शाहगंज ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, विजेताओं को मेडल और प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित
खेतासराय (जौनपुर): मैदान में कहीं कबड्डी के दांव-पेच आजमाए जा रहे थे तो कहीं खो-खो में खिलाड़ी एक-दूसरे को मात देने की कोशिश कर रहे थे। कोई दौड़ में अपनी रफ्तार का दम दिखा रहा था तो कोई लंबी और ऊंची कूद में अपनी क्षमता परख रहा था। मौका था शाहगंज ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का, जहां परिषदीय विद्यालयों के नौनिहालों ने खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में शनिवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय पोरईकला के मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में विकास खण्ड शाहगंज के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित करके किया। इसके बाद बच्चों ने मार्च पास्ट कर अतिथियों का अभिवादन किया।
प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, 100 और 200 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और रस्साकसी सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। चयनित खिलाड़ी अब जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में शाहगंज ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी है। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। ग्रामीण अंचल के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, उन्हें केवल उचित मंच और प्रोत्साहन देने की जरूरत है। क्षेत्र पंचायत की ओर से खेल मैदानों और विद्यालयों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
खण्ड शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार शुक्ल ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना, उनकी छिपी प्रतिभा को निखारना और उन्हें जनपद व मंडल स्तर तक पहुंचने का अवसर देना है।
प्रतियोगिता के रेफरी व्यायाम शिक्षक अरुणेश कुमार यादव रहे। संचालन रत्नेश सिंह और सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा ने किया। इस मौके पर प्रधान फिरतू यादव, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला सह संयोजक डॉ. अभिषेक सिंह, नोडल अशोक मौर्य, वीरेंद्र कुमार, अशोक कुमार, शजल सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद कुमार शुक्ल, नजमुद्दीन, सुभाषचंद्र तिवारी, शिवानी मौर्य सहित शिक्षक, शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







