पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के हस्तांतरण कार्यक्रम का किसानों ने देखा सीधा प्रसारण, वैज्ञानिक खेती की मिली जानकारी
खेतासराय (जौनपुर): विकास खंड शाहगंज सोंधी के सभागार में शुक्रवार को कृषि विभाग की ओर से किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों को जहां आधुनिक और वैज्ञानिक खेती की बारीकियों से रूबरू कराया गया, वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। रबी अभियान के तहत दस किसानों की ऑनलाइन बुकिंग कराकर उन्हें उन्नत प्रजाति के सरसों के बीज वितरित किए गए।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर कृषि विभाग जौनपुर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह दस बजे हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के साथ ही परंपरागत खेती में आधुनिक तकनीकों का समावेश कर उत्पादन बढ़ाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजय सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी खुशहाली और आर्थिक मजबूती से ही गांवों और देश की तरक्की का रास्ता प्रशस्त होता है। उन्होंने सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से किसानों को सरसों के बीज वितरित किए।
सहायक विकास अधिकारी कृषि धर्मेंद्र कुमार सरोज एवं विषय वस्तु विशेषज्ञ नन्द किशोर ने किसानों को ऑनलाइन बीज बुकिंग की प्रक्रिया, उन्नत बीजों के चयन, वैज्ञानिक खेती तथा कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही समय से बुवाई, उचित बीज चयन और संतुलित उर्वरक प्रबंधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान रबी फसलों की बुवाई को ध्यान में रखते हुए दस किसानों की मौके पर ऑनलाइन बीज बुकिंग कराई गई और उन्हें उन्नत प्रजाति के सरसों के बीज उपलब्ध कराए गए। किसानों को खेती से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कृषि विभाग से निरंतर संपर्क बनाए रखने की सलाह भी दी गई।
इस अवसर पर नन्द किशोर, गोदाम प्रभारी राजकुमार यादव, पंकज कुमार, संतोष चौधरी, शमशाद अंसारी, अभिषेक यादव, सुरेश यादव, बृजेश कुमार, अश्विनी कुमार सहित कृषि विभाग के कर्मचारी एवं क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।





