Homeउत्तर प्रदेशजौनपुरएक सप्ताह से जला ट्रांसफार्मर, अंधेरे में डूबा जैगहा बाजार; व्यापारियों का...

एक सप्ताह से जला ट्रांसफार्मर, अंधेरे में डूबा जैगहा बाजार; व्यापारियों का कारोबार प्रभावित

एक सप्ताह से जला ट्रांसफार्मर, अंधेरे में डूबा जैगहा बाजार; व्यापारियों का कारोबार प्रभावित

खेतासराय(जौनपुर): क्षेत्र के जैगहा बाजार में बिजली संकट गहराता जा रहा है। बाजार में स्थापित 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगभग एक सप्ताह पूर्व जल जाने के कारण व्यापारियों और स्थानीय उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति ठप होने से जहां लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं बाजार के व्यापारियों का कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हो गया है। शाम होते ही पूरे बाजार में अंधेरा छा जाता है, जिससे ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार जैगहा बाजार में लगा 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर अचानक खराब होकर जल गया था। इसके बाद से ट्रांसफार्मर से जुड़े दर्जनों बिजली उपभोक्ता बिजली संकट झेल रहे हैं। लगातार एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण दुकानों में लगे विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। विशेष रूप से कोल्ड ड्रिंक, डेयरी और अन्य शीतल उत्पादों का कारोबार करने वाले व्यापारियों को सबसे अधिक नुकसान हो रहा है।

प्रधान इमरती भंडार के संचालक ज्ञानचंद मोदनवाल ने बताया कि बिजली न रहने से दुकान में अंधेरा बना रहता है और कोल्ड ड्रिंक तथा अन्य पेय पदार्थ ठंडे नहीं हो पा रहे हैं। इससे ग्राहकों की मांग प्रभावित हुई है और बिक्री लगभग ठप हो गई है। वहीं सीधा निवासी सहाब साकिब ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद से पूरे बाजार क्षेत्र में अंधेरा छाया रहता है, जिससे आम लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दे दी गई थी, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा सका। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। व्यापारियों ने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।

इस संबंध में विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) संजय प्रजापति ने बताया कि क्षेत्र में बिजली कनेक्शनों की संख्या बढ़ जाने के कारण पुराना 100 केवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर जल गया था। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए अब 100 केवीए के स्थान पर 250 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में कुछ विलंब हुआ, लेकिन बुधवार शाम तक नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments