Homeउत्तर प्रदेशजौनपुरधूल के गुबार से परेशान व्यापारियों ने राज्यमंत्री व डीएम को सौंपा...

धूल के गुबार से परेशान व्यापारियों ने राज्यमंत्री व डीएम को सौंपा पत्रक

व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा के नेतृत्व में सड़क दुरुस्त कराने की उठी मांग

खेतासराय (जौनपुर): नगर के मुख्य बाजार की बदहाल सड़क और उससे उड़ते धूल के गुबार ने व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क से उठने वाली धूल जहां दुकानदारों के कारोबार पर असर डाल रही है, वहीं राहगीरों और ग्राहकों के लिए भी परेशानी का सबब बनी हुई है। समस्या से आजिज व्यापारियों ने व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा के नेतृत्व में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिलाधिकारी और व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह ‘इंदु’ को पत्रक सौंपकर सड़क दुरुस्त कराने तथा धूल की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की।

व्यापारियों का कहना है कि नगर के मुख्य बाजार की जर्जर सड़क अब उनके लिए रोजाना की मुसीबत बन गई है। वाहनों के गुजरते ही धूल का गुबार उठने लगता है। इससे दुकानों में रखे सामान धूल से पट जाते हैं। ग्राहकों को खरीदारी करने में दुश्वारियां झेलनी पड़ती हैं। सड़क किनारे कारोबार करने वाले छोटे दुकानदार सबसे अधिक प्रभावित हैं। व्यापारियों का कहना है कि बाजार की बदहाली का सीधा असर उनकी रोजी-रोटी पर पड़ रहा है।

व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा ने कहा कि मुख्य बाजार की सड़क नगर की व्यापारिक गतिविधियों की अहम कड़ी है। इसकी बदहाली से दुकानदारों के साथ आम नागरिक भी परेशान हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने तथा धूल की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।

व्यापारियों ने कहा कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में उनकी परेशानियां और बढ़ सकती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यमंत्री और जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से सड़क की बदहाली दूर होगी और व्यापारियों के साथ नगरवासियों को धूल के गुबार से राहत मिल सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments