पारिवारिक विवाद के बीच युवक की मौत से मचा कोहराम, आजमगढ़ का रहने वाला था मृतक
खेतासराय (जौनपुर): शादी के महज एक साल बाद ही एक विवाहिता की मांग का सिंदूर उजड़ गया। शनिवार को वाराणसी-अयोध्या रेलखंड पर मानीकलां हाल्ट के समीप वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या करने की बात सामने आई है।
आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के बेलवाना गांव निवासी शिवम यादव (28) पुत्र जितेंद्र यादव शनिवार को मेहरावां-खेतासराय रेलवे स्टेशन के बीच अप लाइन पर वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी ट्रेन संचालन से जुड़े अधिकारियों ने खेतासराय स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर की ओर से स्थानीय थाने को मेमो भेजकर हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और मृतक की पहचान कराई।
पुलिस के अनुसार शिवम की शादी करीब 12 माह पूर्व हुई थी। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के कारण युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
महज एक वर्ष पहले जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंजी थीं, वहां युवक की असमय मौत ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस ने शव को मर्चरी हाउस भिजवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना को लेकर पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।







