नहर मार्ग पर रास्ता रोककर की गई थी पिटाई, पुलिस ने गुरैनी पुलिया के पास से दबोचा
खेतासराय (जौनपुर): थाना क्षेत्र में राहगीरों पर लगातार हो रहे हमलों के बीच पुलिस ने युवक पर जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस टीम ने दोनों को गुरैनी पुलिया के पास से दबोचने का दावा किया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का एक डंडा भी बरामद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय भेज दिया।
कोतवालिया कलापुर गांव निवासी मोहम्मद सलीम पुत्र चुन्नू ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि 17 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे उसका भाई मुस्तकीम गुरैनी से घर लौट रहा था। इसी दौरान नहर मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों से पहुँचे चार युवकों ने रास्ता रोककर उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की। विरोध करने पर लाठी-डंडे और हाथ में पहने पंच से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में मुस्तकीम घायल हो गया था। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे।
पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की थी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान गुरैनी गाँव निवासी शिवम यादव पुत्र सुरेंद्र यादव और दुर्गेश यादव पुत्र अमृतलाल यादव के नाम प्रकाश में आए। मंगलवार को उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार राय ने पुलिस टीम के साथ दोनों आरोपियों को साढ़े 11 बजे के करीब गुरैनी पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का एक डंडा भी बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि युवक पर हमले के मामले में प्रकाश में आए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार राय, कांस्टेबल विनोद कुमार प्रजापति, शैलेश यादव, रामदेव और सोनू कुमार गौड़ शामिल रहे।







