JAUNPUR NEWS : बदलापुर में गूंजा हर-हर महादेव, विधायक रमेश मिश्रा के नेतृत्व में निकली ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा
Jaunpur News जौनपुर। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में निकली दो दिवसीय कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भाग लिया। डीजे और भक्ति गीतों के बीच गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा।
कांवड़ यात्रा की शुरुआत सई नदी तट से जल भरने के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं का जत्था चौरेश्वर नाथ महादेव, छंगापुर होते हुए कांधी कला स्थित करसूल नाथ धाम की ओर रवाना हुआ। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।
इस बार यात्रा को लेकर खास उत्साह इसलिए भी था क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहमति से कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा प्रस्तावित थी। लेकिन मौसम खराब होने और कम दृश्यता के चलते हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह जरा भी कम नहीं हुआ।
हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा नहीं हो पाने के बाद यात्रा मार्ग पर स्थानीय लोगों और आयोजकों ने कांवड़ियों का फूलों से स्वागत किया।
सड़क के दोनों ओर से श्रद्धालुओं पर पुष्प बरसाए गए, जिससे पूरा मार्ग फूलों से भर गया और माहौल और भी भव्य हो गया।
यात्रा में विधायक रमेश चंद्र मिश्रा भी आम शिवभक्तों के साथ कंधे पर कांवड़ लेकर पैदल चलते नजर आए। उन्होंने श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया और यात्रा में शामिल होकर शिवभक्ति का संदेश दिया।
विधायक ने कहा कि खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा संभव नहीं हो सकी, लेकिन शिवभक्तों का उत्साह और आस्था किसी भी स्थिति में कम नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बदलापुर की यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनकर सामने आई है।
खराब मौसम ने हेलीकॉप्टर रोका, लेकिन नहीं रोक सका शिवभक्तों का जोश बदलापुर की कांवड़ यात्रा आकर्षण का केंद्र रहा ।






