मीडिया कार्यालय पर शोक सभा कर दी गई श्रद्धांजलि
खेतासराय (जौनपुर): क्षेत्र के पाराकमाल गाँव निवासी एवं अमर उजाला के पत्रकार अज़ीम सिद्दीकी की माता रोशनजहाँ (65 वर्ष) का रविवार प्रातः लगभग 8 बजे आकस्मिक निधन हो गया। इस दुःखद समाचार के फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के साथ-साथ पत्रकारिता जगत एवं उनके शुभचिंतकों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया।
स्वर्गीय माता जी का निधन न केवल परिवार के लिए, बल्कि समाज के लिए भी एक अपूरणीय क्षति के रूप में देखा जा रहा है। माता का स्थान जीवन में सर्वोपरि होता है, और उनके स्नेह, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद के बिना जीवन अधूरा प्रतीत होता है। इस दुखद घड़ी में क्षेत्र के लोग एवं पत्रकार साथी अज़ीम सिद्दीकी के साथ खड़े नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता उनके आवास पर लग गया। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने पहुँचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
इसी क्रम में कस्बा स्थित मीडिया कार्यालय पर एक शोक सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार आनंद सिंह ने की। उन्होंने कहा कि माता का साया जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होता है और उसका चले जाना अत्यंत पीड़ादायक होता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल दें।
इस दौरान उपस्थित पत्रकारों एवं नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोक सभा में वरिष्ठ पत्रकार राममूर्ति यादव, विवेक श्रीवास्तव, यूसुफ खान, फहीम अहमद, राकेश शर्मा, उमेश सिंह (बाबा), मोनू श्रीवास्तव सहित अनेक पत्रकार एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरेश कुमार ने किया।




