परिवार में अकाल मृत्यु का भय दिखाकर जीता भरोसा
तंत्र-मंत्र के नाम पर ससुर से ऐंठा बहू का मंगलसूत्र और सोने की बालियां
खेतासराय (जौनपुर): अंधविश्वास और अनहोनी का भय दिखाकर ठगी करने का एक हैरान करने वाला मामला क्षेत्र के जैगहां फरीदपुर गांव में सामने आया है। यहां जलपान की दुकान चलाने वाले एक दुकानदार को परिवार में अकाल मृत्यु होने का भय दिखाकर एक कथित तांत्रिक ने अपने झांसे में ले लिया। तंत्र-मंत्र के जरिए जेवर शुद्ध करने का झांसा देकर वह दुकानदार की पुत्रवधू का मंगलसूत्र और सोने की कान की बालियां लेकर फरार हो गया। ठगी का शिकार हुए परिवार के मुताबिक, जेवरों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है।
जानकारी के अनुसार, जैगहां फरीदपुर गांव निवासी राजेंद्र बिन्द की जलपान की दुकान है। शनिवार की दोपहर एक युवक उनकी दुकान पर पहुंचा और अंडा खाकर बातचीत करने लगा। इसी दौरान उसने राजेंद्र को उनके परिवार में अकाल मृत्यु होने का भय दिखाया और धीरे-धीरे उन्हें अपने विश्वास में ले लिया। कथित तांत्रिक की बातों में आकर राजेंद्र उसकी बताई गई तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया में शामिल हो गए।
आरोप है कि युवक ने तंत्र-मंत्र के लिए घर से चावल मंगवाया और परिवार के आभूषणों को शुद्ध करने की बात कही। उसकी बातों में आकर राजेंद्र अपनी पुत्रवधू पुष्पा बिन्द का मंगलसूत्र और सोने की कान की बालियां लेकर आ गए। इसके बाद कथित तांत्रिक चावल और जेवरों पर झाड़-फूंक करने लगा। उसने आगे की प्रक्रिया गांव के बाहर करने की बात कही और खुद वाहन से बताए गए स्थान पर पहुंच गया। साथ ही परिवार के लोगों को भी वहां आने के लिए कहा।
परिजन जब उसके बताए गए स्थान पर पहुंचे तो कथित तांत्रिक वहां से गायब था। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब उसका कहीं पता नहीं चला तो परिवार को ठगी का एहसास हुआ। परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन तब तक वह जेवर लेकर फरार हो चुका था। अनहोनी के भय और तंत्र-मंत्र के नाम पर भरोसा करना परिवार को भारी पड़ गया। बहू के सुहाग की निशानी मंगलसूत्र समेत कीमती आभूषण गंवाने से परिवार परेशान है।
थक-हारकर पीड़ित परिवार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। हालांकि, थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।






