पशुओं को स्वस्थ रखने के लिए नियमित टीकाकरण और पौष्टिक आहार जरूरी : सुनील यादव मम्मन
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मलनी जरों गांव स्थित तालाब परिसर में शनिवार को पशुपालन विभाग की ओर से बृहद पशु आरोग्य मेला शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 200 पशुपालकों को पशुओं की आवश्यक दवाएं एवं किट वितरित की गई। साथ ही पशुपालन से संबंधित चिकित्सकीय परामर्श देकर पशुओं को स्वस्थ रखने के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं करंजाकला ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव मम्मन ने किया। उन्होंने पशुपालकों को दवाएं वितरित करते हुए कहा कि पशुपालन एक महत्वपूर्ण व्यवसाय है, जिससे लोगों को दूध, घी सहित विभिन्न दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता होती है। पशुओं को स्वस्थ रखना पशुपालकों की जिम्मेदारी है। इसके लिए नियमित रूप से चिकित्सकीय सलाह लेने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार देने तथा समय-समय पर टीकाकरण कराने की आवश्यकता है।
शिविर में पशु चिकित्सकों ने पशुपालकों की समस्याएं सुनीं और आवश्यकतानुसार दवाएं एवं किट उपलब्ध कराई। आयोजन में एडवोकेट अजय कृष्ण बबलू सारंग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस दौरान पशु चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार यादव, डॉ. सुभाष शर्मा, फार्मासिस्ट अरविंद कुमार, संजय शर्मा सहित जैराम, भूपेंद्र, कैलाशचंद, अश्वनी और अतुल ने दवा वितरण एवं पशुपालकों को परामर्श देने में सहयोग किया।
अजय कृष्ण बबलू सारंग ने कहा कि शिविर से आसपास के गांवों के पशुपालकों को काफी राहत मिली है। ऐसे आयोजन पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और पशुपालन को बढ़ावा देने में सहायक हैं।






