भाजपा बूथ अध्यक्ष ने लगाया घटिया कार्य का आरोप
खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्र के गुजरताल मोड़ से फायर स्टेशन तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मानक के विपरीत निर्माण कार्य होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि बोल्डर डालने के बाद महीनों तक कार्य बंद पड़ा रहा, जिससे सामग्री बिखर गई और सड़क की सतह असामान्य हो गई है। इससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने निर्माण कार्य को पूरी तरह घटिया बताते हुए जांच की मांग की। स्थानीय भाजपा बूथ अध्यक्ष निखिल सिंह ने भी निर्माण कार्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्य मानक के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष है।
वहीं, स्थानीय निवासी रविन्द्र निषाद (मंगल), बर्फा देवी, आरती देवी, सुनीता देवी, दशरथ निषाद और शिवशंकर समेत अन्य ग्रामीणों ने ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मानक के अनुरूप निर्माण नहीं किया जा रहा है। विरोध करने पर संबंधित जेई द्वारा यह कहकर टाल दिया जाता है कि कार्य निर्धारित मानक के अनुसार ही हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मामले की शिकायत स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि ठेकेदार जैसे-तैसे निर्माण कार्य पूरा कर मौके से हट गया। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की




