Home Blog

खड़ी ट्रक में ई-रिक्शा की टक्कर, चालक गम्भीर रूप से घायल

0

खेतासराय (जौनपुर): खेतासराय-जौनपुर मुख्य मार्ग पर युनुसपुर मोड़ के समीप सड़क किनारे खड़ी ट्रक से ई-रिक्शा की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, मनेछा निवासी रंजीत शर्मा पुत्र नरसिंह शर्मा (30 वर्ष) गुरुवार देर शाम अपना ई-रिक्शा लेकर खेतासराय चौराहे से घर जा रहे थे। वह युनुसपुर मोड़ के समीप पहुंचे ही थे कि सड़क किनारे खड़ी ट्रक से उनका ई-रिक्शा टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रंजीत शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। वहीं, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है।

बारिश से कच्चा मकान धराशाई, गृहस्थी का सामान क्षतिग्रस्त, हजारों का नुकसान

0

खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्र में लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश ने ग्रामीण इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शाहगंज ब्लॉक के मवई गांव में बारिश के चलते एक कच्चे मकान की दीवार अचानक धराशाई हो गई। दीवार गिरने से पड़ोसी के घर में रखा हैंडपंप, चारपाई, बर्तन सहित अन्य गृहस्थी का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, संयोगवश घटना के समय कोई भी व्यक्ति दीवार के आसपास मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार, मवई गांव निवासी नईम के कच्चे मकान की दीवार लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर होकर अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दीवार का मलबा पड़ोस में रहने वाली शबाना के आंगन में जा गिरा। मलबे की चपेट में आने से शबाना का हैंडपंप, चारपाई, बर्तन तथा अन्य घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गए।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, इस घटना में करीब 15 हजार रुपये मूल्य के घरेलू सामान के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण गांव में कई कच्चे मकानों की दीवारों और छतों पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में लोगों को काफी सतर्क रहने की जरूरत है।

घटना की सूचना मिलने पर प्रधान प्रतिनिधि रामप्रसाद यादव ने मामले से राजस्व विभाग को अवगत कराया। सूचना के बाद गुरुवार को हल्का लेखपाल ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

JAUNPUR NEWS,पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने शुरू की नई परंपरा

0
JAUNPUR NEWS,पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने शुरू की नई परंपरा
JAUNPUR NEWS,पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने शुरू की नई परंपरा

पूर्व विधायक ने शुरू की नई परंपरा,सैकड़ो बहनों से बंधवाई राखीपूर्व विधायक ने शुरू की नई परंपरा,सैकड़ो बहनों से बंधवाई राखी

केराकत [ जौनपुर ] विधानसभा क्षेत्र केराकत के पूर्व विधायक,वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश चौधरी ने ब्लॉक जलालपुर,ब्लॉक केराकत एवं ब्लॉक डोभी के अंतर्गत आने वाली सैकड़ों आशा/आंगनवाड़ी कार्यकर्ती, आंगनवाड़ी की सहायिका एवं समूह की सैकड़ों महिला बहनों से केराकत ब्लाक एवं डोभी ब्लाक के सभागार में आयोजित रक्षाबंधन महोत्सव कार्यक्रम के तहत राखी बंधवाया। परिषदीय विद्यालयों में रसोइया के कार्य को संपन्न करने वाली रसोइया बहनों से भी राखी बंधवाया। यह कार्यक्रम खुद पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने आयोजित किया था।

माहौल खुशनुमा होने के साथ-साथ भावपूर्ण भी था क्योंकि अधिकांश महिलाओं में इस बात की चर्चा थीं कि हम लोगों की पूछ इस प्रकार से हो रही है और एक जनप्रतिनिधि हम सब के बीच में आज हम सब का भाई बनकर के बैठा हुआ है,हम लोगों से राखी बंधवा रहा है। हमें उपहार दे रह है। उपस्थित बहनों के चेहरे खुशी से चमक रहे थे।

पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने कहा कि हम इस परंपरा को आगे और बृहद स्तर पर करेंगे। इस बार समयाभाव होने के नाते अभी बहुत कुछ मेरे मन का हो नहीं पाया है। भाई-बहन के इस अटूट रिश्ते को सदैव निभाने का मैं संकल्प लेता हूं। और अपनी बहनों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहूंगा। किसी भी प्रकार के संकट में इन बहनों के साथ मैं कंधे से कंधा मिलाकर के उनकी लड़ाई को अपनी लड़ाई समझकर के लडूंगा।

आज इतनी बड़ी संख्या में बहनों ने मुझे जो अपना स्नेह दिया है आशीर्वाद दिया है मेरी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर के मुझे अपना भाई स्वीकार किया है। वाकई मैं अपनी बहनों के कर्ज में आज डूब गया। सभी बहने खूब आशीष और स्नेह प्रदान की।

पूर्व विधायक ने राखी बंधवाने के उपरांत अपनी ओर से वस्त्र एवं मिष्ठान का उपहार प्रत्येक महिलाओं को प्रदान करते हुए उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं भी प्रदान किया।

कार्यक्रम केराकत ब्लॉक तथा डोभी ब्लाक के सभागार में आयोजित हुआ दोनों आयोजन में करीब 300 से अधिक महिलाओं ने सामूहिक तौर पर पूर्व विधायक दिनेश चौधरी को रक्षा सूत्र बांधकर के,उन्हें तिलक लगाकर के,उनकी आरती उतारी और उन्हें अपने रक्षा का संकल्प भी दिलवाया।

उक्त अवसर पर भाजपा थानागद्दी के मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा,भाजपा बजरंगनगर के मंडल अध्यक्ष हरिहर राजभर,भाजपा डोभी के मंडल अध्यक्ष अभिनव सिंह गोलू,वीरेश राय,रामसमूझ निषाद,संजय सिंह सहित सैकड़ो लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा के जिलामंत्री गौतम मिश्रा गोलू ने किया ।

संगठन की लंबित मांगें स्वीकार होने पर सरकार को धन्यवाद, विधान परिषद चुनाव में उतरने की तैयारी तेज

0


उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) की एक महत्वपूर्ण बैठक आज श्री बलराम यादव जनसेवा इंटर कॉलेज, कलीचाबाद, जौनपुर में प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से आच्छादित करने, प्रधानाचार्यों का चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किए जाने तथा शिक्षकों के लिए ऑनलाइन एकल स्थानांतरण की नीति लागू किए जाने जैसी संगठन की लंबे समय से लंबित मांगों को वर्तमान सरकार द्वारा स्वीकार कर लागू किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के प्रति बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


बैठक में वर्तमान शैक्षिक सत्र में संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाने के लिए अधिक से अधिक शिक्षकों को संगठन की सदस्यता दिलाने तथा विद्यालय स्तर पर मंत्रियों एवं अध्यक्षों द्वारा सदस्यता अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही
आगामी दिसंबर माह में प्रस्तावित वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में संगठन की भागीदारी को लेकर पदाधिकारियों ने गंभीरता से विचार-विमर्श किया। चुनाव लड़ने की तैयारी के लिए संगठनात्मक स्तर पर रणनीति तैयार करने तथा सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को सक्रिय रूप से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि संगठन पूर्व में दो बार विधान परिषद चुनाव लड़ चुका है। इस बार संगठन की चुनावी रणनीति नवीन एवं प्रभावशाली होगी। संगठन शिक्षकों के मान-सम्मान, हक-अधिकार, सेवा सुरक्षा तथा वित्तविहीन शिक्षकों के हितों को प्रमुखता से लेकर चुनाव मैदान में उतरेगा।
जिलाध्यक्ष राज केशर यादव ने कहा कि शिक्षकों के बीच यह भावना मजबूत हो रही है कि उनका शिक्षक विधायक वही होना चाहिए, जो स्वयं शिक्षकों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के लिए निरंतर निष्पक्ष एवं ईमानदारी से संघर्ष करता रहा हो तथा उनके सुख-दुख में सदैव खड़ा रहा हो।
जिला उपाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाल ने कहा कि आगामी विधान परिषद चुनाव लड़ने के लिए संगठन पूर्ण रूप से तैयार है।जिला कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य राकेश कुमार ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए संगठन के पदाधिकारियों के साथ प्रत्येक शिक्षक को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटना होगा। मंडलीय मंत्री अजीत चौरसिया ने कहा कि संगठन पहले भी विधान परिषद चुनाव लड़ चुका है और उसके पास चुनाव लड़ने का अनुभव है। पिछली कमियों को दूर करते हुए इस बार आधुनिक साधनों को चुनावी रणनीति के माध्यम से प्रभावी चुनाव अभियान चलाया जाएगा। बैठक में जनपद स्तर पर शिक्षकों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड बनवाने के लिए कई विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आईडी,पासवर्ड उपलब्ध न होने से शिक्षकों में उत्पन्न नाराजगी को शीघ्र दूर कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।इसके साथ ही मानव संपदा पोर्टल पर सेवा पुस्तिका, अर्जित अवकाश एवं चिकित्सा सुविधा संबंधी अभिलेखों को अपडेट कराने, विद्यालयों में शिक्षकों की वरिष्ठता सूची एवं एनपीएस रजिस्टर को शीघ्र पूर्ण कराकर प्रमाणित कराने पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि शिक्षकों के अभिलेख एवं देयकों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
बैठक में पूर्व जिला मंत्री शैलेंद्र कुमार, अर्जुन यादव, डॉ. कमला प्रसाद यादव, डॉ. नागेंद्र प्रसाद यादव, जिला संयुक्त मंत्री विजय प्रकाश गौतम सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन द्वारा विधान परिषद चुनाव लड़ने का समर्थन किया।
बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान तथा आगामी विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. चन्द्रसेन, कुन्दन जायसवाल, राजेश कुमार, डॉ. कमला प्रसाद यादव, राजकुमार यादव, अर्जुन सिंह, राकेश कुमार, शैलेंद्र कुमार, डॉ. नागेंद्र प्रसाद, अरविंद कुमार सहित अनेक शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन प्रांतीय मंत्री कमल नयन ने किया

इंजन में खराबी के कारण 22 मिनट खड़ी रही मालगाड़ी, फाटक पर लगा जाम

0

खेतासराय (जौनपुर): वाराणसी-अयोध्या रेलखंड पर खेतासराय रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार को इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण अयोध्या की ओर जा रही मालगाड़ी करीब 22 मिनट तक खड़ी रही। मालगाड़ी के अचानक रुक जाने से रेलवे क्रॉसिंग का गेट बंद रहा, जिसके चलते फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, अयोध्या की ओर जा रही मालगाड़ी खेतासराय स्टेशन के पास स्थित गेट संख्या 55 एसपीएल से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और आवाज के साथ मालगाड़ी रुक गई। ट्रेन के रुकने के कारण रेलवे फाटक बंद रहा और देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।

फाटक के लंबे समय तक बंद रहने से कई वाहन चालक इंतजार करते-करते परेशान हो गए। आरोप है कि कुछ राहगीर और दोपहिया वाहन चालक बंद फाटक के नीचे से वाहन निकालकर आगे बढ़ने लगे। इस दौरान फाटक पर वाहनों को रोकने और लोगों को नीचे से निकलने से रोकने को लेकर भी सवाल उठे। लोगों का कहना था कि रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं दिखाई दी।

करीब 22 मिनट तक मालगाड़ी खड़ी रहने के कारण सड़क मार्ग से आवागमन प्रभावित रहा। हालांकि, मालगाड़ी के इंजन में आई खराबी को ठीक किए जाने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया और फाटक खोल दिया गया। इसके बाद दोनों तरफ खड़े वाहनों को राहत मिली और यातायात सामान्य हो सका।

इस संबंध में स्टेशन मास्टर सुरेश चन्द्र यादव ने बताया कि मालगाड़ी के इंजन का प्रेशर ड्रॉप हो जाने के कारण ट्रेन रुक गई थी। लोको पायलट द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर खराबी को ठीक करने के बाद मालगाड़ी को लगभग 22 मिनट बाद रवाना कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इस वजह से किसी अन्य ट्रेन का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।

घटना के दौरान रेलवे फाटक पर वाहनों की भीड़ और बंद फाटक के नीचे से वाहनों के निकलने की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई। लोगों का कहना है कि व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग पर ऐसी स्थिति में अतिरिक्त सतर्कता बरती जानी चाहिए, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

JAUNPUR NEWS,जीप और स्कार्पियो की भिड़ंत में दो गम्भीर

0

खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्र के दीदारगंज मार्ग पर स्थित जमदहां के पास बुधवार को जीप और स्कार्पियो की भिड़ंत में दो महिलाएं गम्भीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों में रीना राजभर (30) पत्नी मुकेश, निवासी करुई, जनपद आजमगढ़ तथा शीतला देवी (60) पत्नी फिरतू, निवासी जेठारी शामिल हैं। दोनों महिलाओं को दुर्घटना में गम्भीर चोटें आईं।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुँचाया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी ली। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्यवाई की जाएगी।

सामाजिक न्याय के पुरोधा बीपी मंडल जी की जयंती पर सपा ने किया नमन, उनके संघर्षों पर चलने का लिया संकल्प

0

जौनपुर। समाजवादी पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी के निर्देश पर समाजवादी पार्टी जौनपुर द्वारा सामाजिक न्याय के पुरोधा, पूर्व मुख्यमंत्री एवं मंडल आयोग के अध्यक्ष रहे बिंदेश्वरी प्रसाद (बी.पी.) मंडल जी की जयंती आज दिन में 12 बजे जिला कार्यालय, सदर चुंगी, अल्फस्टीनगंज, जौनपुर में जिलाध्यक्ष श्री राकेश मौर्य की अध्यक्षता में मनाई गई।

इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में बी.पी. मंडल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने उनके संघर्षों, सामाजिक न्याय के प्रति उनके योगदान तथा वंचित एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक प्रयासों को याद किया। उपस्थित समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों और पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री राकेश मौर्य ने कहा कि बी.पी. मंडल जी ने सामाजिक न्याय और समानता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उन्होंने पिछड़े, शोषित और वंचित समाज को अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। समाजवादी पार्टी उनके विचारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

गोष्ठी को पूर्व मंत्री श्रीमती संगीता यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री दीपचंद राम, जिला उपाध्यक्ष श्री श्यामबहादुर पाल, श्री महेंद्र प्रताप यादव नेपाल, जिला सचिव श्री दीपक विश्वकर्मा, श्रीमती मालती निषाद, श्री वीरेंद्र यादव, श्री हरिश्चंद प्रभाकर, श्री अच्छेलाल गौतम आदि ने संबोधित किया।

गोष्ठी का संचालन जिला महासचिव श्री आरिफ हबीब ने किया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला सचिव श्री भूपेश पाण्डेय, श्री गुलाब यादव रीठी, श्री दिलीप प्रजापति, श्री अशोक यादव नायक, श्री आनंद गुप्ता, श्री अजय मौर्य, श्री कमाल आज़मी, श्री मोहम्मद आज़म, श्री लाल मोहम्मद राईनी, श्री सतीश यादव, श्री अजय रंजन, श्री लालबहादुर यादव, श्री सौरव यादव, श्री शुभम यादव, श्री सुनील यादव, श्री संदीप बिंद, श्री फिरोज अहमद गांधी सहित सैकड़ों समाजवादी पार्टी के नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पारिवारिक कलह के बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

0

डेढ़ साल के जुड़वा बच्चों के सिर से उठा मां का साया

खेतासराय(जौनपुर): क्षेत्र के मारूफपुर पुर गाँव में शुक्रवार की देर रात पारिवारिक कलह के बाद 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि विवाहिता ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुँचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मारूफपुर गाँव निवासी किशुन सोनकर के बड़े पुत्र विजय सोनकर की पत्नी नैना सोनकर (25 वर्ष) शुक्रवार की रात करीब 11 बजे अचानक गम्भीर हालत में हो गईं। परिजनों के अनुसार उन्होंने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया था। घटना की जानकारी मिलते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुँचे। हालत गम्भीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी।

इसके बाद परिजन नैना को जिला अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ चिकित्सकों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जाता है कि नैना के दो जुड़वा बच्चे हैं। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व जन्मे जुड़वा बच्चों के नाम सुनैना और साक्षत बताए गए हैं। माँ की अचानक मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। जिस घर में डेढ़ साल पहले जुड़वा बच्चों की किलकारियों से खुशियां गूंजी थीं, वहाँ अब मातम पसरा हुआ है। बच्चों की मासूमियत और माँ की असमय मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

नैना परिवार की बड़ी बहू थीं। उनके पति विजय सोनकर रोजी-रोटी के सिलसिले में रायपुर में रहते हैं, जहाँ वह फल का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पत्नी की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लापता व्यक्ति का शव सड़क किनारे मिलने से मचा हडकम्प

0

शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुटी पुलिस

खेतासराय(जौनपुर): क्षेत्र के मानीकलां हाल्ट के समीप शनिवार की सुबह सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान क्षेत्र के चकिया गुरैनी निवासी शाहजफर उर्फ मिस्टर ( 52 वर्ष) के रूप में हुई, जो बीते दो दिनों से लापता चल रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई तथा पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुँच गई।

मृतक के छोटे भाई सेराज अहमद ने बताया कि 20 अगस्त को घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका।

इसी बीच शनिवार की सुबह मानीकलां हाल्ट के पास सड़क किनारे एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को इसकी जानकारी दी। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कम्प मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लकड़ी की अड्डो पर वन विभाग की छापेमारी से हड़कम्प

0

शाहगंज रेंज में वन विभाग की सघन जाँच

खेतासराय (जौनपुर): वन विभाग ने अवैध एवं प्रतिबंधित लकड़ी के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए शनिवार को शाहगंज रेंज क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। एसडीओ शाहगंज, एसडीओ जौनपुर हरिओम
श्रीवास्तव और वन विभाग की संयुक्त टीम ने खुदौली वन पार्क पौधशाला सहित रेंज क्षेत्र में संचालित लकड़ी की अड्डियों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान टीम ने लकड़ी के भंडारण, उपलब्ध प्रकाष्ठ और संबंधित अभिलेखों की पड़ताल की। एसडीओ सरफराज अहमद ने बताया की किसी भी लकड़ी की अड्डी पर प्रतिबंधित प्रकाष्ठ नहीं मिला। अधिकारियों ने लकड़ी कारोबारियों को वन नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी के भंडारण और कारोबार से दूर रहने के निर्देश दिए।

इसके बाद टीम ने जैगहा-बरंगी मार्ग पर करीब तीन हेक्टेयर क्षेत्र में हुए पौधरोपण का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पौधों की स्थिति, रखरखाव और स्थल की देखरेख का जायजा लिया।

वनकर्मियों को नियमित निगरानी, समय-समय पर सिंचाई और पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों की सुरक्षा और बेहतर विकास भी जरूरी है। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वन विभाग ने स्पष्ट किया कि वन क्षेत्र और लकड़ी कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में नियमों के अनुपालन की जांच आगे भी जारी रहेगी। प्रतिबंधित प्रकाष्ठ के अवैध भंडारण या कारोबार की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रेंजर राकेश कुमार डिप्टी रेंजर ज्ञान प्रकाश दुर्गेश कुमार शामिल रहे।