मानीकलां हाल्ट के पास से दबोचे गए आरोपित, भेजे गए चालान
खेतासराय(जौनपुर): गत दिनों क्षेत्र के बरंगी चौराहे पर मेडिकल स्टोर पर हुई मारपीट और खूनी झड़प के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया। जबकि अन्य नामजद व अज्ञात आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मुखबीर की सूचना व निशानदेही पर क्षेत्र के मानीकलां हाल्ट के पास से आरोपित रिजवान पुत्र नन्हे उर्फ अब्दुल अहद (23) एवं इब्राहिम पुत्र एजाज (29) निवासीगण मानीकलां को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक मोहम्मद फैज़ और उनके पिता गयासुद्दीन के साथ हुई मारपीट के मामले में वांछित चल रहे थे। इस घटना में बाप-बेटा गम्भीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें बुज़ुर्ग गयासुद्दीन की हालत नाज़ुक होने पर जिला अस्पताल रेफ़र किया गया था।
थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों को विधिक कार्रवाई करते हुए चालान न्यायालय भेज दिया गया। बाकी अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उनको भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्यवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मोहम्मद तारिक अंसारी, कांस्टेबल देवी प्रसाद तथा रिक्रूट आरक्षी शुभम यादव शामिल रहे।





