JAUNPUR NEWS जौनपुर : जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री के प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी सभी किसानों को योजना से जोड़ने का अभियान तेज जनपद के सभी किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से आच्छादित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट परिसर से फार्मर रजिस्ट्री के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के प्रति जागरूक करना और उन्हें इससे जुड़ी सुविधाओं का लाभ दिलाना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रचार वाहन जिले के सभी विकासखण्डों में पहुंचकर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लाभों के बारे में जानकारी देगा।उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, धान और गेहूं की सरकारी खरीद, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड समेत खेती से जुड़ी अधिकांश सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही दिया जाएगा। इसलिए सभी किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि किसान जनसेवा केंद्र के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। इसके अलावा कृषि, राजस्व और पंचायत विभाग के कर्मचारी भी किसानों को रजिस्ट्री कराने में सहयोग कर रहे हैं। किसान चाहें तो अपने मोबाइल फोन पर फार्मर रजिस्ट्री का लिंक डाउनलोड कर स्वयं भी पंजीकरण कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप जनपद में अब तक 71 प्रतिशत से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है।अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस अभियान से जल्द ही जिले के शत प्रतिशत किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ा जा सकेगा, ताकि जनपद का कोई भी पात्र किसान योजनाओं से वंचित न रह सकें।इस अवसर पर उप निदेशक कृषि डा. बीबी द्विवेदी, उप परियोजना निदेशक आत्मा डा. रमेश चंद्र यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।




