खेतासराय(जौनपुर): विकास खण्ड शाहगंज (सोंधी) में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम मुहिम के तहत व्यापक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर हजारों पौधे रोपे गए।
सोंधी ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजय कुमार की अध्यक्षता में खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) पीयूष त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर अभियान का आगाज़ किया। इस मौके पर उजागिर यादव, अन्ना हजारे, शेखर यादव, उमाशंकर प्रजापति, महेंद्र राघव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, वन विभाग शाहगंज रेंज द्वारा पर्यावरण संतुलन और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेंजर राकेश कुमार की क़यादत में मजडीहाँ गांव में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। यहाँ 7,500 पौधों के लक्ष्य के तहत एक पेड़ माँ के नाम अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में वन दरोगा ईश्वरचंद्र, अनुज यादव, गोरख प्रसाद, दुर्गेश यादव समेत वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा अब्बोपुर गाँव में पंचायत सचिव संजय यादव के नेतृत्व में पौधरोपण किया गया। इस दौरान विजय गौड़, मो. फैसल, कमलाकांत मौर्य तथा प्रधान प्रतिनिधि त्रिलोकी नाथ सहित अन्य लोगों ने भागीदारी निभाई।
पोरईकला गाँव के पंचायत भवन परिसर तथा पाराकमाल गाँव के कब्रिस्तान में पंचायत सचिव विनोद यादव के नेतृत्व में पौधे लगाए गए। वहीं पोरई खुर्द गाँव में मंदिर परिसर में पंचायत सचिव संजय यादव एवं ग्राम प्रधान कृपाशंकर राजभर की मौजूदगी में पौधरोपण किया गया।
एडीओ पंचायत दीपक यादव ने बताया कि विकास खण्ड सोंधी में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 30 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे लगभग पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।











