JAUNPUR NEWS जौनपुर : पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर अटेवा के आह्वान पर जौनपुर में तिरंगा यात्रा एवं पेंशन बचाओ रैली आयोजित की गई। अंबेडकर तिराहे से शुरू हुई यात्रा में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और पुरानी पेंशन बहाली के नारों के साथ प्रतिभागी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व अटेवा जिलाध्यक्ष चंदन सिंह, जिला महामंत्री इंदुप्रकाश यादव एवं जिला कोषाध्यक्ष नंदलाल पुष्पक ने किया। कार्यक्रम प्रभारी एवं प्रमुख वक्ता अटेवा मंडल उपाध्यक्ष रमेश यादव रहे।
यात्रा को विभिन्न शिक्षक-कर्मचारी संगठनों का व्यापक समर्थन मिला। कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ, राज्य कर्मचारी महासंघ, सफाई कर्मचारी संघ, बिजली विभाग, बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन, प्राथमिक शिक्षक संघ एवं पूर्वांचल विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित भविष्य का अधिकार है। अटेवा महिला विंग की पदाधिकारियों ने भी मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
“पुरानी पेंशन बहाल करो, जय युवा–जय अटेवा” जैसे नारों से कलेक्ट्रेट परिसर गूंज उठा। अंत में मंडल महामंत्री संदीप चौधरी एवं जिला संगठन मंत्री सुबास सरोज ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।







