पहले 25 हजार था इनाम, गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बढ़ाई सख्ती
खेतासराय(जौनपुर): क्षेत्र के मनेछा बादशाही मोड़ पर बारात लेकर जा रहे दूल्हे की हत्या के मामले में नामज़द आरोपित अभी भी फरार चल रहे है। फरार चल रहे तीन अभियुक्तों पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए इनाम राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है। पहले इन अपराधियों पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जिसे अब दोगुना करते हुए 50 हजार रुपये कर दिया गया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र के वैभव कृष्ण के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। जिन अभियुक्तों पर इनाम घोषित किया गया है। उनमें प्रदीप बिन्द निवासी चकसांवा थाना बरदह जनपद आजमगढ़, रवि यादव निवासी सोंधी थाना खेतासराय जनपद जौनपुर तथा भोले राजभर निवासी जपटापुर थाना सरायख्वाजा जनपद जौनपुर शामिल हैं।
इन तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना खेतासराय में हत्या से संबंधित मुकदमा दर्ज है और ये फरार चल रहे हैं। पुलिस के अनुसार, ये अभियुक्त गम्भीर आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इनाम राशि बढ़ाए जाने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि आमजन से भी महत्वपूर्ण सूचनाएं मिलेंगी। जिससे अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी संभव हो सकेगी। पुलिस ने जनता से अपील की है कि इन अपराधियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस विभाग का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।




