खेतासराय (जौनपुर): महाशिवरात्रि के मद्देनजर कस्बे के शिव मंदिरों व देवालयों की साफ-सफाई और साज-सज्जा पूरी कर ली गई है। पर्व के दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।इसी क्रम में कस्बे के दीदारगंज रोड स्थित बस स्टैंड के पीछे प्राचीन शिव मंदिर में शिवरात्रि से एक दिन पूर्व संगीतमय अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। पूरे दिन भक्ति गीतों और रामायण पाठ से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। आयोजक सभासद सतीश यादव ने बताया कि अखंड रामायण पाठ के समापन के उपरांत 16 फरवरी को भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने और पुण्य के भागीदार बनने की अपील की है।
मंदिर परिसर में सुरक्षा व व्यवस्था के भी समुचित इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महाशिवरात्रि पर शिव मंदिर में अखंड रामायण पाठ,16 फरवरी को भंडारा
पाराकमाल में निर्माणाधीन सड़क का पूर्व सांसद ने किया निरीक्षण,गुणवत्ता सुधार के निर्देश
खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्र के पाराकमाल गाँव में विधायक निधि से बन रही करीब दो किलोमीटर लम्बी सड़क का शनिवार को पूर्व सांसद हरिवंश सिंह ने मौके पर पहुँचकर निरीक्षण किया।
बताया जाता है कि गुरुवार को ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूर्व सांसद से शिकायत की थी। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए पूर्व सांसद पाराकमाल गाँव पहुँचे और निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्य कर रहे ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क का निर्माण मानक के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्व सांसद ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की खामी मिलती है तो तत्काल सूचना दें, संबंधित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके पर पूर्व प्रधान अरंद मो. असलम, अब्दुल्लाह खान, मो. फैज, राशिद खान, धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
Jaunpur News,मोदी–ट्रंप ट्रेड डील के विरोध में आप का प्रदर्शन
जौनपुर । मोदी–ट्रंप ट्रेड डील के विरोध में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा आम आदमी पार्टी, जौनपुर के तत्वावधान में 14 फरवरी 2026 को जिला मुख्यालय जौनपुर पर मोदी–ट्रंप ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए इस समझौते के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया तथा राष्ट्रपति महोदया को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने कहा कि यह डील किसानों और छोटे व्यापारियों के हितों के खिलाफ है। अमेरिका अपने किसानों को भारी सब्सिडी देता है, जबकि भारतीय किसानों को असमान प्रतिस्पर्धा में धकेला जा रहा है। यह देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता पर आघात है और इसे तत्काल निरस्त किया जाना चाहिए।
जिला महासचिव विनोद प्रजापति ने कहा कि बिना संसद और जनता को विश्वास में लिए इस तरह का समझौता करना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। सरकार को डील की शर्तें सार्वजनिक करनी चाहिए।
जिला उपाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि यह समझौता युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्ग के भविष्य से जुड़ा विषय है। यदि स्थानीय उद्योग कमजोर होंगे तो रोजगार के अवसर भी घटेंगे, जिसका सीधा असर परिवारों पर पड़ेगा।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह (बागी), जिलाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ सुभाष चंद, विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अनिल गौतम, मुरली मनोहर, संजय कुमार पाल, लाल मोहम्मद, कमलेश, दिनेश, नंद लाल, लाले विंद, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश अस्थाना, अनुराग मणि, अमित विश्वकर्मा, दर्शनी, चंद्रावती, जय सिंह गौतम सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
महाशिवरात्रि में घर बैठे स्पीड पोस्ट से प्राप्त करें काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग का प्रसाद
महाशिवरात्रि में घर बैठे स्पीड पोस्ट से प्राप्त करें श्री सोमनाथ और श्री काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग का प्रसाद – पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव
महाशिवरात्रि में शिव आराधना की विशेष महिमा है। हर किसी की इच्छा होती है कि वह भगवान शिव के ज्योतिर्लिङ्ग स्वरूप का दर्शन और आशीर्वाद स्वरुप प्रसाद पा सके। परन्तु कुछ श्रद्धालु चाहकर भी दर्शन नहीं कर पाते। अब ऐसे श्रद्धालुओं को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। डाक विभाग की स्पीड पोस्ट सेवा के माध्यम से लोग देश के किसी भी कोने में घर बैठे श्री सोमनाथ मंदिर, गुजरात और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी का प्रसाद प्राप्त कर सकते हैं। उक्त जानकारी उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने दी। साथ ही महाशिवरात्रि में डाकघरों से गंगाजल की सुविधा भी उपलब्ध है। 250 मि.ली.की गंगाजल बोतल मात्र 30 रूपये में ली जा सकती है।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि श्री सोमनाथ ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं को घर बैठे प्रसाद उपलब्ध कराने हेतु भारतीय डाक विभाग से एक समझौता किया है। इस समझौते के तहत कोई भी श्रद्धालु मैनेजर, श्री सोमनाथ ट्रस्ट, प्रभास पाटन, जिला- जूनागढ़, गुजरात-362268 को ₹270 का ई-मनीऑर्डर भेजकर स्पीड पोस्ट द्वारा प्रसाद मंगा सकता है। ई-मनी ऑर्डर पर “प्रसाद के लिए बुकिंग’ अंकित करना होगा। तदोपरांत श्री सोमनाथ ट्रस्ट द्वारा संबंधित श्रद्धालु को 400 ग्राम का प्रसाद का पैकेट स्पीड पोस्ट द्वारा भेजा जायेगा। इस प्रसाद में 200 ग्राम बेसन लड्डू, 100 ग्राम तिल की चिक्की और 100 ग्राम मावा की चिक्की रहेगी।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद भी देश भर में स्पीड पोस्ट सेवा द्वारा लोगों को उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके तहत मात्र ₹ 251 रूपये का ई-मनीआर्डर प्रवर अधीक्षक डाकघर, वाराणसी (पूर्वी) मंडल-221001 के नाम भेजना होगा। ई-मनीऑर्डर प्राप्त होते ही डाक विभाग द्वारा तत्काल दिए गए पते पर स्पीड पोस्ट द्वारा प्रसाद भेज दिया जायेगा। पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि प्रसाद में श्री काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिङ्ग की छवि, महामृत्युंजय यंत्र, श्री शिव चालीसा, 108 दाने की रुद्राक्ष की माला, बेलपत्र, माता अन्नपूर्णा से भिक्षाटन करते भोले बाबा की छवि अंकित सिक्का, भभूति, रक्षा सूत्र, रुद्राक्ष मनका, मेवा, मिश्री का पैकेट इत्यादि शामिल हैं।
डाक विभाग ने इस बात के भी प्रबंध किए हैं कि, भक्तों को मोबाइल नंबर पर स्पीड पोस्ट का विवरण एसएमएस के माध्यम से मिलेगा। इसके लिए भक्तों को ई-मनीऑर्डर में अपना पूरा पता, पिन कोड और मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य होगा।
JAUNPUR NEWS,मेडिकल कॉलेज का बच्चो ने किया भ्रमण
एक्शन एड द्वारा बच्चों को मेडिकल कॉलेज जौनपुर का शैक्षणिक भ्रमण
JAUNPUR NEWS IN HINDI : जौनपुर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जौनपुर डा.गोरख नाथ पटेल एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी मडियाँहू उदयभान कुशवाहा के मार्गदर्शन तथा एक्शन एड (NGO) संस्था के अगुआई में पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुढ़ा (रामपुर) , मड़ियाहूं के कक्षा 6,7,8 के बच्चों को विद्यालय के शिक्षकों के सक्रिय सहयोग से मेडिकल कॉलेज जौनपुर का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। जिसमें बच्चों को टोली बनाकर शिक्षकों ने डॉक्टर द्वारा हृदय, मस्तिष्क, किडनी और शरीर में हड्डियों के एक- एक भाग को दिखा कर विधिवत समझाया ।
इस विजिट के माध्यम से विद्यार्थियों में चिकित्सा क्षेत्र के प्रति जागरूकता एवं प्रेरणा विकसित हुआ। मेडिकल कॉलेज डॉक्टरों एवं मेडिकल स्टाफ द्वारा चिकित्सा शिक्षा की प्रक्रिया, MBBS/नर्सिंग/पैरामेडिकल कोर्स, प्रवेश प्रक्रिया (NEET आदि) एवं करियर की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।छात्रों ने प्रयोगशाला में विभिन्न उपकरणों को देखा एवं उनके उपयोग के बारे में सीखा। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक डॉक्टरों से विभिन्न प्रश्न पूछे, जैसे – डॉक्टर बनने के लिए आवश्यक योग्यता, पढ़ाई की अवधि, प्रवेश परीक्षा की तैयारी आदि।
सभी छात्रों ने प्रयोगशाला में विभिन्न उपकरणों को देखा जैसे मनुष्य का मस्तिष्क ,फेफड़ा किडनी, लीवर आदि एवं उनके उपयोग के बारे में सीखा। शैक्षणिक भ्रमण के लिए सुबह 11 बजे प्र. अ .श्री राजकुमार जी द्वारा एक्शन एड के ब्लाक कॉर्डिनेटर बंशी लाल और बिनु सिंह जी और महाजन जी ने हरि झंडी दिखा कर बस को रवाना किया इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक राम आसरे, वीरेन्द्र, सुरेन्द्र एवं यादवेन्द्र यादव जी का भरपूर सहयोग रहा।
JAUNPUR NEWS : टिकरीकलां में भूमि विवाद को लेकर उपजे विवाद में तीन गिरफ्तार
खेतासराय(जौनपुर): गुरुवार को क्षेत्र के टिकरीकलां से पुलिस ने भूमि विवाद को लेकर शांति भंग की आशंका में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया। पुलिस के अनुसार जमीनी विवाद को लेकर उक्त गाँव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना थी। जिसको देखते हुए मौके से राजकेशर (35) पुत्र दलसिंगार, अखिलेश (32) पुत्र दलसिंगार तथा शिवप्रकाश (31) पुत्र श्यामलाल, निवासीगण टिकरीकला को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान भेज दिया गया।
पाराकमाल में ठेकेदार पर घटिया निर्माण का आरोप,जांच की मांग
मानकों की अनदेखी पर भड़के ग्रामीण, सीसी सड़क मानक विहीन निर्माण कार्य का आरोप
खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्र के पाराकमाल गांव में पानी टंकी के पास बन रहे मुख्य मार्ग की सीसी सड़क निर्माण को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। गुणवत्ता में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया और कार्य को गुडवत्तापूर्ण कार्य करने की मांग किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग की देखरेख में कराए जा रहे निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि सड़क की मोटाई तय मानक से कम रखी जा रही है तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। ढलाई के दौरान सीमेंट की मात्रा कम इस्तेमाल करने और बेस को मजबूत न बनाने की भी शिकायत की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क गांव की प्रमुख सम्पर्क मार्ग है, जिससे होकर लोग बाजार, स्कूल, अस्पताल व आसपास के गांवों में आवागमन करते हैं। यदि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई तो सड़क जल्द ही क्षतिग्रस्त हो जाएगी, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में कथित गड़बड़ी पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सरकार विकास कार्यों के लिए धन उपलब्ध करा रही है, लेकिन यदि ठेकेदार मनमानी करेंगे तो योजनाओं का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग किया है। इस दौरान मो. फ़ैज़, राशिद खान, ताहिर, हलीम, राकेश, नंदलाल, धर्मेन्द्र कुमार समेत आदि ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का आरोप लगाया।
प्रेम संबंध में विवाद के बाद युवती की मौत,आरोपी गिरफ्तार
खेतासराय पुलिस ने गैर इरादतन हत्या में किया चालान
खेतासराय (जौनपुर): प्रेम संबंध में हुए विवाद के बाद युवती की मृत्यु के मामले में खेतासराय पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। घटना 15 मई 2025 की है। पुलिस ने मामले को न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया था।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि विवेचना व संकलित साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि बाराखुर्द निवासी सोनू उर्फ समीर खान पुत्र जिलानी का मृतका तलात फातिमा के साथ आपसी संबंध था। गत पांच मई की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक द्वारा धक्का दिए जाने से युवती का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस जांच में आरोपी का कृत्य भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के अंतर्गत दंडनीय पाया गया। गुरुवार को लगभग 11:55 बजे पुलिस टीम ने आरोपी को भटियारीसराय स्थित एक मदरसे के पास से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे चालान कर न्यायालय भेज दिया गया।
विधायक डॉ.रागिनी सोनकर का सरकार से तीखे सवाल
9 वर्षों में मात्र 9 फीसदी कार्य धरातल पर : रागिनी सोनकर ,विधानसभा में औद्योगिक विकास पर सरकार से तीखे सवाल
लखनऊ। जौनपुर। गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा में विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने औद्योगिक विकास विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कई तीखे प्रश्न उठाए। उन्होंने औद्योगिक विकास मंत्री से प्रदेश में निवेश और रोजगार की वास्तविक स्थिति पर स्पष्ट जवाब मांगा।
डॉ. सोनकर ने कहा कि सरकार 45 लाख करोड़ रुपये के एमओयू का दावा करती है, लेकिन विभाग द्वारा दिए गए उत्तर के अनुसार पिछले 9 वर्षों में मात्र 9 प्रतिशत कार्य ही धरातल पर उतारा जा सका है। उन्होंने इसे अत्यंत निराशाजनक बताते हुए पूछा कि जब प्रदेश ट्रिलियन इकोनॉमी की ओर बढ़ने का दावा कर रहा है, तब औद्योगिक विकास की यह स्थिति क्यों है?
उन्होंने कहा कि जब भी सरकार से प्रश्न किए जाते हैं तो वह पूर्ववर्ती सरकारों का हवाला देती है, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में वास्तविक उपलब्धियों का आकलन जरूरी है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जहां एक ओर प्रदेश में रोजगार और अर्थव्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं, वहीं सरकार बड़े-बड़े दावों तक सीमित दिखाई दे रही है। विधायक ने रक्षा औद्योगिक कॉरिडोर (Defense Corridor) की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चित्रकूट, झांसी, अलीगढ़ और आगरा में परियोजनाओं की स्थिति शून्य के बराबर है, जबकि कानपुर और लखनऊ में भी बेहद सीमित प्रगति दिखाई दे रही है। उन्होंने पूछा कि एक्सप्रेस-वे के आसपास उद्योग विकसित करने का वादा किया गया था, परंतु वहां उद्योग स्थापित क्यों नहीं हो पाए?
डॉ. सोनकर ने औद्योगिक विकास विभाग से जुड़े रोजगार के आंकड़े भी सदन के पटल पर रखने की मांग की। उन्होंने पूछा कि विभाग द्वारा अब तक कितनी नौकरियां सृजित की गईं, उनमें कितनी महिलाओं, दलितों और पिछड़े वर्ग के युवाओं को रोजगार मिला तथा कितने लोगों को एक लाख रुपये से अधिक वेतन वाली नौकरियां प्राप्त हुईं। उन्होंने मंत्री से इन तीनों प्रश्नों पर स्पष्ट, तथ्यात्मक और पारदर्शी उत्तर देने की मांग की और कहा कि प्रदेश के युवाओं की आशाएं औद्योगिक विकास से जुड़ी हैं, इसलिए सरकार को जवाबदेही से बचना नहीं चाहिए।
- MOHAMMAD KASIM
JAUNPUR,लाखो के पैकेज पर इंजीनियरिंग के छात्र का अमेजन में हुआ चयन
JAUNPUR NEWS जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान में बीटेक की पढ़ाई कर रहे छात्र आदित्य तिवारी को अमेजन कंपनी की तरफ से जॉब ऑफर दिया गया। बलिया जिले के रहने वाले छात्र आदित्य तिवारी पहले भी कई प्रोजेक्ट में कार्य कर चुके हैं। आदित्य वर्तमान में विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान में बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। वह कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष के छात्र हैं।
आदित्य को यह जॉब ऑफर ऑफ कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से अमेजन कंपनी ने दिया है। अमेजन ने इनका पांच राउंड का इंटरव्यू लिया तथा इनकी तकनीकी दक्षता को देखते हुए इनको यह जॉब का ऑफर दिया। इसके पहले भी आदित्य का चयन आईबीएम कंपनी में इंटर्नशिप के लिए हुआ था। वर्तमान में आदित्य विश्वविद्यालय में चल रही आई ट्रिपल ई स्टूडेंट ब्रांच का चेयर भी हैं। आदित्य ने अपनी सफलता के लिए अपने शिक्षकों और विभागाध्यक्ष के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया। इंजीनियरिंग संस्थान के संकायाध्यक्ष प्रो सौरभ पाल, कंप्यूटर साइंस के विभागाध्यक्ष डॉ विक्रांत भटेजा ने आदित्य को शुभकामनाएं दिया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो वंदना सिंह ने इस सफलता पर विभाग के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन के लिए सराहना करते हुए आदित्य को शुभकामनाएं दी।











