दो प्रतिष्ठानों से लिए खाद्य सामग्री के नमूने, जाँच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खेतासराय (जौनपुर): कस्बे में शुक्रवार की देर दोपहर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक दस्तक देकर चाट के दो प्रतिष्ठानों पर जाँच-पड़ताल की। शिकायत के आधार पर हुई इस कार्रवाई से खानपान की वस्तुएं बेचने वाले दुकानदारों में हडकम्प मच गया। टीम ने दोनों स्थानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। छापेमारी की भनक लगते ही बाजार में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
जानकारी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सबसे पहले दीदारगंज मार्ग स्थित चौराहे पर संचालित एक चाट प्रतिष्ठान पर पहुँची। यहाँ खाद्य सामग्री की जाँच करते हुए नमूने लिए गए। इसके बाद टीम खुटहन रोड पर दुर्गा मन्दिर के समीप स्थित एक अन्य चाट प्रतिष्ठान पर पहुंची और वहाँ से भी खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।
अचानक हुई विभागीय कार्रवाई से बाजार में हलचल का माहौल रहा। वहीं, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बीच आमजन की सेहत का मुद्दा भी चर्चा में आ गया। कस्बे में चाट-पकौड़ी सहित अन्य खानपान की दुकानों पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और निर्धारित मानकों का पालन बेहद जरूरी माना जा रहा है।
हालांकि, विभाग की ओर से की गई नमूनों की जाँच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंजू यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर दोनों प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






