दो बाइकों से पहुंचे चार हमलावरों ने हॉकी-डंडे से किया हमला, जिला अस्पताल रेफर
खेतासराय (जौनपुर): खुदौली स्थित वन विहार के पास बुधवार देर शाम दो बाइकों से पहुंचे चार नकाबपोश बदमाशों ने बाइक सवार जूता-चप्पल कारोबारी को घेरकर हॉकी और डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल कारोबारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
खुटहन थाना क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी नितेंद्र सिंह गुड्डू (56) पुत्र स्व. रमाशंकर सिंह की खुटहन रोड पर ऋषि तालाब के पास जूता-चप्पल की दुकान है। बताया गया कि बुधवार देर शाम दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। खुदौली वन विहार के पास पहुंचने पर सड़क किनारे दो बाइकों के साथ मौजूद चार नकाबपोश युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने बिना किसी बात के हॉकी और डंडे से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कारोबारी सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर कुछ देर तक उनकी पिटाई करने के बाद दोनों बाइकों से फरार हो गए। राहगीरों से घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के साथ ही पीड़ित से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पीड़ित की तहरीर पर चार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भी चिंता है।






