शाहगंज [ जौनपुर ] पुलिस ने 10.5 किलो गांजा के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम ओमकार वर्मा है, जो सरपतहां थाना क्षेत्र के खेतापुर बाल्मिकीपुर का निवासी है।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत शाहगंज पुलिस ने सुरिस पेट्रोल पंप के पास से ओमकार वर्मा को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 10.5 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। आरोपी का अपराधिक इतिहास भी पुलिस के लिए एक बड़ा सुराग है, जिसमें उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हुए हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह, उप निरीक्षक सैयद हसन जाफर रिजवी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र पांडेय, कांस्टेबल बृजेश मिश्रा, अमरनाथ यादव, अमन यादव, और प्रभाकर यादव शामिल रहे।
भारतीय राजनीति में भोज और खान-पान की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा आयोजित खिचड़ी भोज न केवल एक राजनीतिक पहल है, बल्कि समाज और संस्कृति के ताने-बाने को मजबूत करने का एक प्रयास भी है। खिचड़ी, जो भारत की विविधता और एकता का प्रतीक है, इस आयोजन का केंद्र बनकर राजनीति में संवाद का एक नया आयाम जोड़ती है। बीजेपी का खिचड़ी भोज एक साधारण भोजन के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का प्रयास है। इस भोज का मुख्य उद्देश्य विभिन्न जातियों, समुदायों और धर्मों के लोगों को एक मंच पर लाना है, ताकि वे सामाजिक समरसता और भाईचारे को बढ़ावा दे सकें। खिचड़ी भोज का आयोजन अक्सर त्योहारों, चुनावी प्रचार, या विशेष अवसरों पर किया जाता है। इस आयोजन के जरिए बीजेपी यह संदेश देती है कि भारतीय समाज की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। खिचड़ी, जो कई अनाजों और दालों से मिलकर बनती है, एकता और सामूहिकता का प्रतीक है।
राजनीति में भोजन का उपयोग लोगों से जुड़ने और संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम रहा है। खिचड़ी भोज के माध्यम से बीजेपी अपनी जमीनी पकड़ को मजबूत करती है। यह कार्यक्रम न केवल आम जनता को पार्टी के साथ जोड़ने का प्रयास है, बल्कि विपक्ष को भी यह संदेश देने का एक तरीका है कि बीजेपी जमीनी स्तर पर कितनी सक्रिय है। यह भोज अक्सर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित किए जाते हैं, जहां पार्टी कार्यकर्ता, नेता और आम जनता एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। इस आयोजन में जाति-धर्म से ऊपर उठकर सबको समान रूप से शामिल किया जाता है, जिससे यह संदेश जाता है कि बीजेपी समावेशिता में विश्वास करती है।
खिचड़ी भोज का प्रभाव सांस्कृतिक और सामाजिक स्तर पर भी देखा जा सकता है। यह आयोजन समाज में समरसता और एकता को बढ़ावा देता है। भारतीय संस्कृति में भोजन को एक महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है, और खिचड़ी भोज इस परंपरा को और मजबूत करता है। बीजेपी ने इस आयोजन के माध्यम से यह सिद्ध किया है कि एक साधारण भोजन भी लोगों को जोड़ने और सामाजिक मुद्दों पर संवाद करने का एक प्रभावी माध्यम बन सकता है। राजनीतिक दृष्टिकोण से खिचड़ी भोज की आलोचनाएं भी होती रहती परंतु बीजेपी का खिचड़ी भोज एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जाता है, कुछ लोग इसे राजनीतिक प्रचार का हिस्सा मानते हैं। विपक्षी दल इसे एक ऐसा आयोजन मानते हैं जो केवल वोट बैंक को प्रभावित करने के लिए किया जाता है। इसके अलावा, यह भी तर्क दिया जाता है कि केवल भोज आयोजित करने से सामाजिक समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता। असली बदलाव तभी आएगा जब इन आयोजनों के साथ ठोस नीतियों और कार्यों को जोड़ा जाए।
बीजेपी का खिचड़ी भोज भारतीय राजनीति में एक नई पहल है जो समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का प्रयास करता है। हालांकि इसके राजनीतिक उद्देश्य पर सवाल उठाए जा सकते हैं, लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक प्रभाव डालते हैं।खिचड़ी भोज न केवल भोजन का आयोजन है, बल्कि यह भारतीय राजनीति में संवाद और समावेशिता का एक महत्वपूर्ण साधन बन गया है। इसे सही दिशा में उपयोग करके समाज में वास्तविक बदलाव लाया जा सकता है।
अन्नू राजभर (शोध-छात्रा) राजनीति विज्ञान वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर
विधायक ने 150 घरौनी लाभार्थियों को सौंपे प्रमाण पत्र
24369 लोगों को मिलेगा घरौनी का लाभ, विधायक ने 150 लाभार्थियों को सौंपे प्रमाण पत्र
शाहगंज [जौनपुर] तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक रमेश सिंह ने पहले दिन पांच गांव के 150 लाभार्थियों को घरौनी के प्रमाण पत्र का वितरण किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण भी लोगों ने देखा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री सिंह ने कहा कि क्षेत्र में जमीनी मामले बहुत अधिक हैं। आबादी की जमीन के मामले में लोगों को न्यायालय जाना और लंबा समय और धन बर्बाद करना होता था। लोगों के पास आबादी की जमीन होती थी, लेकिन उनके कोई कागजात नहीं होते थे। इस गंभीर समस्या पर किसी भी सरकार ने कोई ठोस योजना नहीं बनाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रामीण इलाके के लोगों की समस्या पर गंभीर हुए और बड़ी योजना तैयार करके लोगों को उनकी जमीनों के स्वामित्व का लाभ दिया। जिससे आज वो बैंक से कर्ज लेकर रोजगार के साथ अपने भविष्य को बेहतर बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा के क्षेत्र के कुल 344 गांव में 24369 लोगों को इसका लाभ मिला है। पहले दिन उन्होंने पाईबाग, मजडीहा, डोमनपुर, मोलनापुर सबरहद और ताखा पश्चिम के 150 लाभार्थियों को घरौनी के प्रमाण पत्र का वितरण किया।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया, तहसीलदार आशीष सिंह, नायब तहसीलदार बलवंत उपाध्याय, विधायक प्रतिनिधि संतोष पांडेय, शरिक खान एडवोकेट, सोनू अली समेत भारी संख्या में लोग रहे।
दस्तावेज को सुरक्षित रखें,बेहतर भविष्य के निर्माण में काम आएगा: विजय सिंह विद्यार्थी
स्वामित्व योजना के तहत 40 ग्रामीणों को वितरित की गई घरौनी
खेतासराय (जौनपुर) विकासखण्ड शाहगंज सोंधी के सभागार में शनिवार को स्वामित्व योजना के अंतर्गत आयोजित एक कार्यक्रम में 40 ग्रामीणों को घरौनी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री के लाइव सम्बोधन को सुना, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता विजय सिंह विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री विद्यार्थी ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीणों को उनकी संपत्ति पर अधिकार प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति विवादों को समाप्त करने और विकास कार्यों को बढ़ावा देने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने का माध्यम है। सभी लाभार्थियों से अपील की कि वे अपनी संपत्ति के दस्तावेजों को सुरक्षित रखें और इसका उपयोग बेहतर भविष्य निर्माण में करें।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से सेठुआपारा से राम मिलन, रत्तीलाल, ज्ञानेंद्र, मज़डीहा से मोहम्मद अरशद, जहीर हसन, निज़ामुद्दीन समेत कुल 40 लाभार्थियों को उनके घरों की घरौनी प्रमाण-पत्र सौंपे गए। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक उदयभान सिंह, लेखपाल अशोक यादव, योगेश सिंह बाबा, चिंता हरण शर्मा, रहमान मुन्नू, सफर शेख, गोलू यादव, रमेश यादव, शेखर यादव, हर्ष सिंह, अरशद आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने किया।
JAUNPUR HINDI NEWS खेतासराय (जौनपुर) विकासखण्ड शाहगंज सोंधी क्षेत्र के खुदौली में साधन सहकारी समिति के सभापति के चुनाव में नया इतिहास रचते हुए अजीत कुमार सिंह निर्विरोध सभापति हुए। इस चुनाव में सदस्यों ने सर्वसम्मति से अजीत सिंह के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए उन्हें अपना समर्थन दिया। अजीत सिंह ने सभापति पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद कहा कि यह मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी का क्षण है।
मैं सभी सदस्यों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया। मैं वादा करता हूं कि साधन सहकारी समिति की प्रगति और किसानों के हित के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा। बी पैक्स चुनाव में इस बार शांतिपूर्ण माहौल में सकुशल सम्पन्न हो गया। चयन पर खुशी व्यक्त की और कहा कि उनका नेतृत्व समिति को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। इस दौरान मुख्य रूप से प्रधानाचार्य दिनेश कुमार गुप्ता, राजेश यादव, विनोद मिश्रा, अनिल सिंह, रेखा यादव समेत आदि लोगों ने जीत बधाई दिया।
JAUNPUR NEWS : मंदिर से लगभग दो क्विंटल भार के दर्जनों घंटे व नकदी चोरी
खुटहन ( जौनपुर ):असरफगढ़ गांव के औघड़ बाबा मंदिर के दरवाजे का ताला शुक्रवार की रात रेत कर अज्ञात चोरों ने दो दर्जन से अधिक पीतल के घंटे व दान पेटी में रखा लगभग 11 सौ रुपए पार कर दिया। चोरी गए घंटों का वजन दो क्विंटल के आस- पास बताया जाता है।
इसी गांव निवासी व मंदिर के पुजारी राजेन्द्र महराज नित्य की भांति शाम को आरती पूजा के बाद मंदिर के दरवाजे में ताला बंद कर घर चले गए। सुबह जब मंदिर कि साफ सफाई करने पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा देखा। भीतर गये तो वहां टंगे दो दर्जन से अधिक घंटे नदारद थे। दान पेटी भी खुली हुई थी। उसमें रखा 11 सौ रुपए के सिक्के गायब थे। जानकारी होते ही तमाम ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जांच पड़ताल किया। पुजारी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है ।
25 जनवरी को 15वाँ राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा,डीएम जौनपुर
25 जनवरी को 15वाँ राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा JAUNPUR NEWS
जौनपुर :15वाँ राष्ट्रीय मतदाता दिवस को लेकर डीएम ने बुलाई बैठक जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अक्षयबर चौहान द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के संबंध में आज एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय मतदाता दिवस जनपद स्तर व विधानसभा स्तर पर बृद्ध रुप से मनाये जाने हेतु चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 25 जनवरी को 15वाँ राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर्ष उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
सभी विधानसभा स्तर व समस्त मतदान केंद्रों पर कार्यक्रम होगा और मतदाता शपथ दिलाई जायेगी तथा नये युवा मतदाता को ईपिक कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा। मुख्य कार्यक्रम टी डी इन्टर कालेज में दिन में 11 बजे से आयोजित है।
15th National Voters’ Day will be celebrated on 25th January नगर के सभी इन्टर व डिग्री कालेज से छात्र छात्राएं अपने कालेज से मतदाता जागरूकता रैली लेकर बैनर के साथ मुख्य कार्यक्रम स्थल टी डी इन्टर कालेज पहुंचेगे, जहाँ पर मतदाता जागरूकता विषय पर रंगोली, मेहंदी व पोस्टर स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित होगी, तथा विजेताओं व उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा।उन्होंने सभी लोगों से अपील किया कि निर्वाचन आयोग की मंशा नुसार राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूर्ण मनोयोग एंवम हर्ष उल्लास के साथ मनाया जाय। मीटिंग में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश चतुर्वेदी, जिला स्वीप कोआर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
jaunpur News: ई-लाटरी के माध्यम से 96 कृषको का चयन
JAUNPUR NEWS जौनपुर : ई-लाटरी से कृषि यंत्रों हेतु 96 कृषको का हुआ चयन जिलाधिकारी डा0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में गठित कृषि यंत्रीकरण की 15 सदस्यीय जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति की निगरानी में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उन्नति शील कृषि यंत्रो के 96 लक्ष्य के सापेक्ष ई-लाटरी के माध्यम से 96 कृषको का पारदर्शी तरीके से चयन किया गया।
एलईडी लगाकर पहले किसानों को डेमो के रूप में मार्क ड्रील करके दिखाया गया, फिर ई- लाटरी द्वारा चयन किया गया। 10 हजार रुपये से अधिक अनुदान वाले कृषि यंत्रों के लिए 23 रोटावेटर,11 कस्टम हायरिंग सेंटर, 5 कंबाइन हार्वेस्टर, 3 पावर टिलर,5 कल्टीवेटर, पाच स्ट्रा रीपर, 11 थ्रेशर, एक मिनीराइस मिल और 17 चैफ कटर, सात हैरो के लिए किसानों का चयन किया गया। कार्यक्रम का संचालन उप परियोजना निदेशक आत्मा डा. रमेश चंद्र यादव ने किया। पारदर्शी तरीके से ई – लाटरी से कृषि यन्त्रो हेतु कृषको के चयन की प्रक्रिया को किसानों ने सराहा।
इस मौके पर उपनिदेशक कृषि हिमांशु पाण्डेय, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, एलडीएम,कृषि वैज्ञानिक डा. रत्नाकर पाण्डेय, जिला गन्ना अधिकारी सहित इन्द्रशेन सिंह, प्रेमचंद मौर्य, कमलेश यादव, जुनेद अहमद, आतीस तिवारी, आशा, मालती देवी आदि किसान मौजूद रहे।
कर्मचारियों के संघर्ष का परिणाम है आठवें वेतन आयोग का गठनः डॉ प्रदीप सिंह
कर्मचारियों के संघर्ष का परिणाम है आठवें वेतन आयोग का गठनः डॉ प्रदीप सिंह
JAUNPUR NEWS जौनपुर 17 जनवरी : राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ प्रदीप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आठवें वेतन आयोग के गठन से केंद्र एवं राज्य सरकार के कर्मचारियों,शिक्षकों एवं पेंशनर्स में खुशी की लहर है तथा यह सरकार का स्वागत योग्य कदम है। केंद्र सरकार द्वारा लंबे समय से केंद्र एवं राज्य कर्मचारी संगठनों द्वारा की जा रही मांग पर अपनी हठवादिता को छोड़ते हुए आठवें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी दी है l
जिसके लिए जनपद के कर्मचारी एवं शिक्षक संगठन केंद्र का धन्यवाद ज्ञापित करते हैं।सातवें वेतन आयोग का गठन अब से 10 वर्ष पूर्व 2014 में हुआ था जिसकी समाप्ति 31 दिसंबर 2025 को होगी तथा 01 जनवरी 2026 से केंद्र एवं राज्य सरकार के कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों का लाभ मिलेगा। डॉ सिंह ने कहा कि आठवें वेतन आयोग में निश्चित समय सीमा में समस्त संवर्गों को समाहित करते हुए वेतनभोगियों एवं पेंशनर्स के पक्ष में सम्यक कल्याणकारी निर्णय लिया जाए जिसमें किसी भी प्रकार की विसंगति न हो। उन्होंने कहा कि आशा है केंद्र में लागू हो जाने के बाद पारंपरिक रूप से उत्तर प्रदेश सरकार भी इसे अपने प्रदेश के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए अति शीघ्र लागू कर देगी। परिषद के जिला मंत्री देवेश कुमार यादव ने आठवें वेतन आयोग के गठन पर सरकार को धन्यवाद देते हुए पुरानी पेंशन हेतु भी सकारात्मक पहल करने की अपील की।
[ शाहगंज ] जौनपुर कोतवाली क्षेत्र के बीबीगंज चौकी अंतर्गत गोड़िला गाँव स्थित शीतनगर में नवनिर्मित मंदिर में माँ दुर्गा की शुक्रवार को धूमधाम से प्राण-प्रतिष्ठा कर मूर्ति स्थापना की गई।प्राण प्रतिष्ठा से पहले एक सप्ताह तक धार्मिक अनुष्ठान में पुरोहित ने वैदिक मंत्रों का जाप किया। उसके बाद रामायण पाठ कार्यक्रम आयोजित कर हवन पूजन एवं विविध धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्घालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
मूर्ति स्थापना कार्यक्रम के तहत शुक्रवार सुबह 11 बजे से मां दुर्गा की शोभायात्रा गोड़िला गांव से प्रारम्भ होकर शिवराजपुर, चक हाकिमी, कुड़ियारी तक भ्रमण किया।शाम करीब चार बजे मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच माँ दुर्गा की मूर्ति स्थापना की गई।नवनिर्मित मंदिर परिसर में मुख्य पुजारी मिथिलेश चंद्र पाण्डेय, संदीप पाठक, भागवत मिश्रा द्वारा मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई।
कार्यकम संयोजक शंकर गौड़ ने कहा कि भगवान सदैव हमें सामाजिक समरसता, भाईचारा, जीवदया आदि का संदेश देते रहे है। हमें भी इनसे प्रेरणा लेकर माता-पिता, गुरु एवं जीव की सेवा करना चाहिए। समाज में आपसी मेलजोल को बढ़ावा देते हुए सामाजिक समरसता को बनाए रखने में भी आगे रहना चाहिए।इस दौरान तिलकधारी गौड़, रामधारी गौड़, प्रफुल्ल गौड़, मूलचंद गौड़, फूलचंद गौड़, साहिल गौड़, प्रिंस गौड़, प्रियांशु गौड़ आदि लोग उपस्थित रहे।