Homeधर्मरक्तवीरों और समाजसेवियों का सम्मान, आठ रक्तदाताओं को किया सम्मानित

रक्तवीरों और समाजसेवियों का सम्मान, आठ रक्तदाताओं को किया सम्मानित

जय मां विंध्यवासिनी दुर्गा पूजा समिति का पांचवां सम्मान समारोह आयोजित, पत्रकारों समेत दर्जनों विभूतियां सम्मानित

लकी ड्रॉ में जीविका जायसवाल को मिली एलईडी टीवी, पांच विजेताओं को दिए गए पुरस्कार

खेतासराय (जौनपुर): जय मां विंध्यवासिनी दुर्गा पूजा समिति की ओर से मंगलवार को पांचवें सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों, पत्रकारों और आठ स्वैच्छिक रक्तदाताओं समेत दर्जनों लोगों को सम्मानित किया गया। रक्तदाताओं के सम्मान के दौरान सेवा और मानवता का संदेश दिया गया। वहीं लकी ड्रॉ में पांच भाग्यशाली विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह ने कहा कि समाज के प्रति समर्पण और निस्वार्थ सेवा भाव रखने वालों का सम्मान करना ही सच्ची सामाजिक चेतना है। समाज में ऐसे अनेक लोग हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के जरूरतमंदों की सहायता करते हैं। कोई रक्तदान कर जीवन बचाने में योगदान देता है, तो कोई गरीबों और असहायों की मदद करता है। वहीं पत्रकार अपनी लेखनी से समाज की समस्याओं को जिम्मेदारों तक पहुंचाते हैं। ऐसे लोगों का सम्मान करने से दूसरों को भी समाजसेवा की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना सराहनीय पहल है। इससे समाज में आपसी भाईचारा और सहयोग की भावना मजबूत होती है।

समारोह में आठ स्वैच्छिक रक्तदाताओं का सम्मान विशेष आकर्षण रहा। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है। जरूरत के समय किया गया रक्तदान किसी परिवार की खुशियां बचाने का माध्यम बन सकता है। रक्तदाता जाति और धर्म से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करते हैं। युवाओं को भी रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

समिति के अध्यक्ष शांतिभूषण मिश्रा ने कहा कि मां विंध्यवासिनी की आराधना के साथ मानवता की सेवा करना समिति का प्रमुख उद्देश्य है। धार्मिक आयोजनों की सार्थकता तभी है, जब उनसे समाज में सेवा, सहयोग और सद्भाव का संदेश जाए। उन्होंने कहा कि समिति लगातार पांच वर्षों से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन कर रही है। आगे भी यह परंपरा जारी रहेगी।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव मम्मन, समाजसेवी सतीश यादव प्रिंस, भाजपा जिला मंत्री धर्मेंद्र मिश्रा, राजकेसर पाल, कृष्ण कुमार जायसवाल, मंडल अध्यक्ष अजय यादव, उपेंद्र नाथ मिश्रा और प्रशांत सिंह दीपक समेत अन्य अतिथियों ने समिति के प्रयासों की सराहना की।

सम्मान समारोह के दौरान आयोजित लकी ड्रॉ में पांच विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार के रूप में जीविका जायसवाल को एलईडी टीवी मिली। द्वितीय पुरस्कार जय प्रकाश प्रजापति को मिक्सर, तृतीय पुरस्कार शिवम गुप्ता को फर्राटा पंखा, चतुर्थ पुरस्कार डॉ. आजम खान को गैस चूल्हा तथा पंचम पुरस्कार सबीर इमरान को प्रेस (इस्त्री) प्रदान की गई। विजेताओं के नाम घोषित होते ही लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय, कपूर चन्द्र जायसवाल, पप्पू पटवा, अमित जायसवाल, दीपक सोनी, प्रिंस गुप्ता, शनि गुप्ता, आशीष गुप्ता, अनूप गुप्ता, राविंश गुप्ता विक्की, राकेश गुप्ता, अभिषेक बरनवाल, अंश विश्वकर्मा, अनुभव सोनी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन समिति के संरक्षक मनीष गुप्ता ने किया। उन्होंने अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार जताया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments