स्ववित्तपोषित योजना के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों की नियुक्ति मौलिक प्रकृति की – हाई कोर्ट
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के स्ववित्तपोषित योजना के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई में इलाहाबाद उच्च न्यायालय का एक अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय सामने आया है। डॉ. नीरज श्रीवास्तव बनाम अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा एवं अन्य (रिट याचिका संख्या 3771/2023) में 16 नवंबर 2026 को पारित निर्णय में न्यायालय ने याचिकाकर्ता की नियुक्ति को मौलिक प्रकृति की नियुक्ति स्वीकार किया तथा नियमानुसार शिक्षकों को देय न्यूनतम वेतनमान के आधार पर बकाया भुगतान की कार्यवाही चार सप्ताह में पूरी करने का निर्देश दिया।
न्यायालय ने निर्णय के पैरा 11 में स्पष्ट कहा कि याचिकाकर्ता की नियुक्ति मौलिक प्रकृति की थी और तथ्यों एवं परिस्थितियों में लागू विधि भी इसी निष्कर्ष का समर्थन करती है। यह टिप्पणी स्ववित्तपोषित योजना के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों की नियुक्ति की प्रकृति और उनके सेवा अधिकारों के संबंध में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
निर्णय के पैरा 13 में न्यायालय ने शिक्षकों को नियमानुसार देय न्यूनतम वेतनमान के आधार पर बकाया राशि की गणना कर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। विश्वविद्यालय को नियंत्रक प्राधिकारी के रूप में इस प्रक्रिया को पूरा कराने की जिम्मेदारी दी गई है तथा प्रमाणित प्रति प्राप्त होने के चार सप्ताह के भीतर गणना, अनुमोदन और भुगतान की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस निर्णय के दूरगामी प्रभावों का विश्लेषण करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय परिसर शिक्षक संघर्ष समिति के प्रतिनिधि सदस्य डॉ. अनुराग मिश्र ने कहा कि यह निर्णय केवल बकाया वेतन भुगतान तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में स्ववित्तपोषित शिक्षकों के शैक्षणिक और सेवा संबंधी अधिकारों के लिए अनेक नए रास्ते खोल सकता है।
डॉ. मिश्र के अनुसार, जब न्यायालय ने नियुक्ति को मौलिक प्रकृति की स्वीकार किया है, तो इसके आधार पर नियुक्ति की तिथि से देय संपूर्ण बकाया वेतन और अन्य अनुमन्य वित्तीय लाभों का दावा महत्वपूर्ण हो जाता है। इसी प्रकार, नियुक्ति की तिथि से सेवा की गणना होने पर शिक्षकों की वरिष्ठता, पदोन्नति तथा सह-आचार्य और आचार्य जैसे पदनामों से संबंधित दावों को भी नया विधिक आधार मिल सकता है। आने वाले समय में सरकार और विश्वविद्यालयों को इन प्रश्नों पर नियमानुसार निर्णय लेना होगा।
उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के वेतनमान के अंतर्गत निर्धारित सेवा अवधि पूरी करने वाले शिक्षकों के लिए भी यह निर्णय महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। जिन शिक्षकों की सेवा दस वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है, उनके नियमितीकरण के प्रश्न पर भी नए सिरे से विचार का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। इस संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के विभिन्न निर्णयों में निर्धारित विधिक सिद्धांतों का परीक्षण करते हुए स्ववित्तपोषित शिक्षकों के मामलों पर विचार किया जाना चाहिए।
डॉ. मिश्र ने कहा कि इस निर्णय का वास्तविक महत्व इसके व्यापक प्रभाव में निहित है। यह प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में वर्षों से कार्यरत स्ववित्तपोषित शिक्षकों के वेतन, वरिष्ठता, पदोन्नति और सेवा संबंधी अधिकारों की स्थापना के लिए एक महत्वपूर्ण न्यायिक आधार उपलब्ध करा सकता है। अब आवश्यकता है कि राज्य सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन इस निर्णय की भावना को समझते हुए शिक्षकों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करें।
डॉ. अनुराग मिश्र ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय स्ववित्तपोषित शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और इसके आधार पर भविष्य में शिक्षा तथा शिक्षक हितों से जुड़े कई अन्य विषयों पर न्याय का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है।
अंत में, इस महत्वपूर्ण न्यायिक सफलता के लिए डॉ. नीरज श्रीवास्तव को हार्दिक बधाई एवं उनके संघर्ष के प्रति समस्त स्ववित्तपोषित शिक्षकों की ओर से साधुवाद।





