जौनपुर : पीएम सूर्यघर योजना की कार्यशाला सम्पन्न, जिलाधिकारी ने सोलर ऊर्जा अपनाने पर दिया जोर जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सोलर सिस्टम इंस्टालेशन की संपूर्ण प्रक्रिया, उपयोगिता, आवेदन से लेकर स्थापना तक सभी चरणों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि घरों एवं कार्यालयों में सोलर सिस्टम लगवाने से बिजली पर निर्भरता कम होती है, पर्यावरण प्रदूषण में कमी आती है तथा उपभोक्ताओं की आर्थिक बचत भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के सभी अस्पतालों में भी सोलर सिस्टम की स्थापना तत्काल कराई जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों, सरकारी कर्मचारियों को भी अपने-अपने घरों पर सोलर सिस्टम लगवाने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को इससे प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जनपद स्तर पर व्यापक जागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस योजना का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए जिससे आमजन इससे लाभान्वित हो सके।
बैठक में उपस्थित सभी बैंकर्स को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक संख्या में आवेदनों को स्वीकृत कर योजना को गति प्रदान करें। इसके साथ ही बिना किसी उचित कारण के आवेदन को अस्वीकृत ना किया जाए, अधिक से अधिक आवेदन स्वीकृत किए जाएं।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, परियोजना निदेशक के.के. पांडे, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंकर्स और वेंडर्स सहित अन्य उपस्थित रहे।
जौनपुर :पुलिस अधीक्षक ने अवगत कराया है कि पुलिस लाइन जौनपुर के जी पी स्टोर में उपलब्ध निष्प्रियोज्य घोषित राजकीय सम्पत्ति इलेक्टॉनिक्स उपकरण/वर्दी वस्तुओं की सार्वजनिक नीलामी 20 नवम्बर को पुलिस लाइन्स जौनपुर में 10 बजे से होना सुनिश्चित हुआ है।अतः इच्छुक फॉर्म/ठेकेदार/कबाड़ी समय से उपस्थित होकर नीलामी में भाग लेना सुनिश्चित करें नीलामी में भाग लेने की शर्तेंः- भाग लेने वाले फर्म/ठेकेदार/कबाड़ी को नीलामी से पूर्व जमानत की धनराशि रू-20000 जमा करना अनिवार्य होगा। अधिकतम बोली लगाने वाले फर्म/ठेकेदार/कबाड़ी को उसी दिन अन्तिम बोली गयी बोली का सम्पूर्ण धनराशि जमा करना अनिवार्य होगा। नीलामी में बोली गयी धनराशि पर जीएसटी टैक्स अलग से जमा करना अनिवार्य होगा।नीलाम हुई वस्तुओं को उसी दिन पुलिस लाइन्स जौनपुर से ले जाना अनिवार्य होगा। नीलामी का अन्तिम निर्णय पुलिस अधीक्षक जौनपुर का होगा। सबसे अधिक बोली बोलने वाले व्यक्ति के पक्ष में नीलामी छोड़ दी जायेगी तथा समान तुरन्त उठाना होगा। नीलामी में बोली गयी बोली की धनराशि बोली समाप्त होने पर तुरन्त अदा करनी होगी।
JAUNPUR NEWS,अनियंत्रित ट्रक विद्यालय में घुसा,बाल-बाल बचे ड्राइवर-खलासी
अनियंत्रित ट्रक विद्यालय की बाउंड्रीवाल तोड़कर जा घुसा, बाल-बाल बचे ड्राइवर-खलासी
JAUNPUR NEWS खेतासराय (जौनपुर): शाहगंज-जौनपुर मुख्य मार्ग पर स्थित बीटी गर्ल्स इण्टर कॉलेज के सामने गुरुवार की रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भस्सी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर विद्यालय की बाउंड्रीवाल तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराया। हादसे में ड्राइवर और खलासी दोनों बाल-बाल बच गए। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक नम्बर UP45 BT1287 भस्सी लदा जौनपुर की ओर से शाहगंज की तरफ जा रहा था, इसी दौरान खेतासराय कस्बे के पास पहुँचते-पहुँचते ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ गई। पल भर में ही उसने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने बीटी गर्ल्स इण्टर कॉलेज की पेड़ से जा टकराया। पेड़ को पार करते हुए विद्यालय के बाउण्ड्रीवाल को तोड़ते हुए ट्रक विद्यालय परिसर में घुस गया।
हादसे के बाद तेज आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और ड्राइवर व खलासी को सुरक्षित बाहर निकाला। ट्रक चालक की पहचान त्रिभुवन निषाद पुत्र मोतीलाल निषाद निवासी सरैया जिला सुल्तानपुर व खलासी विकास शर्मा पुत्र धर्मेंद्र शर्मा (38 वर्ष) निवासी लोरपुर जिला सुल्तानपुर के रूप में हुई। दोनों को मामूली चोटें आईं, लेकिन किसी प्रकार की गंभीर हानि नहीं हुई। विद्यालय प्रबंधन ने राहत की सांस ली कि यह हादसा रात में हुआ, अन्यथा दिन के समय विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।
ज़ेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह 7 दिसम्बर को
सामूहिक विवाह समाज में समानता व सौहार्द का देता है सन्देश: संजय विश्वकर्मा
खेतासराय(जौनपुर): सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदना को समर्पित संस्था ज़ेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट, जौनपुर द्वारा आयोजित सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह आगामी रविवार, 07 दिसम्बर 2025 को सम्पन्न होगा। यह भव्य आयोजन मोहम्मद हसन महाविद्यालय मैदान, सुकरईपुर, जौनपुर में किया जाएगा।
कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के निर्धन एवं जरूरतमंद परिवारों के विवाह योग्य युवक-युवतियों का विवाह धूमधाम से कराया जाएगा। ट्रस्ट की ओर से यह आयोजन शर्म नहीं, स्वाभिमान है के भाव के साथ किया जा रहा है, जिससे सामाजिक समानता, सौहार्द और सहयोग की भावना को बल मिले।
खेतासराय नगर उद्योग व्यापार मण्डल के नगर अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा ने इस अवसर पर कहा कि ज़ेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा यह सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संबल है, बल्कि यह समाज में समानता, एकता और सद्भाव का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और मानवीय रिश्तों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। व्यापार मण्डल इस पुनीत कार्य में पूरा सहयोग देगा। ट्रस्ट की ओर से जनसहयोग की अपील की गई है। आयोजकों ने कहा है कि जो भी इस महायज्ञ में सहयोग देना चाहता है, वह विवाह योग्य युवक-युवतियों के माता-पिता या आयोजन समिति के सदस्यों से सम्पर्क कर सकता है।
पीयू परिसर के छात्रों के लिए इनडोर स्टेडियम खोले जाने की मांग
छात्र संघर्ष मोर्चा ने कुलसचिव को सौंपा गया ज्ञापन
छात्रों ने दी आंदोलन की चेतावनी
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में स्थित मेजर ध्यानचंद क्रीड़ा संकुल (इनडोर स्टेडियम) को छात्रों के लिए खोले जाने की मांग की है। इस संबंध में छात्र संघर्ष मोर्चा के बैनर तले छात्र नेता दिव्यांशु सिंह के नेतृत्व में छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर मांग रखी।
छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में अध्ययनरत विद्यार्थियों के मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक विकास के लिए खेल गतिविधियाँ अत्यंत आवश्यक हैं। इनडोर स्टेडियम जैसे संसाधन होने के बावजूद यदि छात्र-छात्राओं को उसका उपयोग करने की अनुमति नहीं मिलती है, तो यह न केवल खेल प्रतिभाओं के दमन के समान है बल्कि सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में भी बाधक है।
छात्रों ने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें लगातार “फिट इंडिया” एवं “खेलो इंडिया” जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य कर रही हैं, ऐसे में विश्वविद्यालयों को भी इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
छात्र नेता दिव्यांशु सिंह ने कहा कि “विश्वविद्यालय परिसर में सैकड़ों विद्यार्थी खेल-कूद की गतिविधियों से जुड़ना चाहते हैं, लेकिन क्रीड़ा संकुल बंद होने के कारण उन्हें अवसर नहीं मिल पा रहा है। यदि इसे नियमित रूप से खोला जाए तो यह छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।”
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि मेजर ध्यानचंद क्रीड़ा संकुल को शीघ्र ही विश्वविद्यालय परिसर के छात्रों के लिए खोला जाए, ताकि विद्यार्थी नियमित रूप से खेल-कूद में भाग लेकर अपनी ऊर्जा, एकाग्रता और शारीरिक क्षमता का बेहतर उपयोग कर सकें।
इस अवसर पर निखिल यादव, साईं राम यादव, पृथ्वीराज सिंह, सर्वेश सिंह, अनुराग यादव, राघवेंद्र, अमित, आकाश, शैलजा, सूर्यांशी त्रिपाठी, इकरा हसन, शुभम प्रजापति, पवन, अनुराग, अमन समेत अनेक छात्र उपस्थित रहे।
छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मांग पूरी नहीं की गई, तो छात्र संघर्ष मोर्चा व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
सशक्तिकरण के लिए डिजिटलीकरण समय की अनिवार्यता:प्रो.रणजीत कुमार पाण्डेय
गांधी स्मारक पी.जी. कॉलेज, समोधपुर में टैबलेट वितरण कार्यक्रम संपन्न
जौनपुर। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत गांधी स्मारक पी.जी. कॉलेज, समोधपुर में आज कुल 62 लाभार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। यह कार्यक्रम युवाओं में डिजिटल साक्षरता और तकनीकी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अजेय प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, समोधपुर रहे। उन्होंने अपने संबोधन में डिजिटल जागरूकता और इंटरनेट के माध्यम से सुलभता के महत्व पर प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सजग और सावधान रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रदीप दुबे, प्रवक्ता, रवनिया इंटर कॉलेज रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में नैतिक मूल्यों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों और एकाकीपन के विषय पर विद्यार्थियों को अवगत कराया। साथ ही अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से उपस्थित जनों को नैतिक मूल्यों की स्थापना हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. रणजीत कुमार पांडेय ने की। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षकों में प्रो. लक्ष्मण सिंह, डॉ. नीलमणि सिंह, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. लालमणि प्रजापति, डॉ. आलोक प्रताप सिंह विसेन, डॉ. अविनाश वर्मा तथा डॉ. अवधेश मिश्रा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विष्णुकांत त्रिपाठी, नोडल अधिकारी (डिजीशक्ति) ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो. राकेश कुमार यादव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों और विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा, तकनीकी सशक्तिकरण तथा नैतिक मूल्यों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया गया।
वृक्षारोपण महाअभियान को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण व ग्रीन चौपाल आयोजित
खेतासराय (जौनपुर) वृक्षारोपण महाअभियान-2026 को सफल बनाने के लिए शाहगंज रेंज के अन्तर्गत शाहगंज (सोधी) ब्लाक सभागार में मंगलवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण/कार्यशाला एवं ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पौधशाला तकनीक, वृक्षारोपण विधि तथा कृषि वानिकी के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी शाहगंज (सोधी), ए.डी.ओ. पंचायत, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, सेक्रेटरी, रोजगार सेवक तथा ग्रामीण जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने पी.पी.टी. के माध्यम से प्रतिभागियों को पौधशाला निर्माण, पौध संरक्षण, सिंचन तकनीक तथा वृक्षारोपण के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर उपस्थित ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों को कार्बन क्रेडिट योजना की जानकारी दी गई तथा उन्हें बताया गया कि इस योजना से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि आर्थिक लाभ भी प्राप्त होंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर इस अभियान को जन-जन का आंदोलन बनाएं। इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी राकेश कुमार, उप रेंजर जय हिन्द यादव, वन दरोगा ईश्वर चन्द, गोरख प्रसाद, अनुज यादव, वन रक्षक दुर्गेश यादव, कमलाकांत, विजय गौड़, विजय यादव, अजय यादव, मो. शाहिद समेत आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत मे आयोजक वन क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार ने महाभियान सफल बनाने की अपील किया।
भारती विद्यापीठ व जेडी कान्वेंट स्कूल में छात्राओं को किया गया जागरूक
खेतासराय (जौनपुर) कस्बा के उत्तरी छोर पर स्थित दो विद्यालय में मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को ध्यान में जागरूकता कार्यक्रम चलाया।
मंगलवार की सुबह कस्बा के भारती विद्यापीठ तथा जेडी कान्वेंट स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकार, हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181 आदि की जानकारी दी। साथ ही उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या आपराधिक घटना की स्थिति में वे तुरंत पुलिस की सहायता ले सकती हैं।
उप निरीक्षक सुरेंद्रनाथ यादव, महिला आरक्षीसुमन सिंह व नेहा यादव ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि शक्ति मिशन का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और निडर बनाना है। समाज में तभी वास्तविक सुरक्षा संभव है जब हर महिला अपने अधिकारों को जानकर उनका उपयोग करे।
विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक हैं। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों और पुलिसकर्मियों की उपस्थिति रही। अंत में छात्राओं को सुरक्षा शपथ दिलाई गई तथा आत्मरक्षा के कुछ व्यावहारिक टिप्स भी बताएं गए।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के.शर्मा ने प्रदेशवासियों को दी बड़ी सौगात
तीन चरणों में लागू होगी योजना, मासिक किस्तों में भुगतान की भी सुविधा
यह योजना सरकार की पारदर्शी संवेदनशील और जनहितैषी सोच का प्रतिबिंब है: श्री ए.के. शर्मा
लखनऊ [ जौनपुर ] उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के हित में एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए “बिजली बिल राहत योजना 2025” लागू करने की घोषणा की है। इस योजना के अंतर्गत नेवरपेड और लॉन्ग अनपेड उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी। यह बात प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने संगम सभागार में प्रेस वार्ता कर बताया। इस दौरान उनके साथ अपर मुख्य सचिव श्री नरेंद्र भूषण, चेयरमैन श्री आशीष गोयल एवं एमडी पंकज कुमार भी मौजूद रहे।
विद्युत बिल राहत योजना 2025 के अंतर्गत बकाया धनराशि को एक मुश्त जमा करने पर सरचार्ज में 100 प्रतिशत एवं मूलधन में 25 प्रतिशत तक छूट देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। ऊर्जा मंत्री ने इस योजना को जनता के लिए “सरकार का उपहार और जनसहभागिता से जुड़ी अभूतपूर्व पहल” बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी उपभोक्ता बिजली बिल के बोझ तले दबा न रहे और साथ ही राज्य की बिजली वितरण व्यवस्था आर्थिक रूप से सुदृढ़ बने। इस योजना से एक ओर जहां सरकारी खजाने में भारी राजस्व की वृद्धि होगी, वहीं दूसरी ओर घरेलू व वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को बड़ी आर्थिक राहत प्राप्त होगी।
एकमुश्त भुगतान पर सरचार्ज में 100 प्रतिशत तथा मूलधन में 25 प्रतिशत तक की छूट
ऊर्जा मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि योजना के अंतर्गत यदि कोई उपभोक्ता अपना बिजली बिल एकमुश्त जमा करता है, तो उसे सरचार्ज में 100 प्रतिशत के साथ-साथ बकाए के मूलधन में 25 प्रतिशत छूट मिलेगी। यह छूट तीन चरणों में दी जाएगी। प्रथम चरण (1 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक) पंजीकरण कराने पर 25 प्रतिशत, द्वितीय चरण (1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक) में 20 प्रतिशत तथा तृतीय चरण (1 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक) पंजीकरण कराने में 15 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। मंत्री श्री शर्मा ने कहा, “जो उपभोक्ता पहले पंजीकरण कर भुगतान करेंगे, उन्हें अधिक लाभ मिलेगा। इसलिए प्रदेश के नागरिकों से अपील है कि वे योजना के प्रथम चरण में ही भाग लें।
घरेलू और वाणिज्यिक दोनों वर्गों को लाभ
यह योजना घरेलू उपभोक्ताओं (2 किलोवाट तक) और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं (1 किलोवाट तक) दोनों के लिए लागू होगी।इतना ही नहीं, बिजली चोरी से संबंधित प्रकरणों में राजस्व निर्धारण धनराशि पर भी छूट देने का प्रावधान किया गया है। इससे उन उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी जो अनजाने में तकनीकी अथवा मीटर संबंधी त्रुटियों के कारण विवादों में फंसे हुए थे।
मासिक किस्तों में भुगतान की सुविधा, गरीब उपभोक्ताओं के लिए राहत
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार ने गरीब और मध्यमवर्गीय उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मासिक किस्तों में भुगतान की सुविधा भी दी है। इससे वे उपभोक्ता, जो एकमुश्त भुगतान करने में असमर्थ हैं, वे भी योजना का लाभ उठाकर अपने बकाया बिलों का निस्तारण कर सकते हैं। यह कदम प्रदेश के लाखों छोटे उपभोक्ताओं को आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने वाला होगा।
ओवर बिलिंग व अंडर बिलिंग वाले उपभोक्ताओं के लिए भी राहत
शर्मा ने कहा कि योजना के दौरान विभाग ओवर बिलिंग और अंडर बिलिंग वाले उपभोक्ताओं के बिलों का भी संशोधन करेगा, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त वित्तीय भार न पड़े और उन्हें सही व पारदर्शी बिलिंग का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि “यह केवल एक छूट योजना नहीं, बल्कि उपभोक्ता के विश्वास और पारदर्शिता को पुनः स्थापित करने की मुहिम है। ऐसे उपभोक्ताओं को बिल की धनराशि जमा करने हेतु एक मासिक औसत धनराशि निधारित की गई है। बिलिंग सिस्टम द्वारा इन उपभोक्ताओं के विद्युत बिल, नारमेटिव धनराशि के आधार पर संसोधित किए जायेंगे।
सुविधाजनक पंजीकरण प्रक्रिया
योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को अत्यंत सरल बनाया गया है। उपभोक्ता विभागीय वेबसाइट www.uppcl.org पर, संबंधित खंड/उपखंड कार्यालय, जन सेवा केंद्र (CSC) एवं किसी भी विभागीय कैश काउंटर से पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के संबंध में मंत्री श्री शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी उपभोक्ता को प्रक्रिया में कोई कठिनाई न हो और सभी आवेदन समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से स्वीकार किए जाएं साथ ही पूरी प्रक्रिया की सतत निगरानी भी की जाए।
विद्युत चोरी के प्रकरणों में राजस्व निर्धारण धनराशि में भी छूट
योजना के अंतर्गत चोरी के प्रकरणों में सम्मिलित व्यक्तियों को राजस्व निर्धारण धनराज में छूट प्राप्त करने हेतु व्यक्ति को पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण कराने के लिए व्यक्ति को 2000 ₹ अथवा राजस्व निर्धारण धनराशि का 10 प्रतिशत धनराशि जो भी अधिक हो, का भुगतान करना होगा।
श्री ए.के. शर्मा का संदेश: “जनता की सुविधा सर्वाेच्च
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि यह योजना जनता के लिए लाई गई एक अभूतपूर्व पहल है। हमने हमेशा यह प्रयास किया है कि जनता को न केवल बिजली मिले बल्कि राहत भी मिले। ‘बिजली बिल राहत योजना 2025’ से जनता को आर्थिक बोझ से मुक्ति मिलेगी और बिजली विभाग के प्रति उनका विश्वास और भी मजबूत होगा। उन्होंने आगे कहा कि यह योजना जनता की योजना, जनता के लिए है और हर उपभोक्ता को इसका लाभ लेना चाहिए।
प्रदेश के विकास की ऊर्जा यात्रा में नया अध्याय
शर्मा ने कहा कि यह योजना प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन का नया अध्याय जोड़ती है। इससे विद्युत वितरण निगमों की वसूली दर में सुधार होगा, बकाया घटेगा और नई परियोजनाओं के लिए संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य है ‘बिजली सबके लिए – राहत सबको।’ यह योजना उस दिशा में एक ठोस कदम है।
अधिकारी एवं जनता दोनों मिलकर इस योजना को बनाएं सफल
ऊर्जा मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन में कोई ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता को इसकी जानकारी मिले और वे आसानी से पंजीकरण कर सकें। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी/ कर्मचारी इस योजना को जनसंपर्क अभियान के रूप में जनता तक पहुंचाएं, ताकि हर पात्र उपभोक्ता इसका लाभ उठा सके। इसके साथ ही उन्होंने इस योजना के लगातार मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
सरकार के लिए जनता का हित सर्वाेपरि
शर्मा ने कहा कि यह योजना केवल छूट देने का निर्णय नहीं, बल्कि विश्वास और संवेदनशील शासन का प्रतीक है। उन्होंने कहा, हमारी सरकार की प्राथमिकता है जनता की सुविधा, सेवा और संतोष। बिजली बिल राहत योजना उसी सोच का प्रतिफल है, जो जनता को केंद्र में रखकर बनाई गई है।यह योजना उत्तर प्रदेश की ऊर्जा यात्रा को नई दिशा देने, उपभोक्ताओं के बोझ को कम करने और सरकार की पारदर्शी नीतियों को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
खुटहन(जौनपुर)पर्यावरण संरक्षण के नाम पर हर साल लाखों रुपये खर्च कर पौधारोपण अभियान चलाया जाता है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिलकुल विपरीत दिखती है। खुटहन विकास खण्ड कार्यालय के ठीक सामने लगाए गए पौधे लापरवाही की भेंट चढ़ गए हैं। अधिकांश पौधे या तो सूख चुके हैं या मरने की कगार पर हैं। यह दृश्य सरकारी योजनाओं की वास्तविकता और जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता को स्पष्ट रूप से उजागर करता है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ महीने पहले कार्यालय परिसर व मुख्य द्वार के सामने सौंदर्यीकरण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से दर्जनों पौधे लगाए गए थे। शुरुआती दिनों में कुछ देख-भाल जरूर की गई, परंतु बाद में न तो पानी दिया गया और न ही उचित सुरक्षा व्यवस्था की गई। परिणामस्वरूप, पौधे परवान चढ़ने से पहले ही मुरझा गए। जिन पौधों के चारों ओर जाल या ट्री-गार्ड लगाए गए थे, वे भी अब टूट-फूट गए हैं और अधिकांश पौधे गायब हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण है। पौधारोपण के समय अधिकारियों ने बड़े-बड़े दावे किए थे कि हर पौधे की देखभाल की जाएगी, लेकिन अब वही पौधे तिल-तिल कर मर रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि पौधारोपण केवल फोटो खिंचवाने और कागजों में हरियाली दिखाने तक सीमित रह गया है इसी लान के रास्ते से वीडियो का आना जाना लगा रहता है इस संबंध में वनविभाग इंस्पेक्टर ईश्वर चंद ने बताया कि लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए गांव में कार्यक्रम चलाया जा रहा है ब्लाक सभागार में ग्राम प्रधान व विकास अधिकारियों के साथ बैठक हो रही है ।