महरौड़ा के पास हुआ हादसा, अन्य सवारियों को भी आई हल्की चोटें
खेतासराय (जौनपुर): निर्माणाधीन सड़कों पर बिखरी बालू और अधूरे निर्माण के बीच सफर करना राहगीरों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है। रविवार सुबह खेतासराय-तिघरा मार्ग पर महरौड़ा के पास निर्माणाधीन हाईवे पर बालू में ऑटो का अगला पहिया धंसने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में महिला समेत दो लोग घायल हो गए, जबकि ऑटो में सवार अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, कलापुर निवासी अनीता (35 वर्ष) पत्नी मेवालाल राजभर दवा लेने ऑटो से खेतासराय जा रही थीं। इसी दौरान महरौड़ा के पास निर्माणाधीन हाईवे पर ऑटो का अगला पहिया बालू में धंस गया। चालक जब तक वाहन संभालने का प्रयास करता, ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में अनीता और कलापुर निवासी मुकेश राजभर का 11 वर्षीय पुत्र प्रियांशु घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और एंबुलेंस व अन्य लोगों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी पहुंचाया। जहां दोनों का उपचार चल रहा है। ऑटो में सवार अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आईं।






