खेतासराय (जौनपुर): नगर के चौहट्टा वार्ड निवासी एक युवक साइबर ठगों के जाल में फंसकर एक लाख 38 हजार रुपये गंवा बैठा। ठगों ने इंस्टाग्राम पर उसके परिचित के नाम से नकली आईडी बनाकर पहले संपर्क किया और फिर व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से आपात स्थिति का बहाना बनाकर रकम ऐंठ ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौहट्टा मोहल्ला निवासी मोहम्मद हामिद, पुत्र मोहम्मद खालिद, वर्तमान में विदेश में रहते हैं। मंगलवार को उन्हें इंस्टाग्राम पर सद्दाम अहमद के नाम से एक संदेश प्राप्त हुआ। इसके कुछ समय बाद व्हाट्सएप कॉल कर कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को सद्दाम बताते हुए कहा कि वह एयरपोर्ट पर फंसा हुआ है और तत्काल पैसों की आवश्यकता है।
विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने वेस्टर्न यूनियन की कथित छह लाख रुपये की एक रसीद भी भेजी और भरोसा दिलाया कि अतिरिक्त राशि मिलने पर वह पैसे वापस कर देगा। परिचित समझकर हामिद ने आरोपी द्वारा बताए गए विभिन्न खातों और यूपीआई माध्यमों पर कुल 1.38 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बाद में जब उन्होंने वास्तविक सद्दाम अहमद से संपर्क कर मामले की पुष्टि की, तब पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर यह धोखाधड़ी की है। जानकारी सामने आते ही पीड़ित के होश उड़ गए।
घटना के बाद पीड़ित ने साइबर सेल तथा खेतासराय थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर साइबर अपराध शाखा ने संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। पुलिस और साइबर टीम मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।




