Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजौनपुरक्षेत्र पंचायत की अंतिम बैठक में लगभग पाँच करोड़ के विकास प्रस्तावों...

क्षेत्र पंचायत की अंतिम बैठक में लगभग पाँच करोड़ के विकास प्रस्तावों पर मुहर

विकास खण्ड शाहगंज के सोंधी सभागार में हुई बैठक

खेतासराय (जौनपुर): विकास खण्ड शाहगंज स्थित सोंधी सभागार में क्षेत्र पंचायत की अंतिम बैठक सकुशल सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख मंजू सिंह ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के समग्र विकास, विभिन्न योजनाओं की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व में स्वीकृत 124 विकास कार्यों में से 87 कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन देते हुए उन्होंने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। साथ ही जनहित से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य एवं टीकाकरण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, पेयजल, पशुपालन, पेंशन, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। क्षेत्र पंचायत की इस अंतिम बैठक में लगभग पाँच करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक को भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सिंह विद्यार्थी, मंडल अध्यक्ष अजय सिंह, डॉ. सूरत बिंद सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक प्रमुख मंजू सिंह ने कहा कि उनका कार्यकाल लगभग पूरा होने को है और यह पाँच वर्ष कैसे बीत गए, पता ही नहीं चला। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत एक परिवार की तरह रही है और सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ही विकास कार्य संभव हो सके। उन्होंने सभी के सहयोग और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रधान संघ अध्यक्ष अशोक यादव डब्लू, अज़ीम सिद्दीकी, प्रधान महेंद्र, हरिश्याम प्रजापति, नीरज सिंह डब्लू, बाबा सिंह, प्रधान संदीप, मंडल अध्यक्ष उपेंद्रनाथ मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजय सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन कमलाकांत मौर्य ने किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments