किसानों के खातों में आई क्षतिपूर्ति राशि
खेतासराय (जौनपुर): प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ फसल 2025 की क्षतिपूर्ति राशि के वितरण का भव्य कार्यक्रम शनिवार को आयोजित किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास से ‘One Click’ के माध्यम से प्रदेश के लाखों किसानों के बैंक खातों में सीधे मुआवजा राशि हस्तांतरित की, जिसका सभागार में सीधा प्रसारण ब्लॉक शाहगंज सोंधी में इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए ब्लॉक सभागार में विशेष व्यवस्था की गई थी।
यहाँ बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किसानों और विभागीय अधिकारियों को दिखाया गया। मुख्यमंत्री द्वारा बटन दबाते ही पात्र किसानों के मोबाइल पर धनराशि प्राप्त होने के संदेश आने शुरू हो गए। खरीफ सीजन 2025 के दौरान भारी बारिश एवं ओलावृष्टि से नष्ट हुई धान की फसल के लिए बीमा कंपनी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुआवजा राशि सीधे किसानों के खाते में भेजी है। ग्राम अरंद के कृषक ओम प्रकाश यादव ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उनकी नष्ट हुई फसल के बदले बीमा कंपनी द्वारा 61,909 रुपये की भारी-भरकम मुआवजा राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी गई है। खण्ड विकास अधिकारी पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि सरकार की इस ‘One Click’ पहल से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और पारदर्शिता के साथ लाभ सीधे किसानों तक पहुँच रहा है। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सरोज एवं असिस्टेंट ट्रेनिंग मैनेजर सुरेश कुमार समेत आदि लोग उपस्थित रहे।





