छात्रवृत्ति परीक्षा में पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुढ़ा का शानदार प्रदर्शन
JAUNPUR NEWS जौनपुर : पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुढ़ा ने एक बार फिर अपनी शैक्षिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा में विद्यालय के पांच मेधावी छात्रों का चयन हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण है।
इस वर्ष चयनित होने वाले छात्रों में सत्यम यादव (पुत्र गौरीशंकर यादव), आशुतोष यादव (पुत्र लालचंद्र यादव), अंजली यादव (पुत्री अरुण कुमार यादव), अनुज यादव (पुत्र बृजेश कुमार यादव) तथा निहारिका यादव (पुत्री शेरबहादुर यादव) शामिल हैं। इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर यह महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर खण्ड शिक्षा अधिकारी मड़ियाहूं श्री उदय भान कुशवाहा ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री राजकुमार, नोडल शिक्षक संकुल श्री आनंद यादव एवं ग्राम प्रधान श्री सुभाष चंद्र यादव ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया और इसे विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया।
विद्यालय परिवार ने भी छात्रों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर श्री राम आसरे, श्री वीरेन्द्र कुमार यादव एवं श्री सुरेंद्र कुमार सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय के अध्यापक एवं पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री यादवेन्द्र नाथ यादव ने बताया कि यह सफलता छात्रों की कठिन मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय की इस उत्कृष्ट उपलब्धि से क्षेत्र में प्रसन्नता की लहर है तथा अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिल रही है





