सर्वोदय इण्टर कॉलेज खुदौली में स्कूल चलो अभियान की भव्य रैली
खेतासराय (जौनपुर) क्षेत्र के सर्वोदय इण्टर कॉलेज, खुदौली में नये शैक्षिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर नये सत्र में नया सवेरा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिसके माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना रहा।
प्रधानाचार्य दिनेश कुमार गुप्ता ने रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते हुए कहा की शिक्षा ही समाज के समग्र विकास का आधार है और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय तक पहुँचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
कार्यक्रम के तहत विद्यालय के एनसीसी अधिकारी राजेश कुमार यादव तथा विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में कैडेट्स की एक जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली विभिन्न गांवों और विद्यालयों से होते हुए वासुदेव तपेश्वरी गर्ल्स इण्टर कॉलेज, खेतासराय पहुँची। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा से संबंधित नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया और बाल शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। वासुदेव तपेश्वरी गर्ल्स इण्टर कॉलेज पहुँचने पर वहाँ की प्रधानाचार्या सुनीता मिश्रा ने स्वागत किया। इस दौरान अनिल कुमार सिंह, रेखा यादव, अनिल कुमार यादव, प्रभात कुमार पाण्डेय, साफिया खान, विभा पाण्डेय सहित अन्य शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





