खेतासराय (जौनपुर): विकास खण्ड शाहगंज सोंधी के सभागार में शुक्रवार को किसानों और पशुपालकों की जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें आगामी 19 व 20 सितम्बर को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय वाराणसी में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड एवं डेयरी सर्विसेज की ओर से आयोजित होने वाले रंगीलो पशु मेला एवं मिल्किंग कॉम्पिटिशन के संबंध में जानकारी दी गई।
गोष्ठी में पशुधन प्रसार अधिकारी जयराम ने किसानों को प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों, नियमों और पात्रता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देशी नस्लों में गिर, साहीवाल, थारपारकर व गंगातीरी, विदेशी नस्लों में एचएफ व क्रॉस ब्रीड तथा भैंस वर्ग के पशुपालक प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतियोगिता में कुल 50 लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि रखी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक श्रेणी में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन के लिए प्रथम पुरस्कार 2.51 लाख रुपये, द्वितीय 1.51 लाख रुपये और तृतीय पुरस्कार 1.11 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। उन्होंने प्रगतिशील किसानों और पशुपालकों से समय रहते पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। इस दौरान एडीओ (आईएसबी) एवं एडीओ (कृषि) धर्मेंद्र कुमार सरोज ने किसानों को पशुपालन के साथ उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। गोष्ठी में क्षेत्र के कई प्रगतिशील किसान एवं पशुपालक मौजूद रहे।






