जमीन के विवाद में हुई हत्या का मामला, आरोपियों के घर दबिश देकर पुलिस ने की कार्रवाई
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी बरामद, सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई
खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्र के रानीमऊ गांव में जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट और हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों और एक महिला समेत तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में नामजद दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। गुरुवार की सुबह पुलिस टीम ने खुटहन थाना क्षेत्र के सेठुआपारा गांव में दबिश देकर यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में से एक की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाठी भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, बीते 20 अक्टूबर को रानीमऊ गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान मोहम्मद अकरम की मौत हो गई थी। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया था। मामले में मृतक की पत्नी नरगिस ने 21 अक्टूबर को खेतासराय थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब 9:15 बजे पुलिस टीम ने खुटहन थाना क्षेत्र के सेठुआपारा गांव में आरोपियों के घर दबिश दी। इस दौरान फरहान और रेहान पुत्रगण मोहम्मद वहाजुद्दीन तथा हुस्नआरा पत्नी मोहम्मद वहाजुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा घटना में नामजद दो बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी फरहान की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी बरामद की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया, जबकि दोनों बाल अपचारियों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का इस मुकदमे के अतिरिक्त कोई अन्य आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार राय, हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव, अंबिका यादव, कांस्टेबल आशुतोष तिवारी, गौरव तोमर तथा महिला कांस्टेबल प्रियंका प्रजापति और प्रियंका गुप्ता शामिल रहीं।






