जौनपुर। भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आम आदमी पार्टी जौनपुर के कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर तिराहे पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “जय भीम” एवं “भारत का संविधान जिंदाबाद” के नारों के साथ वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने वर्तमान परिदृश्य पर चिंता व्यक्त करते हुए भारतीय संविधान के साथ कथित रूप से हो रहे खिलवाड़, संविधान को बदलने की साजिश, तथा संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किए जाने के आरोप लगाए। साथ ही दलित, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्गों पर हो रहे अत्याचारों को लेकर भी गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।
वक्ताओं ने विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आजाद भारत में भी कई स्थानों पर दलित समाज के लोगों को सामाजिक भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दलित युवकों को घोड़ी पर चढ़ने से रोकने, अंबेडकर की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने तथा कथावाचकों पर हमलों जैसी घटनाओं पर अफसोस जताया।
इस अवसर पर पूर्वांचल प्रांत प्रभारी डॉ. अनुराग मिश्रा एवं जिला अध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने आक्रामक रुख अपनाते हुए सामाजिक न्याय की स्थापना एवं भारतीय संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में सुभाष गौतम, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश अस्थाना, विनय यादव, रत्नेश सिंह, प्रदीप मिश्र, एडवोकेट अनुराग मणि त्रिपाठी, सोम कुमार वर्मा, शत्रुघ्न सिंह सोनू, विजय सिंह बागी, लाले बिन्द, राजकुमार बिन्द, आफताब शंकर सोनकर, लालजी बिन्द, एडवोकेट विकास यादव सहित अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





