हर घर तिरंगा मुहिम का दिया संदेश
खेतासराय (जौनपुर): हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को खेतासराय कस्बे में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीशचंद्र यादव के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह की देख-रेख में विकासखण्ड मुख्यालय सोंधी से शुरू होकर खुटहन मार्ग होते हुए पुरानी बाज़ार सहित कस्बे का भ्रमण करते हुए दीदारगंज मार्ग के शक्ति मैरेज हाल पहुँची, जहाँ इसका समापन हुआ। यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए चल रहे थे। मार्ग में लोगों ने तिरंगा लहराकर देश के वीर शहीदों को याद किया।
इस मौके पर मंत्री गिरीशचंद्र यादव ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान के पीछे असंख्य वीरों का त्याग और बलिदान जुड़ा है। स्वतंत्रता, सुरक्षा और देश के सम्मान के लिए प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को याद करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। हर घर तिरंगा अभियान से युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होती है और देश के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा होता है।
यात्रा में एसडीएम शाहगंज अंकुर, अधिशासी अधिकारी अलका मौर्या, जिला महामंत्री अजय सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव मम्मन, जगदंबा प्रसाद पांडेय, डॉ. गजेंद्र पाण्डेय, संजय विश्वकर्मा, शांतिभूषण मिश्रा, उपेंद्र नाथ मिश्रा, मनीष गुप्ता, विशाल गुप्ता, गौरव मौर्या, एडीओ पंचायत दीपक यादव, एडीओ कृषि धर्मेन्द्र कुमार सरोज,
ग्राम प्रधान कृपा शंकर राजभर, सचिव सुजीत यादव विनोद यादव समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत मे खण्ड विकास अधिकारी गजेन्द्र कुमार सिंह ने आगंतुकों का आभार प्रकट किया।







