टेस्ट में बेहतर प्रदर्शन पर पूरी फीस माफ, 11 से शुरू होगी मेधा परीक्षा
शाहगंज, जौनपुर। नगर के अयोध्या मार्ग स्थित रेलवे गेट के सामने सेंट जार्ज पब्लिक स्कूल में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्कूल प्रबंधक चंचल जायसवाल द्वारा किया गया, जिसमें मेधावी एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के लिए विशेष निःशुल्क शिक्षा योजना की जानकारी दी गई।
प्रबंधक ने बताया कि नर्सरी से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों के लिए यह योजना लागू की गई है। इसके तहत छात्र-छात्राओं का चयन मेधावी टेस्ट के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें सफल होने वाले बच्चों को प्रतिशत के आधार पर फीस में छूट दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि मेधा परीक्षा 11, 18 और 25 मई 2026 को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक स्कूल परिसर में आयोजित होगी। इस परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए एडमिशन की प्रक्रिया भी पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है।
प्रबंधक के अनुसार, परीक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी। वहीं 50 से 59 प्रतिशत अंक पाने वाले विद्यार्थियों को मासिक शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।
चंचल जायसवाल ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी बच्चों को शिक्षा से वंचित होने से बचाना है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और स्कूल इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।
चित्र परिचय: सेंट जार्ज पब्लिक स्कूल में पत्रकार वार्ता के दौरान योजना की जानकारी देते प्रबंधक चंचल जायसवाल।
- Mohammad kasim




