अधिकारियों को दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
खेतासराय (जौनपुर): केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क एवं जनकल्याण कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत क्षेत्र के पोरई व शाहापुर गांव में आयोजित जन चौपाल में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री (खेल एवं युवा कल्याण) गिरीश चंद्र यादव ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से बताते हुए जनहित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
चौपाल में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, पेंशन, राशन तथा राजस्व संबंधी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने एक-एक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के आवश्यक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपने संबोधन में गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनता की समस्याओं का समाधान उनके गांव और क्षेत्र में ही हो, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मंत्री ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही जनता के प्रति है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन चौपाल में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा उसकी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। कई मामलों में मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों से जानकारी तलब करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आदेश दिया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, ग्राम प्रधान, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जन चौपाल के माध्यम से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होने से लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और उनके समाधान की उम्मीद जताई। खण्ड विकास अधिकारी गजेन्द्र प्रताप सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सूर्यप्रकाश यादव, अजय सिंह, मनीष गुप्ता, धर्मेंद्र मिश्रा, राम सूरत बिंद, प्रधान कृपा शंकर राजभर, सप्लाई विभाग राजेश यादव, जे. ई. संजय प्रजापति, एडीओ पंचायत दीपक यादव समेत आदि लोग उपस्थित रहे।










