खेतासराय(जौनपुर): सेन्ट तुलसी ग्लोबल स्कूल, आमगांव फुलेश का हाईस्कूल परीक्षा परिणाम इस वर्ष अत्यंत उत्कृष्ट रहा। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर शानदार सफलता अर्जित की, जिससे पूरे क्षेत्र में विद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ है।

इस वर्ष के परिणामों में प्रमुख रूप से शौर्य सिंह ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, श्रेयांश चौरसिया ने 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा अभिनव सिंह ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। इन सभी विद्यार्थियों की सफलता न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों का परिणाम है, बल्कि विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का भी प्रतीक है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार यादव ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों की मेहनत और विद्यालय के शैक्षिक वातावरण का प्रतिफल है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी विद्यार्थी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।

विद्यालय के प्रबंधक दुर्गेश सिंह ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और विद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध होगी। वही अभिभावक भी विद्यालय की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।





