Homeउत्तर प्रदेशजौनपुरपारिवारिक कलह के बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

पारिवारिक कलह के बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

डेढ़ साल के जुड़वा बच्चों के सिर से उठा मां का साया

खेतासराय(जौनपुर): क्षेत्र के मारूफपुर पुर गाँव में शुक्रवार की देर रात पारिवारिक कलह के बाद 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि विवाहिता ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुँचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मारूफपुर गाँव निवासी किशुन सोनकर के बड़े पुत्र विजय सोनकर की पत्नी नैना सोनकर (25 वर्ष) शुक्रवार की रात करीब 11 बजे अचानक गम्भीर हालत में हो गईं। परिजनों के अनुसार उन्होंने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया था। घटना की जानकारी मिलते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुँचे। हालत गम्भीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी।

इसके बाद परिजन नैना को जिला अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ चिकित्सकों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जाता है कि नैना के दो जुड़वा बच्चे हैं। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व जन्मे जुड़वा बच्चों के नाम सुनैना और साक्षत बताए गए हैं। माँ की अचानक मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। जिस घर में डेढ़ साल पहले जुड़वा बच्चों की किलकारियों से खुशियां गूंजी थीं, वहाँ अब मातम पसरा हुआ है। बच्चों की मासूमियत और माँ की असमय मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

नैना परिवार की बड़ी बहू थीं। उनके पति विजय सोनकर रोजी-रोटी के सिलसिले में रायपुर में रहते हैं, जहाँ वह फल का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पत्नी की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments