Homeउत्तर प्रदेशजौनपुरपुलिस पिकेट के सामने महिला के गले से सोने की चेन उड़ा...

पुलिस पिकेट के सामने महिला के गले से सोने की चेन उड़ा ले गईं तीन महिलाएं

ई-रिक्शा में पैर दबाकर दिया वारदात को अंजाम, करीब 20 ग्राम की चेन लेकर फरार हुआ गिरोह

आधे घंटे बाद पहुँची पुलिस, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

खेतासराय (जौनपुर): कस्बे के मुख्य चौराहे पर पुलिस पिकेट मौजूद थी, सड़क पर लोगों की आवाजाही भी थी, लेकिन बेखौफ महिलाओं का एक गिरोह अपना काम कर गया। ई-रिक्शा में सवार एक महिला के गले से तीन महिलाओं ने करीब 20 ग्राम सोने की चेन पार कर दी और पुलिस पिकेट के सामने से ही निकल गईं। वारदात के बाद पीड़िता को इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घण्टे बाद पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस की मौजूदगी वाले स्थान पर हुई इस घटना ने कस्बे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, बीरी शमसुद्दीनपुर निवासी महगीना पत्नी मोतीलाल अपनी बहू प्रभावती के साथ अमरेथुआ गाँव में रिश्तेदार चंद्रेश के यहाँ आयोजित शुद्धक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। दोनों बीरी गाँव से ई-रिक्शा पर सवार हुईं। रास्ते में कस्बे के दुर्गा मंदिर के पास तीन अन्य महिलाएं भी उसी ई-रिक्शा में बैठ गईं। बताया जाता है कि सफर के दौरान तीनों महिलाओं ने महगीना के पैर दबाकर उन्हें उलझाए रखा और इसी बीच उनके गले से सोने की चेन निकाल ली।

इसके बाद तीनों महिलाएं मुख्य चौराहे पर पुलिस पिकेट के सामने ई-रिक्शा से उतरकर फरार हो गईं। कुछ देर बाद महगीना को गले से चेन गायब होने का एहसास हुआ तो उनके होश उड़ गए। पीड़िता के मुताबिक, चेन करीब पौने दो तोले यानी लगभग 20 ग्राम की थी, जिसकी बाजार कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।

बॉक्स खबर

पखवारे भर पहले मन्दिर में हुई चोरी का भी नहीं हुआ खुलासा

क्षेत्र के गोरारी गाँव स्थित राम जानकी ठाकुरजी महाराज मन्दिर में गत 25 अक्टूबर को हुई चोरी की घटना का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मन्दिर का ताला तोड़कर चोर तीन देवियों के गोल्ड प्लेटेड हार, माँ दुर्गा के आभूषण और दानपेटी की नकदी उठा ले गए थे। वारदात के दौरान गर्भगृह में लगा सीसीटीवी कैमरा भी मेमोरी समेत उखाड़ ले गए थे। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर जाँच की थी। मन्दिर समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसके बावजूद अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है। धार्मिक स्थल में हुई चोरी से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोग घटना के शीघ्र खुलासे और चोरी गए सामान की बरामदगी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments