खेतासराय(जौनपुर): क्षेत्र के शाहापुर गाँव में बुधवार को आवारा कुत्तों ने एक बालक पर हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। गम्भीर रूप से घायल बालक को पीएचसी सोंधी से रेफर कर दिया गया। हालत नाजुक देख जौनपुर से डाक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया।
गाँव निवासी वीरबहादुर बिन्द का आठ वर्षीय पुत्र ऋषभ घर के बाहर पतंग गिरता देख उसे पकड़ने के लिए दौड़ पड़ा। पतंग के पास पहुँचते ही आवारा कुत्तों का झुंड ऋषभ पर टूट पड़ा। कुत्ते उसे नोचते रहे और ऋषभ चीख पुकार करता रहा। बालक की चीख पुकार सुनकर उधर से गुजर रहे ग्रामीण दौड़ पड़े। किसी तरह कुत्तों के चंगुल से निकाल कर ऋषभ को पीएचसी सोंधी पहुँचाया। अपने बेटे को खून से लथपथ देख माँ रीमा दहाड़े मार कर रोने लगी। इस गाँव में डेढ़ माह के अंदर यह दूसरी घटना है। आठ जुलाई को कल्लू बिंद के आठ वर्षीय पुत्र शिवांश को आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। आवारा कुत्तों के दूसरी बार हमले से गांव वाले दहशत में हैं।






