चार पहिया वाहन को ओवरटेक करने में बाइक सवार की ऑटो से भिड़ंत, मौके पर मौत
खेतासराय(जौनपुर): क्षेत्र के अब्बोपुर बाजार के समीप खलौतीपुर गाँव मोड़ पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चार पहिया वाहन को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही ऑटो से बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार के सिर में गम्भीर चोटें आईं। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मानीकलां गाँव निवासी 40 वर्षीय शिवसहाय बिन्द पुत्र शिजोर बिन्द के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शिवसहाय अपने परिवार के साथ मानी खुर्द गाँव में एक रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शादी की रस्में पूरी होने के बाद बुधवार दोपहर परिवार घर लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच शिवसहाय एक रिश्तेदार को अब्बोपुर बाजार छोड़ने बाइक से गए थे, ताकि वह वहाँ से बस पकड़कर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अब्बोपुर बाजार के पास पहुँचने पर शिवसहाय ने आगे चल रहे चार पहिया वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। उसी दौरान सामने से आ रही ऑटो से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गम्भीर चोट लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
उधर, घर लौटने की तैयारी में उनकी पत्नी अमलेशा अपने बच्चों के साथ बैठी थीं। परिवार को यह अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में खुशियों का माहौल मातम में बदल जाएगा। जैसे ही शिवसहाय की मौत की खबर घर पहुँची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। शादी का घर पलभर में गम में डूब गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी, चार बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए हैं। गाँव में इस हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई।
शाहगंज, जौनपुर।तहसील परिसर में लेखपाल संघ शाहगंज के तत्वावधान में नवागत तहसीलदार सौरभ कुमार ने अधिवक्ता संघ के साथ परिचय बैठक आयोजन किया । कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता संघ अध्यक्ष लाल चंद्र गौतम ने की।बैठक में नवागत तहसीलदार सौरभ कुमार ने सभी अधिवक्ता से परिचय प्राप्त करने बाद अधिवक्ता संघ से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा रखते हुए तहसील कार्यों और न्याय प्रक्रिया को बेहतर बनाया रखने की बात की । बैठक का संचालन अधिवक्ता संघ के महामंत्री राजीव कुमार सिंह ” डब्लू” ने किया।
इस बैठक में अधिवक्ता लालता प्रसाद यादव, राज देव यादव, समर बहादुर सिंह, भूप नारायण सिंह, दुर्गा प्रसाद , मो सारिक ,राजीव रतन श्रीवास्तव, अरविंद कुमार सिंह, पेशकर अवनीश, हरिशंकर यादव के साथ ही अधिवक्ता संघ पदाधिकार सदस्य मौजूद रहे।
शहीद पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की दूसरी पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों की आंखे हुई नम
जौनपुर। जौनपुर के कलेक्ट्रेट स्थित पत्रकार भवन में बुधवार को शहीद पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की दूसरी पुण्यतिथि पर बुधवार को इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया एसोसिएशन द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पत्रकार भवन के सभागार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर जुटे पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार के हत्यारों को सजा मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा ।जिले भर से जुटे पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने शहीद पत्रकार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
जौनपुर पत्रकार संघ के अध्यक्ष शशिमोहन सिंह “क्षेम” और ग्रामीण पत्रकार एसोसियेशन के जिला अध्यक्ष संजय अस्थाना ने ने दो वर्ष बीत जाने के बावजूद हत्यारों के खिलाफ शासन और प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई न किए जाने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया । साथ ही न्याय की लड़ाई को और तेज करने का संकल्प लेने की बात कही। संपादक मंडल के संरक्षक राम जी जायसवाल, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत सिंह व अब्दुल हक अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि यह कितना बड़ा दुर्भाग्य है कि सभी को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़नें वाला पत्रकार आज खुद न्याय पाने के लिए संघर्ष की लाइन में खड़ा है। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला था। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार सुरक्षित नहीं रहेगा तो समाज की आवाज भी दब जाएगी। शहीद पत्रकार आशुतोष के बड़े भाई संतोष श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की विवेचना में शुरू से ही लापरवाही बरती गई, जिसके चलते पीड़ित परिवार आज भी न्याय के लिए भटक रहा है।
सभा में उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि आशुतोष श्रीवास्तव निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने क्षेत्र की जनसमस्याओं और भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। उनकी हत्या ने पूरे पत्रकार समाज को झकझोर कर रख दिया था।
ज्ञात हो कि शाहगंज थाना क्षेत्र के इमरानगंज बाजार में 13 मई 2024 को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने सबरहद गांव निवासी पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे जिले में भारी आक्रोश फैल गया था। मामले में आशुतोष के भाई संतोष श्रीवास्तव ने नासिर जमाल, कामरान उर्फ अर्फी, मोहम्मद हाशिम और जमीरुद्दीन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।
श्रद्धांजलि सभा में तेलंगाना से आए पत्रकार अजय कुमार शुक्ला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि पत्रकार के परिवार को न्याय दिलाने के लिए जो भी संघर्ष करना पड़े किया जाएगा। शहीद पत्रकार के बड़े भाई संतोष श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस विवेचना के दौरान मुख्य अभियुक्त नासिर जमाल का नाम विवेचना के दौरान निकाल दिया गया, जिस पर पीड़ित परिवार ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वादी मुकदमा संतोष श्रीवास्तव ने मामले की पुनः विवेचना कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जब तक सभी आरोपितों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होगी, तब तक परिवार को न्याय नहीं मिल सकेगा।
सभा के अंत में पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि यदि जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार संगठन आंदोलन करने को बाध्य होंगे। सभी ने आशुतोष श्रीवास्तव को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राजेश श्रीवास्तव, राजकुमार सिंह, रामजी जायसवाल, संजय अस्थाना, शशिराज सिन्हा, अजय शुक्ला, अजीत सिंह, जावेद अहमद, अब्दुल हक अंसारी, आदित्य भारद्वाज, दीपक श्रीवास्तव, राजन मिश्रा, नितिश कुमार “राहुल”, दीपक मिश्रा, दीपक सिंह उर्फ रिंकू, अजीत बादल चक्रवर्ती।
नीरज सिंह, अखिलेश श्रीवास्तव, प्रोफेसर आसाराम यादव, वीरेंद्र पाण्डेय, विनोद विश्वकर्मा, रोहित चौबे, आबिश इमाम, तबरेज नियाजी, अनवर हुसैन, सुनील सिंह, शिवेंद्र सिंह ‘काजू’, संजय चौरसिया, भोले विश्वकर्मा सहित आशुतोष श्रीवास्तव के बड़े भाई संतोष श्रीवास्तव, परितोष श्रीवास्तव, अतुल श्रीवास्तव, भतीजे अमित श्रीवास्तव, अंकित , अर्पित श्रीवास्तव, और राम मिलन मौर्या फूलचंद यादव, आनंद सिंह ,
समेत बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य लोगों ने शहीद पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया। अंत में इलेक्ट्रॉनिक एंड डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के महामंत्री दीपक मिश्रा ने श्रद्धांजलि दी और आभार व्यक्त किया। संचालन वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सिंह ने किया।
शाहगंज स्थित बसंती देवी आईटीआई में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में जौनपुर, अयोध्या, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर सहित कई जनपदों से आए अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
रोजगार मेले में लगभग 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 26 अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर गुजरात स्थित सुजुकी मोटर कंपनी के एचआर प्रतिनिधि पवन श्रीवास्तव ने कंपनी की कार्यप्रणाली, कार्यस्थल सुविधाओं एवं भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। चयनित अभ्यर्थियों की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच है, जिन्हें कंपनी द्वारा 25,300 रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा।
संस्थान के निदेशक दिवाकर मिश्र ने दूर-दराज से आए अभ्यर्थियों की हौसला अफजाई करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन विकास जायसवाल ने किया। रोजगार मेले को सफल बनाने में ईश नारायण मिश्र, राजेश यादव, सुरेंद्र प्रजापति, कमलेश यादव, अजीम, रतन भंडारी, कन्हैया सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
जौनपुर-जिले के नगर पंचायत कजगांव कार्यालय में सोमवार को आयोजित बोर्ड बैठक में सभासदों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई। नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज खान की अध्यक्षता में उक्त नगर पंचायत बोर्ड की बैठक चल रही थी कि इसी दौरान तमाम सभासदों ने बोर्ड बैठक का जमकर विरोध करने लगे।सभासदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पंचायत के कुछ वार्डों में कार्य हो रहा हैं तथा बाकी वार्डों में कार्य कोई कार्य नही हो रहा है।उन्होंने अध्यक्ष पर अन्य वार्डो के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। सभासदों ने यह भी कहा कि जब हम सभी लोग किसी कार्य को कराने के लिए कहते हैं तो उसको नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा अनदेखा कर दिया जाता है।
सभासदों ने यह भी कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा खुले आम मनमानी जमकर किया जाता है। और नगर पंचायत में कराए जा रहे तमाम विकास कार्यों में खुलेआम भारी पैमाने पर भ्रष्टाचार भी व्याप्त है।भ्रष्टाचार का विरोध जब हम सभी सभासद करते हैं तो कोई सुनने वाला भी नहीं है।इस दौरान सभासद सुनील विश्वकर्मा,आकाश सिंह (हनी),अरविन्द प्रजापति, आलोक मौर्य,इकबाल अन्सारी, अखिलेश यादव,इजलाश यादव,सुरज कन्नौजिया,आदि तमाम लोग मौजूद रहे!
Jaunpur News ( जौनपुर ) जिला सेवायोजन अधिकारी ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्ट (rojgaarsangam.up.gov.in) के माध्यम से ओवरसीज जॉब के अन्तर्गत सऊदी अरब में भर्ती / वैकेंसी रिक्रूटमेंट एजेन्सी के माध्यम से भी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रिकूटमेन्ट एजेन्सी कियेटिव इंटरप्राइजेस द्वारा सऊदी अरब में मैंकेनिकल फिटर, फैब्रीकेशन फोरमैन, मैकेनिकल टेक्निीशियन, स्ट्रक्चर फैब्रीकेटर, पाइप फैब्रीकटर, वेल्डर्स, हेल्पर्स सुपरवाइजर की भर्ती रू0 60000 से 100000 मासिक सैलरी पैकेज में किया जाना है। पासपोर्ट धारक एवं उपरोक्त क्षेत्र में वांछनीय अनुभव वाले अभ्यर्थी पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर लाभ प्राप्त कर सकते है।
खेतासराय(जौनपुर): सर्वोदय इण्टर कॉलेज खुदौली में 98 यूपी बटालियन एनसीसी जौनपुर के तत्वावधान में गुरुवार को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के एक वर्ष पूर्ण होने पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन कमान अधिकारी कर्नल आलोक सिंह धर्मराज के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक अनिल कुमार उपाध्याय द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। इसके बाद सभी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक अनिल कुमार उपाध्याय ने सभी कैडेट्स और विद्यार्थियों को शौर्य दिवस की बधाई दी। उन्होंने भारतीय सेना के पराक्रम, साहस और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय जवान विपरीत परिस्थितियों में भी देश की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं और उनका समर्पण हर नागरिक के लिए प्रेरणा है। इस दौरान शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके बलिदानों को याद किया।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स और छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।विद्यालय परिवार ने एक स्वर में देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर अच्छे लाल, प्रधान लिपिक अनिल कुमार सिंह, आलोक कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार सिंह, अनुराग कुमार यादव, विकास कुमार पाल, एनसीसी अधिकारी कैप्टन राजेश कुमार यादव तथा फर्स्ट ऑफिसर विनोद कुमार मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
खेतासराय (जौनपुर): चर्चित दूल्हा हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। थाना खेतासराय पुलिस टीम ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे चौथे अभियुक्त आयुष यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि मामले में नामज़द तीन आरोपियों अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिससे पुलिस कार्रवाई पर सवाल भी उठने लगे हैं।
पुलिस के अनुसार गत 1 मई को थाना क्षेत्र के मनेछा बादशाही मोड़ के पास दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज़ वारदात के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी क्रम में गुरुवार तड़के 5:30 बजे भुडकुडहाँ मोड़ के पास चेकिंग अभियान के दौरान वांछित अभियुक्त आयुष यादव पुत्र अवधेश यादव निवासी सन्दहा थाना सरायख्वाजा को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह और उनकी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद अभियुक्त को संबंधित न्यायालय भेज दिया।
हालांकि पुलिस ने इस मामले में कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मुख्य नामज़द आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। यही वजह है कि पूरे मामले को लेकर लोगों के बीच चर्चा और सवाल दोनों बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस लगातार मुठभेड़ और गिरफ्तारियों का दावा कर रही है तो आखिर मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर कैसे हैं? क्या उन्हें कहीं से संरक्षण मिल रहा है या फिर पुलिस की कार्रवाई अभी अधूरी है?
30 गरीब असहाय बच्चों को निःशुल्क दिया गया शिक्षा योजना का लाभ
अखण्ड भूमि कम्युनिटी कार्यकर्ता समिति के तत्वावधान में 30 गरीब असहाय बच्चों को निःशुल्क शिक्षा योजना का लाभ दिया गया
जौनपुर: अखण्ड भूमि कम्युनिटी कार्यकर्ता समिति के तत्वावधान में दिनांक 06,मई 2026 को प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 30 गरीब असहाय बच्चों को निःशुल्क शिक्षा व्यवस्था की गयी जिसमे वर्ष 2025 में भी 30 गरीब असहाय बच्चों को संस्था के प्रयास से निःशुल्क शिक्षा योजना का लाभ दिलाया गया तथा वर्ष 2026 में निःशुल्क शिक्षा योजना के तहत कुल 60 बच्चों को संस्था के तरफ से इन्द्रप्रस्थ विद्यालय (इन्द्रप्रस्थ नगर) महिमापुर जलालपुर जौनपुर में दिलाया गया कार्यक्रम में मौजूद रहे मुख्य अतिथि डा० मनोज यादव पूर्व एम.एल.सी प्रत्याशी व संस्थापक संजय मौर्य, सह संस्थापक/अध्यक्ष अनिल रावत,राष्ट्रीय सचिव रेखा सिंह, महिला अध्यक्ष गरिमा सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री उस्मान अली, विद्यालय प्रबन्धक मनीष यादव, व जिला मीडिया प्रभारी शिवेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी रुस्तम अली,व रविशंकर यादव,प्रवीण पाण्डेय आदि उपस्थित रहे |
जौनपुर: सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गाँव में दूल्हे आजाद की हत्या के बाद सियासी सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। विभिन्न दलों के नेताओं के बीच अब विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) भी सक्रिय हो गई है। मंगलवार को पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी पीड़ित परिवार से मिलने गाँव पहुँचे, जहाँ उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर ताजियत पेश की और इंसाफ़ दिलाने का भरोसा दिया।
करीब 20 मिनट तक चली इस मुलाकात में मुकेश सहनी ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुःखद घटना में पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में परिवार को हर स्तर पर सहयोग दिया जाएगा और किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुकेश सहनी ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि प्रशासन की कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही, तो विकासशील इंसान पार्टी अपने स्तर पर आगे की रणनीति तय करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी हर सम्भव तरीके से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी और उन्हें इंसाफ़ दिलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
इस घटना के बाद बडऊर गाँव में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अलग-अलग दलों के जनप्रतिनिधि लगातार गाँव पहुँचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर रहे हैं। इससे गाँव में राजनीतिक माहौल गर्म बना हुआ है। मुकेश सहनी के साथ पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने परिजनों को हर सम्भव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पीड़ित परिवार इस समय गहरे सदमे में है और उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है। लगातार बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के बीच अब सबकी निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब तक दोषियों को पकड़कर इस मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा। यह हत्याकांड अब केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि सियासी और सामाजिक स्तर पर भी एक बड़ा मुद्दा बन चुका है, जिस पर हर किसी की नजर बनी हुई है।