नन्हे सितारों के प्रतिभा रंग में रंगा नज़र आया प्राथमिक विद्यालय परिसर
खेतासराय (जौनपुर): विकास खण्ड शाहगंज सोंधी क्षेत्र के शेखपुर मंसूर अली गाँव मेम स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को नन्हे सितारों का सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिससे प्राथमिक विद्यालय परिसर प्रतिभा के रंग में रंगा नज़र आया। इस अवसर पर कक्षा 1 से 5 तक प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं उनके अभिभावकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा 5 की छात्राओं अनन्या और आकृति द्वारा स्वागत गीत से हुई। इसके बाद कक्षा 4 की छात्रा आस्था ने लोकगीत पढ़ा लिखा बबुआ कलमिया में जान बा…प्रस्तुत किया। कक्षा 2 की छात्राओं आराध्या और तृप्ति ने अंग्रेजी कविता सुनाई, वहीं आकृति यादव ने देशभक्ति गीत आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं… प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
इसके बाद विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। कक्षा 1 में विकास प्रथम, चाँदनी द्वितीय और उमेश तृतीय रहे। कक्षा 2 में तृप्ति प्रथम, आराध्या द्वितीय और सक्षम यादव तृतीय स्थान पर रहे। कक्षा 3 में महक, रौनक और कलावती ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 4 में आस्था प्रथम, अनन्या द्वितीय और हर्षित तृतीय रहे, जबकि कक्षा 5 में करण प्रथम, आकृति द्वितीय और जैन तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिराज अहमद ने बच्चों को सम्मानित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे विद्यालय के साथ-साथ घर पर भी बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवनारायण, सहायक अध्यापक अमित मौर्य, फूला देवी, आनंद गिरि, शिक्षामित्र कामता प्रसाद यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में प्रधानाध्यापक रामसकल यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
बॉक्स खबर:
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, बच्चों की प्रतिभा देख गदगद हुए अभिभावक
समारोह के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। छोटे-छोटे बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ मंच पर गीत, कविता और लोकगीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 5 की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत से कार्यक्रम की शुरुआत होते ही माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। इसके बाद लोकगीत, अंग्रेजी कविताएं और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। विशेष रूप से आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं जैसे देशभक्ति गीत ने उपस्थित लोगों में देशप्रेम की भावना जगा दी। वहीं, लोकगीतों की प्रस्तुति ने ग्रामीण संस्कृति की झलक दिखाई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। अभिभावकों ने अपने बच्चों को मंच पर प्रदर्शन करते देख गर्व महसूस किया और तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।




