तेज़ रफ़्तार कार अचानक हुई अनियंत्रित,सड़क किनारे खाई में पलटी
शादी से लौटते समय हुआ हादसा, बाल-बाल बचे सवार
खेतासराय (जौनपुर): खेतासराय-दीदारगंज मुख्य मार्ग पर स्थित शाहापुर के समीप भोर में एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे स्थित खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार चार लोग बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई और सभी को मामूली चोटें बताई जा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार खेतासराय क्षेत्र के अब्बोपुर गांव में शादी में शामिल होने के लिए आएं थे। विवाह समारोह सम्पन्न कराने के बाद वे कार से वापस लौट रहे थे। बताया जाता है कि वाहन तेज गति से चल रहा था, तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क के किनारे खाई में पलट गई।
हादसे की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और कार सवार सूचना पाकर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल में जुट गई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार सवार जौनपुर शहर के किस मोहल्ले के रहने वाले थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खेतासराय (जौनपुर) होली और रमजान महीने को लेकर शुक्रवार को थाना परिसर में उपजिलाधिकारी शाहगंज कुणाल गौरव की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें सौहार्दपूर्ण वातावरण में भाई-चारा के साथ त्योहार मनाने की लोगों से अपील की गई। इस दौरान उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव ने होलिका दहन, होली जुलूस आदि की जानकारी ली, जिसको होली जुलूस के अध्यक्ष जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय ने पूरी जानकारी दी। त्योहार को लेकर नगर की साफ-सफाई के मुद्दे पर चेयरमैन वसीम अहमद ने भरोसा दिलाया की समय से पूर्ण कर लिया जाएगा। सहायक पुलिस अधीक्षक सृष्टि जैन तथा क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने लोगों से शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील किया। बैठक में नायब तहसीलदार राहुल सिंह, व्यापार मण्डल नगर अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा, सैय्यद ताहिर, शांतिभूषण मिश्र, मो. असलम खान, कपूरचंद्र जायसवाल, मनीष गुप्ता, इलियास (मोनू) समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रबंधक महासंघ ने रोवर रेंजर्स में धांधली को लेकर कुलपति से की शिकायत
जौनपुर । वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय को कुलपति को ज्ञापन दिया । इसमें रोवर रेंजर्स 2026 अलॉटमेंट में धांधली होने शिकायत की शिकायत की और कहा कि अगर स्ववित्तपोषित कालेजो को रोवर रेंजर्स मे अलॉटमेंट में सम्मिलित नहीं किया गया तो धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे । स्ववित्तपोषित पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रबंधन महासंघ के अध्यक्ष डॉ दिनेश तिवारी के नेतृत्व में प्रबंधकों ने कुलपति प्रो वंदना सिंह से मुलाकात की उन्हें ज्ञापन दिया। जिसमें आरोप लगाया कि रोवर रेंजर्स 2026 अलॉटमेंट में धांधली की गई है। जिसमें स्ववित्तपोषित महाविद्यालय को विगत दो वर्षों से कार्यक्रम करने हेतु नामित नहीं किया जा रहा है।
अनुदानित महाविद्यालय को नियमित अलॉटमेंट किया गया है पूर्वांचल विश्वविद्यालय से कुल 650 स्ववित्तपोषित कॉलेज है । जिसमें ना तो प्रस्ताव मांगा गया ना कोई सूचना ही दी गई। इससे प्रतीत होता है कि विश्वविद्यालय द्वारा स्ववित्तपोषित महाविद्यालय को कमेटी द्वारा अनदेखा अपमानित किया जा रहा है। जिसका स्ववित्तपोषित प्रबंधक महासंघ घोर निंदा करता है। स्ववित्तपोषित महाविद्यालय जनपदीय समागम अलॉटमेंट में सम्मिलित नहीं किया गया ,तो 5 मार्च के बाद विश्वविद्यालय में धरना प्रदर्शन अनशन के लिए प्रबंधक लोग बाध्य होंगे। इस अवसर पर वंदना सिंह ने जांच विचार कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया। इस अवसर मौके पर संरक्षक अशोक दूबे, संजय सिंह, आनंद शंकर श्रीवास्तव, रामनाथ यादव, राजकुमार मौर्य, शेषनाथ शर्मा मौजूद रहे।
गूजरताल वेटलैंड विकास कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर
खेतासराय(जौनपुर): शाहगंज रेंज अंतर्गत स्थित गूजरताल वेटलैंड में संचालित पारिस्थितिकीय अवस्थापना एवं विकास परियोजना के कार्यों का प्रभागीय निदेशक ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा में पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि वेटलैंड संरक्षण परियोजना पर्यावरणीय संतुलन, जैव विविधता संरक्षण तथा स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र के सुदृढ़ीकरण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कार्य मानकों के अनुरूप, पारदर्शिता के साथ और तय समयावधि में पूरे किए जाएं।
परियोजना के अंतर्गत झील क्षेत्र की सफाई, जलनिकासी व्यवस्था के सुधार, तट सुदृढ़ीकरण, जैव विविधता संरक्षण तथा आवश्यक अवस्थापना विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान प्रभागीय निदेशक ने मोटर बोट के माध्यम से गूजरताल का भ्रमण कर स्थल की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने जलभराव, गाद निकासी, कचरा निस्तारण तथा आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभागीय अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा अब तक पूर्ण किए गए कार्यों की जानकारी दी। प्रभागीय निदेशक ने कहा कि गूजरताल वेटलैंड न केवल पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह स्थानीय लोगों के लिए आजीविका और पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ा सकता है।
NEET PG में सफलता: डॉ. सुरेश बनेंगे पल्मोनरी विशेषज्ञ
खेतासराय (जौनपुर)। जनपद के जर्रो गांव निवासी होनहार युवा डॉ. सुरेश कुमार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET PG) में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी द्वारा जारी फाइनल अलॉटमेंट लेटर के अनुसार उन्हें मुंबई स्थित सेठ गोवर्धनदास सुंदरदास मेडिकल कॉलेज एवं केईएम हॉस्पिटल में एमडी (पल्मोनरी मेडिसिन) पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला है। इस उपलब्धि के साथ वे फेफड़ों एवं श्वसन रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक बनने की दिशा में अग्रसर हो गए हैं।
डॉ. सुरेश कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जौनपुर के गुलालपुर स्थित बृजेश इंटर कॉलेज से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर तक पूरी की। छात्र जीवन से ही वे मेधावी, अनुशासित और परिश्रमी रहे हैं। कठिन परिश्रम, नियमित अध्ययन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में से एक में सफलता अर्जित की। उनके पिता बदई राम गांव में कृषि एवं मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने पुत्र की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। माता-पिता के त्याग, मार्गदर्शन एवं परिवार के सहयोग ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. सुरेश कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि वे भविष्य में जौनपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञ सेवाएं देना चाहते हैं, ताकि ग्रामीण एवं जरूरतमंद मरीजों को महानगरों की ओर न जाना पड़े और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा अपने ही जिले में उपलब्ध हो सके। उनकी इस उपलब्धि से गांव एवं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
jaunpur News : पीयू पर्यावरण विज्ञान विभाग के तीन विद्यार्थी यूजीसी-नेट में सफल
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग के तीन मेधावी छात्रों—साक्षी मौर्य, आकाश चतुर्वेदी एवं सांची सुदास—ने दिसंबर 2025 में आयोजित यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर विभाग एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिसर में हर्ष का वातावरण है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता न केवल विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है, बल्कि विभाग की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक परंपरा का भी प्रमाण है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके उत्तरोत्तर प्रगति की अपेक्षा व्यक्त की।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह, डीन प्रो. राजेश शर्मा, पर्यावरण विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक कुमार पाण्डेय, डॉ. मनीष कुमार गुप्ता, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद यादव सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों एवं संकायाध्यक्षों ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों एवं विभाग को बधाई दी।
खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्र के गुजरताल मोड़ से फायर स्टेशन तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मानक के विपरीत निर्माण कार्य होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि बोल्डर डालने के बाद महीनों तक कार्य बंद पड़ा रहा, जिससे सामग्री बिखर गई और सड़क की सतह असामान्य हो गई है। इससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने निर्माण कार्य को पूरी तरह घटिया बताते हुए जांच की मांग की। स्थानीय भाजपा बूथ अध्यक्ष निखिल सिंह ने भी निर्माण कार्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्य मानक के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष है।
वहीं, स्थानीय निवासी रविन्द्र निषाद (मंगल), बर्फा देवी, आरती देवी, सुनीता देवी, दशरथ निषाद और शिवशंकर समेत अन्य ग्रामीणों ने ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मानक के अनुरूप निर्माण नहीं किया जा रहा है। विरोध करने पर संबंधित जेई द्वारा यह कहकर टाल दिया जाता है कि कार्य निर्धारित मानक के अनुसार ही हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मामले की शिकायत स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि ठेकेदार जैसे-तैसे निर्माण कार्य पूरा कर मौके से हट गया। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की
राज्यस्तरीय टीम ने शाहगंज ब्लॉक के 20 स्वास्थ्य केन्द्रो का लिया जायजा
राज्य सरकार द्वारा गठित दो सदस्यी स्वास्थ्य टीम ने स्वास्थ सेवाओं की धरातल पर ली जानकरी
खेतासराय(जौनपुर): राज्य सरकार द्वारा गठित स्वास्थ्य टीम तीन दिवसीय दौरे पर है जो शाहगंज ब्लाक की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेने क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर जा पहुंची जहाँ पर बारीकी से बारी बारी स्वास्थ्य सेवाओं का क्रमवार निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्तर पर मिलने वाली सरकार द्वारा संचालित हो रही योजनाओं की जानकारी ली। तीन दिनों तक स्वास्थ्य विभाग में हड़कम्प मचा रहा।
लेखा जोखा अभिलेखों का रखरखाव सहित साफ सफाई व्यवस्था अवषधि भण्डारण को सही करने में कर्मचारी लगे रहे। जांच टीम ने सबसे पहले सीएचसी शाहगंज का निरिक्षण किया जहाँ पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, मरीजों और तीमारदारों के बैठने, साफ सफाई, शौचालय, 24 घंटे विद्दूत आपूर्ति औषधि और जाँच की व्यवस्था का जायजा लिया गया वार्ड मे भर्ती मरीजों से मिलकर उनको मिलने वाली सुविधाओं के बारे मे जानकारी लिया।
रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी जांच टीम पहुंची जहां पर संचलित कुल 19 स्वास्थ्य केंदो का भ्रमण किया राज्य स्तरीय टीम के साथ पीएचसी सोंधी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ सूर्य प्रकाश यादव, बीपीएम सुजीत कुमार मौर्य, आईओ राहुल यादव मौजूद रहे टीम के द्वारा सीएचसी मेहरावा, पीएचसी सोंधी, बीबीगंज, मदरहा, ताखा पश्चिम, सोंगर और उपकेंद्र ताखा, बड़ागांव, रसूलपुर, सिधाई, सबरहद, डोमनपुर, खलौतीपुर, पोरइखुर्द, जैगहा, मानीकला, अर्जनपुर, लपरी और धौरईल का जायजा लिया। स्वास्थ्य केन्द्रों पर मिलने वाली सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिया गया। टीम के द्वारा कुल 20 केन्द्रो की जाँच कर जाँच रिपोर्ट लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
जौनपुर को मिलेंगी और बड़ी विकास की सौगातें”: राज्यमंत्री गिरीश चंद्र
ब्लॉक में तीन गेट एक मार्डन सभागार का हुआ लोकार्पण ,ब्लॉक के सभी गांवो के विकास में नहीं होगी कमी : सुनील यादव मम्मन
JAUNPUR NEWS जौनपुर। प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव ने विकासखंड करंजाकला में करीब तीन करोङ के ग्रामीण विकास योजनाओं कार्यो का शिलान्यास किया । इस दौरान उन्होंने परिसर में शहीद स्तंभ तीन गेट मार्डन सभागार व अन्य कार्यालय का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया । उन्होंने कहा कि जौनपुर को और विकास योजना की बड़ी सौगातें मिलेगी । जिसमे रिंग रोड हाईवे ओवर ब्रिज समेत जल्दी ही ऑडिटोरियम तैयार हो जाएगा ।
प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव ने विकासखंड करंजाकला के आधुनिक मॉडर्न सभागार का लोकार्पण किया। तीन मॉडर्न गेट का लोकार्पण किया। शहीद स्तंभ मॉडर्न शौचालय सेमत तीन करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। जिसमें गांव के विकास की दो करोड़ 23 लाख की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया ।
विकासखंड के आधुनिक बनाने की प्रशंसा करते हुए कहा कि चौमुखी विकास हो रहा है। राज्यमंत्री गिरीशचंद्र ने कहा कि जौनपुर में कई और बड़ी विकास सौगातें मिलेगी। इसके लिए प्रयास जारी है और जल्दी ही ऑडिटोरियम ओवर ब्रिज रिंग रोड फोरलेन सभी जौनपुर को तैयार होकर मिल जाएगा उन्होंने ग्राम प्रतिनिधियों समूह सखियो को अच्छे काम के लिए धार्मिक पुस्तक देकर सम्मानित किया।
भाजपा नेता ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव मम्मन ने कहा कि करंजाकला में चौमुखी विकास में कोई कोर कसर नहीं छोडूंगा और गांव को आधुनिक व्यवस्थाओं को उपलब्ध कराने में ध्यान दिया जाएगा। इसके पूर्व आए हुए अतिथियो,प्रधान, बीडीसी को ब्लॉक प्रमुख पूनम यादव और भाजपा नेता सुनील यादव मम्मन ने अंगवस्त्र में स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस दौरान पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख पूनम यादव , अजय सिंह खर्चू , परियोजना निदेशक पीडी कृष्ण करूणाकर पांडेय ने लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर शरद सिंह, जितेंद्र सिंह, रामसूरत मौर्या तेजू ,राजकेशर पाल ,प्रशांत सिंह, राजू सिंह दादा ,सुमित सिंह, धर्मेंद्र मिश्रा, उपेंद्र मिश्रा संतोष मौर्य, श्यामबाबू यादव, नागेंद्र यादव, डॉ सौरभ कुमार पांडेय, संजय कुमार यशवंत झा, मनोज सिंह, रामकृष्ण यादव, चंदन यादव ,मनीषा यादव ,रमेश यादव, उमाशंकर मौजूद रहे।
प्रथम प्रयास में पीयू के दो विद्यार्थियों ने CSIR-NET में मारी बाजी
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय अंतर्गत सूक्ष्मजीवविज्ञान विभाग के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि एम.एससी. माइक्रोबायोलॉजी के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों मोहम्मद अदनान एवं नामीरा खान ने प्रतिष्ठित CSIR-NET दिसंबर 2025 परीक्षा को प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
दोनों विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत, निरंतर अध्ययन, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। CSIR-NET जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षा में प्रथम प्रयास में सफलता प्राप्त करना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि विभाग एवं विश्वविद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है।
इस उत्कृष्ट सफलता पर सूक्ष्मजीवविज्ञान विभाग के प्राध्यापकों, शोधार्थियों, सहपाठियों एवं समस्त विश्वविद्यालय परिवार ने दोनों विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी और वे भी उच्च शैक्षणिक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित होंगे।