“एक पेड़ माँ के नाम” पौधरोपण महाअभियान — जनपद जौनपुर में व्यापक तैयारी, 12 जुलाई को विशाल पौधरोपण कार्यक्रम
नोडल अधिकारी ने बैठक कर पौधरोपण महाअभियान तैयारी की ली जानकारी
जौनपुर । उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद जौनपुर में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियाँ पूरी गति से चल रही हैं।
इस महाअभियान की बैठक लोक निर्माण विभाग (डाक बंगला) में महानिदेशक मत्स्य/नोडल अधिकारी पौधारोपण मा. धनलक्ष्मी जी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. ने बताया कि जनपद को कुल 60,73,400 पौधरोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है और इसे शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान आरंभ कर दिया है। मुख्य वृक्षारोपण कार्यक्रम विकास खण्ड करंजाकला के काफरपुर में आयोजित होगा, जिसमें मा. राज्य मन्त्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्री गिरीश चंद्र यादव भाग लेंगे।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम सतत सक्रिय है। कंट्रोल रूम सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय कर अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा कर रहा है। गड्ढों की खोदाई, पौधों का उठान व वितरण तथा वृक्षारोपण स्थलों की तैयारियों की अद्यतन जानकारी कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।
डीएफओ ने बताया कि वन विभाग ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की है। नर्सरियों से पौधों का उठान तीव्र गति से किया जा रहा है तथा ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों को पौधों का वितरण जारी है। साथ ही पूर्व में तैयार किए गए गड्ढे और भूमि की तैयारी युद्धस्तर पर चल रही है।जिला प्रशासन ने आमजन, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों से इस महाअभियान में अधिकाधिक भागीदारी की अपील की है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम को जनआंदोलन की तरह चलाया जाए और लगाए गए प्रत्येक पौधे की दीर्घकालिक सुरक्षा, सिंचाई तथा नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए।
कृषि विभाग, पीडब्ल्यूडी सहित उन विभागों को विशेष सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं जिनके लक्ष्य अधिक आवंटित हैं। पौधारोपण स्थलों का पूर्व सत्यापन, गड्ढों की तैयारी, पौधों की उपलब्धता व उठान, सिंचाई, जियो-टैगिंग और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। समन्वय व सतत मॉनिटरिंग के लिए वन विभाग को नोडल विभाग नामित किया गया है।जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम से किसी भी प्रकार की सूचना, समन्वय या सहायता हेतु 9454417117 संपर्क नंबर हैं इस अवसर पर डीएफओ दिव्या,मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, पी. डी.के के पांडेय, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, डी.पी.आर. ओ. नवीन सिंह, डी सी मनरेगा, सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



