पॉली और ग्रीन हाउस में बेमौसम सब्जियों और फूलों की खेती से किसान मालामाल
जौनपुर 06 मई : जिला उद्यान अधिकारी डॉ0 सीमा सिंह राणा ने अवगत कराया है कि पाली हाउस एवं ग्रीन हाउस 500 वर्ग0मी0 से 2500 वर्ग0मी0 तक के निर्माण के लिए उद्यान विभाग देगा 50 प्रतिशत तक का अनुदान। सरकार की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना किसानों की आय में बढ़ोतरी करेगी। उनकी आर्थिक स्थिति सुधरेगी। इस योजना के तहत किसानों को फूल और सब्जियों की उन्नत खेती के लिए तकनीकी सहायता के साथ-साथ अनुदान भी दिया जाएगा। इसका उद्देश्य बागवानी क्षेत्र को प्रोत्साहित कर कृषि आय में वृद्धि करना है। इस योजना के तहत किसानों को पॉली और ग्रीन हाउस निर्माण पर लागत का 50 प्रतिशत तक का अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसान अब बेमौसम सब्जियों और फूलों की खेती कर सकेंगे, जिससे बाजार में उनकी मांग बनी रहेगी और आय में वृद्धि होगी। यह योजना उन किसानों के लिए लाभकारी होगी जो कम क्षेत्रफल में उच्च आय चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से जिले में उन्नत किस्म के फूलों जैसे गुलाब, जरबेरा के साथ-साथ टमाटर, शिमला मिर्च, खीरा की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे न केवल किसानों की आमदनी बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर फूलों और सब्जियों की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। इस योजना का किसान अधिक से अधिक लाभ उठाएं और इससे सम्बन्धित जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस मे जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय मे आधार, खतौनी, फोटो व बैंक पासबुक फोटोकापी के साथ सर्म्पक कर सकते है।
जौनपुर -। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में उप संचालक चकबंदी मुख्यालय लखनऊ आलोक कुमार, चकबन्दी अधिकारी उल्फान अली एवं संजय सिंह कनौजिया के द्वारा चकबंदी कार्यों एवं पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित वादों की समीक्षा कलेक्ट्रेट सभागार में की गई।
बैठक में जनपद में सर्वे, कब्जा परिवर्तन एवं तरमीम स्तर पर लंबित कार्यों की समीक्षा करते करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया गया कि जो गांव सर्वे/तरमीम स्तर पर लंबित है, उनमें कठोर परिश्रम करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार से समय कार्य पूर्ण करें, यदि समय से कार्य पूर्ण नहीं होता है तो सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा। साथ ही समस्त न्यायालय लिपिक को भी निर्देशित किया गया कि समस्त वाद सीसीसीएमएस प्रणाली के अंतर्गत ऑनलाइन करके काज लिस्ट के अनुसार वादों की सुनवाई करवाना सुनिश्चित करें जिलाधिकारी ने चकबंदी अधिकारीगणों को चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि मा0 उच्च न्यायालय से आच्छादित वादो एवं 05 वर्ष से अधिक लम्बित वादों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें, जिससे शासन की मंशानुसार कार्य पूर्ण किया जा सके। जिलाधिकारी द्वारा लेखपालों को निर्देशित किया कि चकबन्दी कार्य में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न हो रही है तो अवगत कराये जिसका त्वरित गति से निस्तारण किया जायेगा। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी/डीडीसी अजय अम्बष्ट, एसओसी अशोक कुमार, पवन कुमार सिंधु एवं समस्त चकबंदी अधिकारी, सहायक चकबंदी अधिकारी, चकबंदीकर्ता और चकबंदी लेखपाल उपस्थित रहे।
L J P के प्रदेश महासचिव विकास विजय नारायण पांडेय का जौनपुर में हुआ जोरदार स्वागत
लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता विकास विजय नारायण पांडेय का जौनपुर में हुआ जोरदार स्वागत
जौनपुर : रामविलास पासवान की ( लोक जनशक्ति पार्टी ) प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान का बड़ा बयान .एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को जौनपुर पहुचे लोक जनशक्ति पार्टी के यूपी प्रदेश अध्यक्ष ,राजीव पासवान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी पार्टी की सराहना करते हुए,अखिलेश यादव पर जम कर बरसे पत्रकारो से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा किअखिलेश यादव कहते है कि हम दलित के हितैसी है तो फिर बाबा साहब का इतना बड़ा अपमान क्यो बाबा साहब के सम्मान में लोक जनशक्ति पार्टी राम विलास मैदान में बाबा साहब का अपमान हिंदुस्तान नही सहेगा। इस अपमान को जनशक्ति पार्टी नही सहेगी न बर्दास्त करेगी आने वाले विधानसभा 2027 मे समाजवादी पार्टी समाप्त हो जायेगी ।
विकास विजय नारायण पांडेय जी के प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता बनाए जाने के बाद प्रथम आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान जी के साथ जौनपुर में कार्यकर्ता एवं उनके समर्थकों द्वारा स्वागत किया गया ।बाबा साहेब के सम्मान में लोकजनशक्ति पार्टी रामविलास एकदिवसीय यात्रा प्रयागराज से होते हुए जौनपुर पहुंचा समाजवादी पार्टी द्वारा भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की फोटो से आधा चेहरा काटकर अखिलेश यादव के विरोध मे लोकजनशक्ति पार्टी रामविलास मैदान में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर अखिलेश यादव का पुतला फूंक गया बदलापुर बाज़ार में प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में बाबा साहब का अपमान नहीं सहेंगे।
विकास विजय नारायण पाण्डेय ने कहा बाबा साहेब का अपमान लोक जनशक्ति कदापि नहीं सहेगी और जो भी ऐसा कृत्य करेगा उसको निस्तानबूत करने का कार्य किया जाएगा।उन्होंने ये भी कहा कि मेरे दादा स्व श्री राजा राम पांडेय जी 2002 में लोक जनशक्ति पार्टी से विधायक, विधान मंडल के नेता, केबिनेट मंत्री रहे उनके स्थान पर आज मैं लोकजनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में जौनपुर में अपने कार्यकर्ताओं के बीच हूं जनता की सेवा को तत्पर हूं।
उन्होंने बताया कि उनके पिता जी भी पूर्व में विधानसभा रही गढ़वारा से 1993 में विधानसभा सदस्य के प्रत्याशी रहे। वर्तमान में पिता जी और मैं कई शिक्षा संस्थानों का संचालन कर रहे जिनमें हर समाज वर्ग के बच्चों को अत्याधुनिक वातावरण में शिक्षा प्रदान की जा रही है।उन्होंने कहा कि लोकजनशक्ति पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का एक बड़ा कारण यह भी रहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चिराग पासवान जी से पुराना संबंध, मा प्रधानमंत्री जी की सहयोगी पार्टी होने के नाते चिराग जी का हर समाज वर्ग को शिक्षा तक की पहुंच के विषय पर मोदी जी को समर्थन साथ ही साथ जिस प्रकार चिराग जी – मोदी जी के 2045 के विकसित भारत की ओर अग्रसर हैं ठीक उसी प्रकार हम कार्यकर्ता चिराग जी से कंधा से कंधा मिलाकर मोदी जी के सपने को साकार करने पूरा प्रयास करूंगा और हर वर्ग समाज के लोगों तक शिक्षा का विस्तार और शिक्षा के माध्यम से देश का विकास करने की पूरी कोशिश करेंगे।
लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट ने कहा कि बाबा साहेब का अपमान नहीं सहेंगे अखिलेश यादव जी दलित विरोधी हैं हमेशा दलितों का अपमान करते हैं और हमेशा विरोध करते हैं पदोन्नति आरक्षण बिल में सबसे पहले समाजवादी पार्टी ने ही वरोध किया था और कहा कि लोकजनशक्ति पार्टी रामविलास 2027 में मजबूती से चुनाव लडेगी।
नवाचार के क्षेत्र में युवाओं को मिलेगा नया अवसर: अजय सिंह
मंत्री प्रतिनिधि ने साँई कंप्यूटर इंस्टीट्यूट का किया उद्घाटन
खेतासराय (जौनपुर) तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने और युवाओं को डिजिटल युग के अनुरूप दक्ष बनाने के उद्देश्य से, सोमवार को मंत्री प्रतिनिधि अजय सिंह ने खेतासराय क्षेत्र के रानीमऊ-लेदरही मार्ग पर स्थित साँई कंप्यूटर इंस्टीट्यूट का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्र से आस-पास लोग व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
श्री सिंह ने फीता काटकर संस्थान का विधिवत उद्घाटन किया और इसके विभिन्न कक्षों, कंप्यूटर लैब, डिजिटल क्लासरूम एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्था की सराहना करते हुए कहा, आज के दौर में कंप्यूटर शिक्षा समय की माँग है। इस संस्थान की स्थापना से हमारे क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्ता युक्त तकनीकी शिक्षा मिलेगी जिससे वे रोजगार योग्य बन सकेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार तकनीकी शिक्षा को गाँव-गाँव तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में अनेक योजनाएँ चलाई जा रही हैं। इस संस्थान के माध्यम से छात्र न केवल कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी प्राप्त करेंगे, बल्कि एडवांस कोर्सों के माध्यम से आईटी क्षेत्र में भी करियर बना सकेंगे।
संस्थान के डायरेक्टर अमित श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि यहाँ पर बेसिक कंप्यूटर कोर्स, टैली, ग्राफिक डिजाइनिंग, वेब डिजाइनिंग, प्रोग्रामिंग लैंग्वेज जैसे कोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि छात्रवृत्ति योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को विशेष छूट दी जाएगी।
इसके पूर्व प्रदीप श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य सबा, शाहिद अहमद, लालचन्द्र राजभर समेत आदि लोगों ने अतिथि का माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान मण्डल महामंत्री मनीष गुप्ता, पूर्व प्रधान आनंद बरनवाल, जियालाल, लक्ष्मीशंकर, सन्दीप मौर्य प्रधान, वसीम अहमद प्रधान, कादरीन बानों, मनोरमा प्रजापति, सीमा भारती, रोशनी पायल श्रीवास्तव, शिवांगी, सृष्टि, उजाला मुख्य रूप से उपस्थित रही।
शकुंतला सेंटर एकेडमी द्वारा आयोजित देवी जागरण व विशाल भंडारा संपन्न
बजरंगबली मंदिर पर गायक कलाकारों के गीतों पर देर रात तक लोग झूमते रहे
जौनपुर,सिविल लाइन स्थित शकुंतला सेंटर एकेडमी के सामने स्थित बजरंग बली मंदिर पर दो दिवसीय अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। जिसका समापन शनिवार को हवन- पूजन एवं विशाल भंडारा के साथ संपन्न हुआ। इस मौके पर शकुंतला सेंटर एकेडमी के डायरेक्टर अवनीश शुक्ला मनीष ने बताया कि बजरंग बली मंदिर बहुत प्राचीन मंदिर है जिसका स्कूल द्वारा जीर्णोद्धार कराकर अखंड रामायण पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। देर रात भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर देवी जागरण कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ जिसका शुभारंभ अधिवक्ता आशीष शुक्ला जमैथा ने दीप प्रज्वलित कर किया और सभी गायक कलाकारों को स्कूल के डायरेक्टर अवनीश शुक्ला व अविनाश शुक्ला ने चुनरी ओढाकर सम्मानित किया। बनारस से आए हुए गायक कलाकारों ने एक से गीत प्रस्तुत किया। जिसमें देवी गीत गायिका प्रियंका पाण्डेय ने निमिया की डार पचरा गीत सुनकर सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया,गायक मदन मुरारी, सहाव सांवरिया ने बाबा के दीवाने जगदंबा घर में गीत गाकर लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। प्रसिद्ध देवी गीत गायक आशीष पाठक अमृत के गीतों पर लोग भाव- विभोर हो गए।कार्यक्रम का संचालन ठेकेदार नथुनी यादव व शिवम यादव ने किया। आए हुए सभी आगंतुओं का आभार प्रबंधक शकुंतला शुक्ला ने वक्त किया।
इस दौरान खेल राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव,पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह,राज मंत्री राम प्रकाश दुबे,बार अध्यक्ष सुभाष यादव, घनश्याम सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह पूर्व सांसद श्याम सिंह यादव,नपा प्रतिनिधि डॉ रामचंद्र मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र शुक्ला, अनिल शुक्ला, प्रधानाचार्य विजय शंकर दुबे, अंजना श्रीवास्तव व सभी प्रशासनिक अधिकारी सहित आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मछलीशहर के तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न
जौनपुर 03 मई : जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में मछलीशहर के तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा जन शिकायतों के निस्तारण के क्रम में ग्राम रामपुर कला की निवासी सावित्री देवी द्वारा खतौनी में गलत नाम दर्ज होने पर शिकायत दर्ज करायी गयी, जिसपर जिलाधिकारी द्वारा लेखपाल को निर्देशित किया गया कि तत्काल खतौनी में नाम संशोधन कराते हुए अवगत कराये, जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में खतौनी में संशोधन करते हुए खतौनी उपलब्ध करा दी गयी। जिलाधिकारी के समक्ष निकामुद्दीनपुर निवासी कार्तिक पुत्र लालता प्रसाद ने प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत लोन देने में देरी की जा रही है जिस पर जिलाधिकारी के द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए एसबीई शाखा मछलीशहर के प्रबन्धक को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि 02 दिन के भीतर सभी औपचारिकताओं को पूर्ण करते हुए लोन देना सुनिश्चित करें अन्यथा की दशा में एफआईआर दर्ज करायी जाएगी।
जिलाधिकारी के समक्ष ग्राम सलारपुर तहसील मछलीशहर के निवासी लल्लन पुत्र मोहन ने अवगत कराया कि उनकी पट्टा की जमीन को गलत तरीके से दूसरे को वरासत कर दी गयी है जिस पर जिलाधिकारी ने कानूनगो और लेखपाल को निर्देशित किया कि आज ही गांव में जाये, रात्रि विश्राम गांव में ही करें और पंचायत भवन में खुली बैठक कराते हूए पूरी तस्दीक कर प्रकरण का निस्तारण कर अवगत करायें। ग्राम गोवर्धनपुर के रामचन्द्र ने पत्थरगडडी कराने का प्रार्थना पत्र दिया जिस पर जिलाधिकारी ने कानूनगो और लेखपाल को प्रकरण का निस्तारण कर अवगत कराने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा सर्वाधिक भूसा दान करने वाले संतोष दूबे, डा0 आर बी चौहान, राजीव सिंह सहित अन्य जिनके द्वारा गो-आश्रय स्थलों में भूसा दान किया गया था उन्हे प्रमाण-पत्र और पौधा देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने पुलिस और राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि जमीन विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से सम्बन्धित होते है इस लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों और पुलिस विभाग के समन्वय से ही इसका निस्तारण हो सकता है। दोनों पक्षों की समस्याओं को गम्भीरतापूवर्क सुनते हुए शिकायत का निस्तारण करें। उन्होंने राजस्व निरीक्षकों को निर्देशित किया कि 20 पैमाइस से कम पत्थरगड्डी करें तो वेतन आहरण नही किया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ता की छोटी-छोटी समस्याएँ जिनका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाये। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकता है अतः इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या उदासीनता अक्षम्य होगी। सम्पूर्ण समाधान दिवसा में कुल 253 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें 05 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारित कर शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित अधिकारियों को हस्तान्तरित करते हुए जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिये गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। इसी प्रकार अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 रामअक्षयबर चौहान की अध्यक्षता में तहसील केराकत के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में अन्य तहसीलों में भी फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए उसके निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया गया।
हर वर्ष 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाकर हम अभिव्यक्ति की आज़ादी, पत्रकारों के योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की शपथ दोहराते हैं। लेकिन यह अवसर केवल उत्सव का नहीं, बल्कि आत्ममंथन का भी है। क्या वर्तमान समय में प्रेस वास्तव में स्वतंत्र है? क्या वह निष्पक्ष रूप से समाज का दर्पण बन पाने में सक्षम है, या फिर सत्ता की छाया तले वह अपनी धार खो बैठा है?
प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है। विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के साथ-साथ मीडिया ही वह शक्ति है जो सत्ता को जवाबदेह बनाती है, समाज में जागरूकता फैलाती है और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करती है। महात्मा गांधी ने कहा था, “एक निर्भीक और स्वतंत्र प्रेस समाज को सच से परिचित कराता है, न कि भ्रम से।” लेकिन क्या यह आदर्श स्थिति आज भी विद्यमान है?
हाल ही में रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (RSF) द्वारा जारी विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक 2024 में भारत को 180 देशों में 161वां स्थान प्राप्त हुआ है। यह आंकड़ा न केवल चिंताजनक है, बल्कि यह संकेत भी देता है कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र प्रेस की स्वतंत्रता के मामले में फिसलता जा रहा है। भारत में पिछले कुछ वर्षों में पत्रकारों पर हमले, गिरफ्तारी, ऑनलाइन ट्रोलिंग और सरकारी दबाव के मामले तेज़ी से बढ़े हैं। 2023 में ‘कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स’ (CPJ) की रिपोर्ट के अनुसार भारत में कम से कम 4 पत्रकारों की हत्या उनके कार्य से जुड़ी वजहों से हुई, और दर्जनों को धमकियाँ दी गईं।
वर्तमान परिदृश्य में एक और बड़ी चुनौती सामने आई है। मीडिया का राजनीतिक और पूंजीवादी गठजोड़। अनेक मीडिया संस्थान अब कॉरपोरेट स्वामित्व के अधीन हैं, जो सरकार से विज्ञापन और समर्थन पाने के लिए अपनी निष्पक्षता से समझौता करते हैं। नतीजतन, टीआरपी की होड़ और राजनीतिक दबाव के बीच “न्यूज़” अब “व्यूज़” बनती जा रही है। वह प्रश्न जो सत्ता से पूछे जाने चाहिए, वे या तो पूछे ही नहीं जाते, या उनकी भाषा इस प्रकार से ढाली जाती है कि वे आलोचना कम और प्रशंसा अधिक प्रतीत हों। एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत के 70% से अधिक प्रमुख टीवी समाचार चैनल या तो किसी राजनैतिक या कॉरपोरेट समूह के स्वामित्व में हैं, या उनके प्रभाव में काम करते हैं।
इन विकट परिस्थितियों में भी कुछ पत्रकार और मीडिया संस्थान सच्चाई को सामने लाने का साहस कर रहे हैं। राणा अय्यूब, सिद्धार्थ वरदराजन, रविश कुमार जैसे पत्रकार सत्ता के दमन के बावजूद जनहित में मुद्दे उठाते रहे हैं। डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे The Wire, Scroll, Newslaundry, Article 14 आदि अब उन आवाज़ों के लिए मंच बन गए हैं जिन्हें मुख्यधारा की मीडिया ने अनदेखा कर दिया।
डिजिटल प्रेस स्वतंत्रता भी आज एक नया युद्धक्षेत्र बन गई है, जहाँ सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों के बीच सच्चाई की खोज करना और भी चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। कई स्वतंत्र पत्रकारों को सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी रिपोर्टिंग को जनता तक पहुँचाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है, लेकिन यह भी सच है कि यही माध्यम जनता को मुख्यधारा मीडिया की सीमाओं से परे जाकर जानकारी लेने का अवसर देता है।
यह समझना आवश्यक है कि प्रेस की स्वतंत्रता केवल पत्रकारों के लिए नहीं, बल्कि हर नागरिक के लिए आवश्यक है। जब प्रेस निष्पक्ष होता है, तभी जनता सच जान पाती है और सत्ता को चुनौती दे सकती है। जब प्रेस डर के साये में काम करता है, तो लोकतंत्र की नींव हिलती है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतरेश ने कहा है, “A free press is not a threat. It is essential.” एक स्वतंत्र प्रेस कोई खतरा नहीं, बल्कि अनिवार्य है।
इस अवसर पर हमें यह तय करना होगा कि हम किस दिशा में बढ़ना चाहते हैं— एक ऐसा समाज जहाँ प्रेस सत्ता का प्रवक्ता बनकर रह जाए, या वह समाज जहाँ प्रेस सच को निर्भीकता से सामने लाए। “पत्रकारिता का पहला कर्तव्य जनता के प्रति होता है, सत्ता के प्रति नहीं।” – यह सिद्धांत जितना आज प्रासंगिक है, शायद पहले कभी नहीं रहा। हमें एकजुट होकर उन आवाज़ों का समर्थन करना होगा जो सच बोलने का साहस करती हैं। क्योंकि यदि प्रेस समाज का दर्पण नहीं रहेगा, तो यह डर और भ्रम का उपकरण बन जाएगा और फिर लोकतंत्र केवल नाम भर रह जाएगा।
JAUNPUR CRIME NEWS जौनपुर। अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय (पाक्सो) उमेश कुमार की अदालत ने दुष्कर्म के मामले में सजा पाए हुए युवक द्वारा पुनः दुष्कर्म करने के आरोप में दोषसिद्ध पाते हुए आजीवन कारावास व ₹50000 अर्थदंड से दंडित किया।
अभियोजन कथानक के अनुसार सुजानगंज थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने थाने में अभियोग पंजीकृत करवाया कि दिनांक 5 नवंबर 2020 को रात 12:30 बजे आरोपी राहुल कुमार यादव ने उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया और उसके साथ कई बार बलात्कार किया। पुत्री घर वापस आकर सारी घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने न्यायालय में अपने बयान में कहा कि राहुल उसे फोन करके बगीचे में बुलाया था और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया था।
फिर अपने घर बुलाकर शारीरिक संबंध बनाया और उसके ननिहाल ले जाकर छोड़ दिया। इस मामले में आरोपी गिरफ्तार हुआ और जमानत पर छूटा। जमानत पर छूटते ही उसने एक अन्य नाबालिग लड़की से पुनः दुष्कर्म किया जिस मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने उसे 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा भी सुनाई थी। शुक्रवार को अदालत ने दुष्कर्मी के आपराधिक इतिहास को देखते हुए अभ्यस्त अपराधी मानते हुए उसे आजीवन कारावास व 50000 रुपए अर्थदंड से दंडित किया। अभियोजन पक्ष की पैरवी शासकीय अधिवक्ता राजेश कुमार उपाध्याय व कमलेश कुमार राय ने किया।
जौनपुर 02 मई: समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अर्न्तगत जनपद जौनपुर में प्रतियोगियों हेतु निःशुल्क संचालित कोचिंग कक्षाओं के सत्र 2025-26 में कक्षाओं का आरम्भ 01 जुलाई 2025 से किया जाता है, कक्षाओं में अध्यापन एवं मार्गदर्शन कार्य हेतु वार्ताकारों, प्रवक्ताओं/व्याख्याताओं एवं विषय विशेषज्ञों की आवश्याकता है, जिसका विषयवार विवरण यू0पी0एस0सी0/यू0पी0पी0एस0सी0-प्रचीन इतिहास, मध्यकालीन इतिहास, अधुनिक इतिहास, विश्व इतिहास, आर्ट एण्ड कल्चर, भूगोल, भारतीय राजव्यवस्था, भारतीय अर्थव्यवस्था, इन्टरनल सिक्योरीटी, वैश्विक सम्बन्ध, एथिक्स, भारतीय समाज, करेन्ट अफेयर्स, इन्वायरमेंट एण्ड डिजास्टर मैनजमेंट, जनरल साइंस एण्ड टेक्नालॉजी, यूपी स्पेशल, सेन्सस एण्ड जी0के0, सीसेट कॉमप्रिहेन्शन, इण्टरपर्सनल स्कील्स एण्ड कम्यूनिकेशन, लॉजिकल रीजनिंग एण्ड एनालिटिकल एबिलिटी, डिसिशन मेंकिग, निर्णय क्षमता एवं समस्या समाधान, सामान्य बौद्धिक क्षमता तार्किक कौशल एवं विश्लेषणात्मक क्षमता, संचार कौशल सहित अंतर-वैयक्तिक कौशल, बोधगम्यता, एलिमेन्टरी मैथ्स, जनरल इंग्लिश, जनरल हिन्दी है। जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल ने अवगत कराया है कि निदेशालय समाज कल्याण उ0प्र0 एवं सचिवालय मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना में उल्लिखित व्यस्थानुसारजे0ई0ई0-मैथ्स, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान। नीट- भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान। एस0एस0सी0-मैथ्स, रीजनिंग, इंगिलश, जनरल साइंस एवं जी0के0।
निदेशालय समाज कल्याण उ0प्र0 के अन्तर्गत निर्गत मानक संचालन प्रकिया में वर्णित व्यवस्थानुसार सिविल सेवा तथा पी0सी0एस0 के लिए विश्वविद्यालय, राजकीय डिग्री कालेज के शिक्षक तथा आई0ए0एस0 (मुख्य) परीक्षा अथवा पी0सी0एस0 (साक्षात्कार) अथवा दो बार पी0सी0एस0 मुख्य परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी अतिथि व्याख्याता के रूप में विशेषज्ञ चयन समिति की अनुशंसा से प्रशिक्षण केन्द्रो में सूचीबद्ध किए जायेंगे। नीट पाठ्यक्रम हेतु सम्बन्धित विषय में एम0एस0सी0 (प्रथम श्रेणी) अथवा एम0टेक की डिग्री धारण करने वाले अभ्यर्थी अतिथि व्याख्याताओं के रूप में चयनित किये जायेगें। उक्त योजना के अन्तर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं यथा सिविल सेवा परीक्षा, पी0सी0एस0,
एस0एस0सी0, जे0ई0ई0 हेतु कोचिंग केन्द्रों पर अध्यापन एवं मार्ग दर्शन कार्य हेतु इच्छुक एवं सहमत अतिथि प्रवक्ता/वार्ताकार अपने सुसंगत शैक्षिक प्रमाण पत्रों के साथ 05 मई से 25 मई तक किसी भी कार्य दिवस में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग जनक कुमारी इण्टर कालेज हुसेनाबाद जौनपुर में सायं 03 बजे से 05 बजे तक एवं विकास भवन प्रथम तल समाज कल्याण विभाग कमरा न0-115 में प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक फार्म प्राप्त कर आवेदन कर सकते है।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों में समर्थ पोर्टल के माध्यम से होंगे प्रवेश
जौनपुर. वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में संचालित कोर्सों में सत्र 2025-26 में समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश हेतु पंजीकरण प्रारंभ हो गया है. कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में शुक्रवार को कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने परिसर में चल रहे विभिन्न पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के लिए “समर्थ पोर्टल” पर आवेदन फॉर्म लॉन्च किया. विश्वविद्यालय में पहली बार समर्थ पोर्टल से प्रवेश होंगे. पाठ्यक्रमों की उपलब्ध सीटों के सापेक्ष इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते है l
विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर के 20, परास्नातक स्तर के 26 एवं डिप्लोमा के 5 पाठ्यक्रमों में पीयू कैट 2025 के माध्यम से प्रवेश होंगे. इस वर्ष 9 नए आधुनिक पाठ्यक्रम भी प्रारंभ हो रहे हैं, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) हैं, वास्तु शास्त्र में डिप्लोमा, वैदिक ज्योतिष शास्त्र डिप्लोमा, वैदिक कर्मकांड डिप्लोमा, एल.एल. एम., एम.सी.ए इन्टीग्रेटेड जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं. ऑनलाइन आवेदन 10 जून तक स्वीकार किए जाएंगे. समर्थ पोर्टल के माध्यम से छात्र ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, फीस भुगतान, दस्तावेज अपलोड, मेरिट सूची एवं सीट आवंटन जैसी सभी प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी रूप से पूरा कर सकेंगे. छात्र हेल्प डेस्क के माध्यम से ऑनलाइन सहायता भी प्राप्त कर सकते हैं.उक्त से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी,संचालित विषयों का विवरण एवं उपलब्ध सीटों की विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट vbspu.ac.in पर उपलब्ध है.ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के लिए शुभारम्भ अवसर पर रजिस्ट्रार महेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद सिंह, पीयूकैट के अध्यक्ष प्रो. रजनीश भास्कर, समन्वयक प्रो. मिथिलेश सिंह, प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. गिरिधर मिश्र, नोडल अधिकारी डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. धीरेन्द्र चौधरी, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डी.आर. बबीता सिंह, अमृत लाल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे.