नई कार्यकारिणी गठित, चिकित्सकों के हित और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
खेतासराय (जौनपुर): नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) शाहगंज की नई कार्यकारिणी का गठन बुधवार को उत्सव वाटिका में हुई चुनावी बैठक में किया गया। सर्वसम्मति से स्थानीय कस्बा निवासी डॉ. अशोक कुमार पाण्डेय को संगठन का अध्यक्ष चुना गया। नई कार्यकारिणी ने चिकित्सकों के हितों के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में डॉ. नदीम खान ने डॉ. राजकुमार मिश्रा और डॉ. जुबेर अंसारी को चुनाव प्रभारी बनाए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। चुनाव प्रभारियों की देखरेख में विभिन्न पदों के लिए पदाधिकारियों का चयन किया गया।
कार्यकारिणी में डॉ. हामिद रहमान को उपाध्यक्ष, डॉ. अतुल कुमार यादव को जनरल सेक्रेटरी, डॉ. खुर्शीद आलम को कोषाध्यक्ष, डॉ. अबू उमर को ज्वाइंट सेक्रेटरी, डॉ. जेपी सेठ को ऑर्गनाइजर, डॉ. औन मोहम्मद को मुख्य सलाहकार तथा डॉ. तारिक जुबेर अंसारी को ऑडिटर चुना गया।
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. शौकत खान ने नव निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार पाण्डेय को अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाकर संगठन की जिम्मेदारी सौंपी। इसी तरह निवर्तमान जनरल सेक्रेटरी डॉ. नदीम खान ने नव निर्वाचित जनरल सेक्रेटरी डॉ. अतुल कुमार यादव को पदभार ग्रहण कराया। जिम्मेदारियों के हस्तांतरण के दौरान संगठन में आपसी सम्मान और विश्वास की झलक देखने को मिली।
नव निर्वाचित पदाधिकारियों का चिकित्सकों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर डॉ. शरफुद्दीन, डॉ. दुर्गेश तिवारी, डॉ. अशोक सिंह, डॉ. केएस यादव, डॉ. जुल्फेकार अहमद, डॉ. शिराज, डॉ. जामी, डॉ. बलवंत सिंह, डॉ. इमामुद्दीन, डॉ. ओसामा और डॉ. कामरान समेत शाहगंज व खेतासराय क्षेत्र के बड़ी संख्या में नीमा सदस्य मौजूद रहे।







