Homeउत्तर प्रदेशजौनपुरसड़क पर मामूली बात बनी बवाल, ट्रक चालक व बाइक सवार में...

सड़क पर मामूली बात बनी बवाल, ट्रक चालक व बाइक सवार में खूनी झड़प

  • राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कराया बीच-बचाव

खेतासराय(जौनपुर): क्षेत्र के मनेछा यूनुसपुर गाँव में बुधवार देर शाम ट्रक चालक और बाइक सवार के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुँच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और ट्रक सहित चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम लगभग 7:30 बजे जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर मनेछा मोड़ के पास यह घटना हुई। मारूफपुर निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद कासिम पुत्र मो. तारिक ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया है कि वह बाजार से रोटी खरीदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान मनेछा मोड़ के पास उसकी रोटी सड़क पर गिर गई, जिसे वह उठाने लगा। तभी वहाँ पहुँचे ट्रक चालक रविंद्र कुमार (50 वर्ष), निवासी ग्राम पतहना, थाना सरायख्वाजा (हाल पता: मनेछा, थाना खेतासराय) ने उसे गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। कासिम का आरोप है कि इस दौरान उसके सिर पर गम्भीर चोट लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

वहीं, ट्रक चालक रविंद्र कुमार का कहना है कि वह अपनी गाड़ी सड़क पर खड़ी कर किसी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान अचानक स्थिति बिगड़ गई और बचने के प्रयास में उसकी गाड़ी सड़क किनारे खड्डे में फंस गई। चालक के अनुसार, इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और कुछ लोग आक्रोशित होकर उसकी ओर बढ़ने लगे। स्थिति से बचने के लिए वह ट्रक के अन्दर चला गया। उसने बताया कि कुछ लोग जबरन खिड़की के जरिए अन्दर घुसने का प्रयास कर रहे थे, जिससे घबराकर उसने अपने बचाव में रिंच (पाना) से उन्हें डराने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह एक व्यक्ति के सिर में लग गया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया और किसी तरह मामला संभाला। सूचना मिलने पर खेतासराय थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने ट्रक और चालक को अपने कब्जे में ले लिया है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। मामले में तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जाँच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments