शाहगंज, जौनपुर। नगर स्थित पी.सी. मेमोरियल कलावती ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में अत्याधुनिक सिटी स्कैन मशीन का भव्य उद्घाटन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर अस्पताल के संचालक डॉ. प्रेम प्रकाश गौतम ने विधिवत फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना कर सिटी स्कैन सेवा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक, चिकित्सकगण व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। डॉ. गौतम ने बताया कि इस नई सुविधा से मरीजों को अब जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि सिटी स्कैन मशीन के माध्यम से दुर्घटना, हड्डी, सिर, छाती व अन्य जटिल बीमारियों की सटीक एवं त्वरित जांच संभव हो सकेगी। इस अवसर पर उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को होली एवं माहे रमजान की ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अस्पताल प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की जनता को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं सुलभ और किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।





