ताकि सरकार तक यह आवाज पहुंच सके।

Jaunpur News: दहेज के लिए विवाहिता के सिर के बाल का शौहर ने किया मुंडन

0

मायके वालों के पहुंचने पर पीड़िता को घर लाया गया, पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Jaunpur News बक्शा, जौनपुर। थाना क्षेत्र के बर्रे पट्टी गांव की एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट, प्रताड़ित करने और सिर के बाल मुंडवाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर बक्शा पुलिस ने पति सद्दाम और देवर अहमद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 की रात करीब नौ बजे उसके पति सद्दाम पुत्र रमजान ने दहेज को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि पति ने लात-मुक्कों और डंडे से उसकी पिटाई की तथा उसके सिर के बाल मुंडवा दिए। इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद उसने फोन कर अपनी मां को सूचना दी। रात करीब 11:30 बजे मायके से पहुंचे परिजन उसे अपने साथ लेकर चले गए। तहरीर में पति सद्दाम,देवर अहमद के साथ ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर भी प्रताड़ित करने में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 475/2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2), 352 एवं 351(3) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3 व 4 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुकदमे में लगाए गए आरोपों की जांच उपनिरीक्षक मुन्नीलाल कन्नौजिया विवेचक द्वारा किया जा रहा।

बेबाक और सच्ची पत्रकारिता के लिए वरिष्ठ पत्रकार बाबा सिंह सम्मानित

0

जेसीआई शाहगंज संस्कार के महान दिवस समारोह में सीओ ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

खेतासराय (जौनपुर): जेसीआई शाहगंज संस्कार की ओर से बुधवार को आरडी इन होटल में महान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक सरोकारों के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार उमेश कुमार सिंह उर्फ बाबा सिंह को सम्मानित किया गया। क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेंद्र सिंह ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह में पत्रकारिता के माध्यम से समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने के लिए बाबा सिंह के योगदान की सराहना की गई। सम्मान मिलने पर वरिष्ठ पत्रकार ने आयोजक संस्था के पदाधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पत्रकारिता में निष्पक्षता और जनसरोकार को प्राथमिकता देना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सीओ शाहगंज गिरेंद्र सिंह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और निष्पक्ष पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को तथ्यों के आधार पर जनसमस्याओं को सामने लाने का कार्य करना चाहिए।

बेबाक और जिम्मेदार पत्रकारिता से प्रशासन को भी क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है। उन्होंने सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में जेसी सप्ताह के चेयरमैन इकरार खान, आमिश खान, कुशाग्र अग्रहरि, मोहम्मद शाहिद नईम, डॉ. नीरज सोनी, उप चेयरमैन डॉ. सौम्या अग्रहरि, जेसीआई के पूर्व अध्यक्ष अखलाक अहमद, गुलाम साबिर, रामलीला समिति के पूर्व अध्यक्ष संदीप जायसवाल, पंकज सिंह, अशोक सोनकर समेत नगर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बीमार ऊंट को छोड़कर भाग निकला मालिक, जिम्मेदारी को लेकर पसोपेश

0
एक पखवाड़े से बीएसएनएल नेटवर्क फेल, उपभोक्ता हलकान

तीन दिन पहले दो लोग ऊंट लेकर पहुँचे थे गाँव, हालत बिगड़ने पर छोड़कर हुए रफूचक्कर

खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्र के गोरारी खलीलपुर (आर्यनगर कला) गाँव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहाँ बीमार ऊंट को उसके मालिक पंचायत भवन परिसर में लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। कई दिनों से पंचायत भवन में पड़े ऊंट की हालत देखकर ग्रामीणों में बेचैनी है। सूचना पर पशुपालन विभाग ने चिकित्सक को भेजकर ऊंट का इलाज कराया, लेकिन उसके स्थायी इंतजाम को लेकर अब भी स्थिति साफ नहीं है।

ग्रामीणों के मुताबिक करीब चार दिन पूर्व दो लोग ऊंट लेकर गाँव में आए थे। दोनों गाँव में घूम-घूमकर भिक्षा माँगते थे और रात में पंचायत भवन परिसर में ठहरते थे। उनके साथ मौजूद एक ऊंट पहले से ही बीमार था। देखते ही देखते उसकी तबीयत और बिगड़ गई। इसके बाद उसके मालिक ऊंट को पंचायत भवन पर ही छोड़कर चुपचाप वहाँ से निकल गए।

सुबह ग्रामीणों ने पंचायत भवन परिसर में ऊंट को अकेले और बीमार हालत में देखा तो इसकी खबर पशुपालन विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग ने चिकित्सक को मौके पर भेजा। चिकित्सक ने ऊंट की जाँच कर दवा देकर उपचार किया। इसके बाद पशुपालन विभाग की ओर से मामले की सूचना वन विभाग तथा खण्ड विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह को भी दी गई।

ग्रामीणों का कहना है कि ऊंट के मालिक की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। मालिक के अचानक गायब हो जाने के बाद अब ऊंट की देखभाल को लेकर ग्रामीणों के सामने भी पशोपेश की स्थिति है।

ग्रामीणों का कहना है कि बेजुबान पशु को बीमारी की हालत में लावारिस छोड़ देना गम्भीर मामला है। उनका सवाल है कि आखिर मालिक के फरार होने के बाद इस ऊंट की जिम्मेदारी किसकी है? ग्रामीणों ने संबंधित विभागों से माँग की है कि ऊंट को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाकर उसके इलाज और देखभाल का माकूल इंतजाम किया जाए।